25 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कांवड़ियों के लिए CM योगी की पाती, बोले- सुरक्षा और सुविधा हमारी जिम्मेदारी

CM Yogi Adityanath: सीएम योगी ने कांवड़ियों के नाम पाती में यात्रा को सुरक्षित और सम्मानपूर्ण बनाने का संदेश दिया। उन्होंने अनुशासन, सेवा, पर्यावरण संरक्षण और एंबुलेंस व स्कूल वाहनों को प्राथमिकता देने की अपील की।
2 min read
Google source verification

लखनऊ

•

image

Ankit Sai

•

Aug 10, 2026

CM Yogi Adityanath

सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो- पत्रिका)

UP Kanwar Yatra News: उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिवभक्तों के नाम खास संदेश जारी किया है। अपनी पाती में उन्होंने कहा कि हर कांवड़िए की यात्रा सम्मान और सुरक्षित तरीके से पूरी हो, इसके लिए यूपी सरकार पूरी तरह से तैयार है। सीएम योगी ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन, संयम और सेवा की भावना बनाए रखने की अपील की। उन्होंने पर्यावरण-अनुकूल कांवड़ अपनाने, प्लास्टिक से दूरी बनाने और रास्ते में एंबुलेंस व स्कूल वाहनों को प्राथमिकता देने की भी अपील की है।

कांवड़ यात्रा में भेदभाव से ऊपर आस्था- सीएम योगी

सीएम योगी ने अपनी पाती में कहा कि श्रावण में निकलने वाली कांवड़ यात्रा सिर्फ धार्मिक यात्रा नहीं है, बल्कि यह समाज, संस्कृति, अनुशासन और लोकजीवन से जुड़ी परंपरा है। हर साल करोड़ों श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होकर भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हैं।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की पहचान एक ही होती है, कांवड़िया। भगवा वस्त्र, कंधे पर कांवड़ और मन में भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा इस यात्रा की पहचान है। यात्रा में जाति, वर्ग, भाषा, क्षेत्र और आर्थिक भेद पीछे छूट जाते हैं।

कांवड़ यात्रा तप, सेवा और एकता का संदेश

योगी आदित्यनाथ ने समुद्र मंथन की कथा का उल्लेख करते हुए बताया कि भगवान शिव ने सृष्टि की रक्षा के लिए विष अपने कंठ में धारण किया और नीलकंठ कहलाए। विष की गर्मी शांत करने के लिए देवताओं ने उनका गंगाजल से अभिषेक किया। इसी से श्रावण में गंगाजल अर्पित करने की परंपरा जुड़ी मानी जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा तप, सेवा, आत्मसंयम और एक-दूसरे की मदद करने का संदेश देती है। उन्होंने उन शिवभक्तों का भी जिक्र किया जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद यात्रा पूरी करते हैं। इनमें कई दिव्यांग श्रद्धालु भी शामिल होते हैं।

कांवड़ियों के लिए खास इंतजाम

मुख्यमंत्री ने बताया कि कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए यात्रा मार्गों पर कई व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पुष्पवर्षा, साफ-सफाई, शिविर, शुद्ध पेयजल, चिकित्सा सुविधा, शौचालय और प्रकाश की व्यवस्था की गई है। यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए भी इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि निगरानी व्यवस्था के जरिए यात्रा को सुचारु बनाने की कोशिश की जा रही है। सरकार का उद्देश्य है कि हर शिवभक्त बिना परेशानी अपनी यात्रा पूरी कर सके।

प्लास्टिक से दूरी बनाने की अपील

सीएम योगी ने कांवड़ियों से पर्यावरण-अनुकूल कांवड़ अपनाने और प्लास्टिक मुक्त जीवन का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान छोटी-छोटी सावधानियां भी समाज के लिए बड़ी मदद साबित हो सकती हैं। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि यदि यात्रा मार्ग पर एंबुलेंस या विद्यालय का वाहन दिखाई दे तो उसे पहले रास्ता दिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन कांवड़ यात्रा की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।