
यूपी विधानसभा में हंगामा
UP Monsoon Session News: उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन सदन में हंगामे के चलते कार्यवाही स्थगित कर दी गई। समाजवादी पार्टी के विधायकों ने कई मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राम मंदिर चंदा मामले पर चर्चा की मांग की। विपक्ष के विरोध के बीच विधानसभा की कार्यवाही 12:20 बजे तक के लिए रोक दी गई। वहीं, आज योगी सरकार विधानसभा में अनुपूरक बजट पेश करने जा रही है, जिसे लेकर कैबिनेट बैठक भी आयोजित की गई है।
मानसून सत्र के दूसरे दिन समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों के विधायक हाथों में तख्तियां लेकर विधानसभा पहुंचे। इन तख्तियों पर शिक्षक भर्ती में आरक्षण, नीट पेपर लीक समेत कई मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारे लिखे गए थे। विपक्षी विधायकों ने विधानसभा परिसर में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विभिन्न मुद्दों पर जवाब मांगा।
समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान ने अनुपूरक बजट को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार पहले जो बजट लेकर आई, उसमें कितना खर्च हुआ यह बताना चाहिए। अतुल प्रधान ने कहा कि आज के बजट से कोई फर्क नहीं पड़ता। मुख्यमंत्री ने कहा था दूध का दूध और पानी का पानी कर देंगे, लेकिन आज तक पता नहीं चला कि क्या हुआ।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने भी अनुपूरक बजट को लेकर योगी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो सरकार अपना मूल बजट ही 30 से 50 प्रतिशत तक खर्च नहीं कर पाई, वह अब अनुपूरक बजट के जरिए अपनी नाकामी छिपाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर जारी बयान में कहा कि प्रभु राम के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा को रामलला के दरबार में चढ़ावे को लेकर उठे सवालों और गड़बड़ियों पर जवाब देना चाहिए। जब इन मामलों में जवाबदेही तय नहीं हो पाई, तो प्रदेश के खजाने की जवाबदेही पर जनता कैसे भरोसा करे।
सदन में बजट पेश करने से पहले योगी कैबिनेट की अहम बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में कई प्रस्तावों पर चर्चा होगी। कैबिनेट की मंजूरी के बाद इन्हें विधानसभा में पेश किया जाएगा। सरकार की कोशिश है कि अनुपूरक बजट के जरिए विकास योजनाओं को रफ्तार दी जा सके।
Updated on:
04 Aug 2026 12:16 pm
Published on:
04 Aug 2026 11:40 am
