
आजम की जौहर यूनिवर्सिटी पर अखिलेश का पलटवार
Jauhar University News: रामपुर में जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर चल रहा विवाद अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) की ओर से यूनिवर्सिटी के 40 में से 38 भवनों को ध्वस्त करने के आदेश के विरोध में समाजवादी पार्टी ने अपना आंदोलन और तेज कर दिया है। सपा पार्टी के सांसदों और पूर्व सांसदों का प्रतिनिधिमंडल जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचा और कई दिनों से धरने पर बैठे छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर उन्हें समर्थन दिया। नेताओं ने भरोसा दिलाया कि यूनिवर्सिटी को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर गठित इस प्रतिनिधिमंडल में सांसद इकरा हसन, मुरादाबाद सांसद रुचि वीरा, संभल सांसद जियाउर्रहमान बर्क समेत कई नेता शामिल रहे। सबसे पहले सांसद इकरा हसन रामपुर के गेस्ट हाउस पहुंचीं। इसके बाद रुचि वीरा, जियाउर्रहमान बर्क और अन्य सदस्य वहां पहुंचे। सभी नेताओं ने बंद कमरे में बैठक की और फिर एक साथ जौहर यूनिवर्सिटी के लिए रवाना हुए।
प्रतिनिधिमंडल ने यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर धरना दे रहे छात्र-छात्राओं से बातचीत की। इस दौरान नेताओं ने कहा कि पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है और उनके भविष्य से जुड़ा यह मामला हर मंच पर उठाया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि शिक्षा संस्थानों को बचाना सभी की जिम्मेदारी है। मुरादाबाद से सांसद रुचि वीरा ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी शिक्षा का मंदिर है और इसे किसी भी कीमत पर गिरने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ध्वस्तीकरण का आदेश गलत है।
संभल से सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि यूनिवर्सिटी को ध्वस्त करने का आदेश वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा संसद में उठाया जाएगा। सपा नेताओं का कहना है कि यदि प्रशासन ने कार्रवाई नहीं रोकी तो कानूनी विकल्प भी अपनाए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा ताकि यूनिवर्सिटी को ध्वस्तीकरण से बचाया जा सके।
समाजवादी पार्टी का आरोप है कि जौहर यूनिवर्सिटी के भवनों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई शिक्षा के अधिकार और संविधान की भावना के विपरीत है। पार्टी का कहना है कि यूनिवर्सिटी में गरीब, पिछड़े, दलित और अन्य वर्गों के हजारों छात्र-छात्राएं नाममात्र की फीस पर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे में यदि भवनों को ध्वस्त किया गया तो सबसे बड़ा नुकसान विद्यार्थियों के भविष्य को होगा। पार्टी ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल जिला अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग करेगा।
इससे पहले भी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी के विधायकों और पूर्व विधायकों का प्रतिनिधिमंडल भी रामपुर पहुंचा था। उन्होंने भी आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर समर्थन जताया था। सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर गठित प्रतिनिधिमंडल जिला प्रशासन से मुलाकात करेगा और पूरे मामले पर विस्तार से चर्चा करेगा।
Updated on:
25 Jul 2026 06:09 pm
Published on:
25 Jul 2026 06:07 pm
