
हाथरस. प्रशासन से इजाजत मिलने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) व कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) हाथरस में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। राहुल-प्रियंका के साथ तीन अन्य कांग्रेस नेता परिवार के घर गए। प्रियंका गांधी ने घर जाकर सबसे पहले मृतका की मां को गले लगाया व उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने मां से कहा कि इस संकट की घड़ी में कांग्रेस आपके साथ है। करीब आधे घंटे चली मुलाकात के बाद दोनों घर से बाहर आए। मीडिया से मुखातिब होते हुए राहुल गांधी ने कहा कि दुख की इस घड़ी में हम परिवार के साथ है। न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। हम अन्याय के खिलाफ खड़े हैं। वहीं प्रियंका ने कहा कि बेटी के साथ जो हुआ वह बहुत ही गलत है। अंत में बेटी का चेहरा तक नहीं देख पाया परिवार।
इससे पहले सुबह मीडियाकर्मियों को पीड़ित परिवार से मिलने के पुलिस ने बैरिकेडिंग हटा दी। वहीं दोपहर दो बजे सीएम योगी के निर्देशानुसार डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी व यूपी सरकार के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने हाथरस जाकर परिवार से मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने की भरोसा दिया। पीड़ित परिवार से मिलने के बाद डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी तथा अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने हाथरस पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में मीडिया से वार्ता में बताया कि हमने परिवार के साथ वार्ता में उनकी हर शिकायत का संज्ञान लिया है। हमने उन्हें आश्वस्त किया है कि जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। इस केस से संबंधित उनकी हर शिकायत का निस्तारण होगा। डीजीपी एससी अवस्थी ने उनको नोट भी किया है। इसका निर्देश एसआइटी को भी दिया गया है।
हाथरस जाने को लेकर खूब हुआ हंगामा-
इससे पहले राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा के हाथरस जाने को लेकर काफी तमाशा हुआ। वे सुबह दिल्ली से निकले थे। राहुल और प्रियंका के अलावा अन्य कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने डीएनडी पर रोक लिया गया। वहां जबरदस्त हंगामा हुआ है। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज भी हुआ। पुलिस और प्रशासन ने सिर्फ पांच काग्रेस नेताओं को राहुल गांधी, प्रियंका वड्रा, रणदीप सुरजेवाला, गुलाम नबी आजाद और केसी वेणुगोपाल हाथरस जाने की इजाजत दी गई। इसे देखते हुए यूपी बोर्डर से लेकर हाथरस तक उत्तर प्रदेश पुलिस सतर्क हो गई है।