उत्तर प्रदेश के हाथरस भगदड़ कांड के मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उसके वकील ने बताया कि देवप्रकाश मधुकर अपना इलाज करवा रहे थे। जानिए क्या है पूरा मामला।
हाथरस में हुए भयावह भगदड़ कांड के बाद जांच कमेटी ने भोले बाबा के सबसे खास सेवादार देव प्रकाश मधुकर को मुख्य आरोपी बनाया था। अब उसे पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है।
आपको बता दें कि पुलिस ने हाल ही में मधुकर के ऊपर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। जिस दिन हादसा हुआ उसके बाद से ही बाबा और उनका साथी मधुकर दोनों फरार थे। अभी तक बाबा का पता तो नहीं चल पाया है लेकिन उसके मुख्य सेवादार को पुलिस ने पकड़ लिया है।
भोले बाबा पक्ष के वकील एपी सिंह ने अजीबो गरीब दावा किया है। उन्होंने कहा है कि मधुरकर ने पुलिस के सामने सरेंडर किया है। एपी सिंह ने कहा कि पुलिस ने एफआईआर में हाधरस हादसे के मामले में मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर को बनाया था। वह पिछले दो दिनों से अपना इलाज करवा रहे थे। शुक्रवार को डॉक्टर्स ने उन्हें हॉस्पिटल से जाने की अनुमति दी है जिसके बाद उन्होंने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है।
वकील एपी सिंह ने दलील दी कि देव प्रकाश मधुकर की तबीयत ठीक नहीं थी, वह हार्ट पेशेंट हैं। इसके बावजूद उन्होंने सरेंडर किया है। मधुकर पुलिस की जांच और पूछताछ में पूरी तरह से सहयोग कर रहे हैं। इसके बाद वकील ने कहा कि वह कहीं भागे नहीं थे बल्कि अपना इलाज करवा रहे थे। उन्होंने किसी तरह की अग्रिम जमानत के लिए याचिका नहीं दायर की है।