-अभी हाथरस में नहीं है जिला जेल-अभियुक्तों को भेजा जाता है अलीगढ़
हाथरस। उत्तर प्रदेश सरकार ने अनुपूरक बजट में अलीगढ़ मंडल के हाथरस जिले का भी ध्यान रखा गया है। हाथरस में नया जिला कारागार बनाया जाएगा। जिला कारागार के लिए भूमि खरीदने के लिए 50.41 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। केन्द्रीय पुलिस बल और राज्य पुलिस बल का भी भवन निर्माण होगा। इस कार्य के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
अलीगढ़ जेल जाते हैं हाथरस के अभियुक्त
उत्तर प्रदेश विधानसभा में बजट वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रस्तुत किया। इसमें मुख्यतः धार्मिक पर्यटन, एक्सप्रेस-वे के लिए धनावंटन किया गया है। हाथरस जैसे छोटे जिले को भी धन दिया गया है। हाथरस में जिला जेल नहीं है। यहां के बंदी अलीगढ़ जेल जाते हैं। इस कारण अलीगढ़ जेल में क्षमता से अधिक बंदी हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए हाथरस में अलग से जेल का निर्माण किया जाएगा। 50.41 करोड़ रुपये में जमीन खरीदी जाएगी। फिर जेल का निर्माण होगा।
निर्णय को सराहा
उत्तर प्रदेश सरकार के इस निर्णय पर हाथरस निवासी केदारनाथ यादव का कहना है कि यह अच्छा निर्णय है। फिलहाल हाथरस के लोगों को पैरवी के लिए अलीगढ़ भागना होता है। रक्षाबंधन पर बहनें अलीगढ़ जेल जाकर अपने भाइयों से मिलती हैं। जेल बन जाएगी तो हाथरस से बाहर नहीं जाना होगा।