
Achenbach Syndrome: सुबह आप कपड़े निचोड़ रही थीं या झाड़ू लगा रही थीं। कुछ देर बाद उंगली में तेज दर्द उठा, फिर वह सूजने लगी और रंग नीला-बैंगनी हो गया। न दरवाजे में उंगली दबी, न कोई चोट याद आती है। ऐसे में घबराहट होना स्वाभाविक है। कई बार इसके पीछे एचेनबैक सिंड्रोम (Achenbach syndrome) होता है। इसे पैरॉक्सिजमल फिंगर हेमेटोमा या पेनफुल ब्लू फिंगर भी कहा जाता है। आइए जानते हैं कि इसके पीछे क्या-क्या कारण हो सकते हैं और इसके अन्य लक्षण और बचाव के उपाय क्या हैं?
क्लीवलैंड क्लिनिक के मुताबिक, यह उंगली या हथेली की त्वचा के नीचे अचानक बनने वाला दर्दनाक नील (bruise) है। माना जाता है कि इसका कारण हथेली की त्वचा की बहुत छोटी रक्त-नलिकाओं (कैपिलरी) या छोटी नस की मामूली कमजोरी है। खून आसपास के ऊतकों में रिस जाता है और रंग बदल जाता है। इसका सटीक कारण डॉक्टर अभी पूरी तरह नहीं जानते।
डर्मनेट के अनुसार, रिपोर्ट किए गए मामले ज्यादातर मध्यम उम्र की महिलाओं में हैं, औसतन 48 से 50 साल की उम्र में। इसे दुर्लभ कहा जाता है, पर फ्रांस में लगभग 800 लोगों पर हुए एक अध्ययन में कई महिलाओं ने ऐसा अनुभव बताया था। इसलिए संभव है कि बहुत लोग डॉक्टर के पास गए ही न हों। जिन्हें रेनॉड फेनोमेनन या चिलब्लेन्स की शिकायत रही है, उनमें यह शायद ज्यादा आम हो।
यह आम तौर पर हानिरहित है और इसकी कोई जटिलता दर्ज नहीं है। नील सामान्यत कुछ दिन में, कभी-कभी दो हफ़्ते तक में, बिना इलाज ठीक हो जाता है। बाद में यह दोबारा भी हो सकता है, औसतन साल में एक बार के आसपास। लेकिन यह निदान तभी पक्का होता है जब डॉक्टर बाकी गंभीर कारणों को खारिज कर दें। नीली उंगली के पीछे खून के थक्के, रक्त-प्रवाह में रुकावट, वैस्कुलाइटिस या खून की बीमारी भी हो सकती है। खुद अंदाजा लगाकर बैठ न जाएं।