
CT Scan Report: सीटी (CT) स्कैन करवाने के बाद जब रिपोर्ट हाथ में आती है, तो कई लोग सबसे पहले उसमें लिखे मेडिकल शब्द पढ़ने की कोशिश करते हैं। लेकिन घाव (Lesion), गांठ (Nodule), कैल्सीफिकेशन (Calcification), पिंड (Mass) या बिनाइन (Benign) जैसे शब्द देखकर घबराहट होना आम बात है। कई बार लोग रिपोर्ट देखकर ही गंभीर बीमारी का अंदेशा लगा लेते हैं, जबकि हर मेडिकल टर्म का मतलब कैंसर या बड़ी बीमारी नहीं होता।
Mayo Clinic, Cleveland Clinic और NCBI Bookshelf (StatPearls) के अनुसार, CT Scan शरीर के अंदरूनी अंगों की विस्तृत तस्वीरें दिखाने वाली जांच है। इसकी रिपोर्ट में लिखे शब्द केवल डॉक्टर के लिए एक मेडिकल विवरण होते हैं। किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले मरीज के लक्षण, मेडिकल हिस्ट्री और दूसरी जांचों को भी साथ में देखा जाता है।
लीजन का मतलब शरीर के किसी हिस्से में सामान्य ऊतक (टिश्यू) से अलग बदलाव दिखाई देना है। यह संक्रमण, सूजन, चोट, सिस्ट या किसी अन्य कारण से भी हो सकता है। केवल लीजन लिखा होना किसी गंभीर बीमारी की पुष्टि नहीं करता।
नोड्यूल यानी छोटी-सी गांठ या उभार। यह फेफड़ों, थायरॉयड या दूसरे अंगों में दिखाई दे सकता है। अधिकतर छोटे नोड्यूल सौम्य (Benign) होते हैं, लेकिन कुछ मामलों में डॉक्टर फॉलो-अप स्कैन या दूसरी जांच की सलाह दे सकते हैं।
इसका मतलब किसी जगह कैल्शियम का जमा होना है। बढ़ती उम्र, पुरानी सूजन या पहले हुए संक्रमण के कारण भी ऐसा हो सकता है। हर कैल्सीफिकेशन खतरनाक नहीं होती।
मास शब्द का मतलब केवल किसी असामान्य आकार की संरचना से है। यह सिस्ट, फैट, सौम्य गांठ या अन्य कारणों से भी बन सकती है। इसका मतलब अपने-आप कैंसर नहीं होता। सही कारण जानने के लिए डॉक्टर आगे की जांच की सलाह दे सकते हैं।
अगर रिपोर्ट में बेनाइन लिखा है, तो इसका मतलब है कि बदलाव कैंसरयुक्त नहीं माना गया है। यह आमतौर पर राहत देने वाला संकेत होता है, हालांकि डॉक्टर की सलाह के अनुसार निगरानी जरूरी हो सकती है।
मैलिग्नेंट शब्द कैंसर की संभावना की ओर इशारा कर सकता है, लेकिन अंतिम पुष्टि अक्सर बायोप्सी या अन्य जांचों से की जाती है। केवल CT Scan रिपोर्ट के आधार पर अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला जाता।
कई बार CT Scan किसी दूसरी वजह से किया जाता है, लेकिन रिपोर्ट में कोई ऐसी छोटी असामान्यता दिख जाती है जिसका मौजूदा शिकायत से संबंध नहीं होता। इसे इंसिडेंटल फाइंडिंग कहा जाता है। इनमें से कई बदलाव गंभीर नहीं होते, लेकिन डॉक्टर जरूरत पड़ने पर निगरानी की सलाह दे सकते हैं।
Mayo Clinic के अनुसार, CT Scan रिपोर्ट को अकेले समझने की कोशिश करने के बजाय उसे अपने डॉक्टर के साथ जरूर चर्चा करें। रिपोर्ट के शब्द केवल तस्वीर का विवरण बताते हैं, बीमारी की पूरी कहानी नहीं। सही निष्कर्ष मरीज के लक्षण, शारीरिक जांच और अन्य मेडिकल रिपोर्टों को साथ देखकर ही निकाला जाता है।
Mayo Clinic, Cleveland Clinic और NCBI Bookshelf (StatPearls) के अनुसार, CT Scan एक महत्वपूर्ण डायग्नोस्टिक जांच है, लेकिन इसकी रिपोर्ट में लिखे मेडिकल शब्दों का अर्थ हमेशा गंभीर बीमारी नहीं होता। इसलिए इंटरनेट पर पढ़कर या रिपोर्ट देखकर घबराने की बजाय डॉक्टर की सलाह लेना ही सबसे सुरक्षित और सही तरीका है।
डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।