6 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Avulsed Tooth Treatment: चोट लगने पर दांत पूरी तरह बाहर निकल जाए तो उसे फेंकें नहीं, क्लीवलैंड क्लिनिक से समझें बचाव का सही तरीका

Avulsed Tooth: चोट लगने से दांत पूरा बाहर निकल आए तो घबराएं नहीं! क्लीवलैंड क्लिनिक के इस आसान तरीके से जानें कि कैसे आप अपने टूटे हुए असली दांत को दोबारा बचा सकते हैं।
3 min read
Google source verification

भारत

image

Nidhi Yadav

Jul 06, 2026

How to save a knocked out tooth Knocked out tooth first aid ,Avulsed tooth treatment,

टूटे हुए असली दांत को दोबारा मुंह में लगाया जा सकता है और वह पहले की तरह काम करने लगेगा।- प्रतीकात्मक तस्वीर(Source- gemini)

Avulsed Tooth First Aid: खेलते समय, साइकिल से गिरने पर या किसी हादसे में कभी-कभी मुंह पर ऐसी चोट लगती है कि दांत जड़ से ही बाहर निकल आता है। इसे एवल्स्ड टूथ (Avulsed Tooth) कहते हैं। ज्यादातर लोग घबराकर उस दांत को बेकार समझकर फेंक देते हैं, लेकिन क्लीवलैंड क्लिनिक का कहना है कि अगर आप सही समय पर सही कदम उठाएं, तो उस टूटे हुए असली दांत को दोबारा मुंह में लगाया जा सकता है और वह पहले की तरह काम करने लगेगा।

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के अनुसार, दांत को दोबारा अपनी जगह लगाने के बाद वहां अक्सर सूजन आ जाती है। इसे रोकने के लिए एक नया इलाज आया है, जिसे एंटी-रिसॉर्प्शन थेरेपी कहते हैं। इसमें सूजन को कम करने वाली और इंफेक्शन से बचाने वाली दवाइयों (एंटीबायोटिक्स और कॉर्टिकोस्टेरॉइड्स) को मिलाकर दिया जाता है, ताकि दांत अंदर अच्छी तरह सेट हो जाए। आइए जानते हैं इसके बारे में।

दांत गिरने के तुरंत बाद क्या करें?

अगर दांत टूटकर गिर गया है, तो आपके पास केवल 30 मिनट से 1 घंटे का समय होता है। इस बीच अगर आप सही तरीका अपनाएंगे, तो दांत के बचने की उम्मीद सबसे ज्यादा होती है;

1. दांत को सही जगह से पकड़ें- दांत को हमेशा ऊपर के सफेद हिस्से (क्राउन) से उठाएं। भूलकर भी उसकी नीचे की जड़ (रूट) को न छुएं, क्योंकि वहां जरूरी नसें होती हैं जो दोबारा दांत जोड़ने में मदद करती हैं।

2. हल्का सा साफ करें- अगर दांत में मिट्टी या गंदगी लग गई है, तो उसे पानी या दूध से हल्का सा धो लें। ध्यान रहे कि दांत को साबुन से नहीं धोना है और न ही उसे कपड़े से रगड़कर सुखाना है।

3. दोबारा उसी जगह रखने की कोशिश करें- अगर संभव हो, तो साफ किए हुए दांत को धीरे से वापस उसी खाली गड्ढे (सॉकेट) में डाल दें जहां से वह टूटा था। इसके बाद दांत के ऊपर एक साफ रुमाल या गॉज पीस रखकर हल्के से चबाएं ताकि वह अपनी जगह पर टिक जाए।

अगर दांत वापस अपनी जगह न बैठ पाए, तो क्या करें?

अगर आप घबराहट या दर्द के कारण दांत को वापस मुंह के गड्ढे में नहीं रख पा रहे हैं, तो दांत को सूखने न दें। उसे गीला रखना सबसे जरूरी है। दांत को तुरंत एक साफ कटोरी में दूध डालकर उसमें डुबो दें। दूध में ऐसे तत्व होते हैं जो दांत की कोशिकाओं (cells) को जिंदा रखते हैं। अगर दूध न मिले, तो दांत को अपने गाल के अंदरूनी हिस्से में या जीभ के नीचे दबाकर रखें। आपके मुंह की लार (saliva) भी दांत को सूखने से बचाएगी। याद रखें, दांत को सादे पानी में लंबे समय तक नहीं रखना चाहिए, इससे उसकी नसें खराब हो सकती हैं।

तुरंत डेंटिस्ट के पास जाएं

यह एक मेडिकल इमरजेंसी है। दांत को दूध में रखने या वापस मुंह में फंसाने के तुरंत बाद बिना देर किए डेंटिस्ट के पास जाएं। डॉक्टर दांत की स्थिति देखकर उसे एक खास तार या पट्टी (स्प्लिंट) की मदद से आसपास के दांतों से जोड़ देंगे, जिससे वह कुछ हफ्तों में दोबारा अपनी जगह पकड़ लेगा।

बच्चों के दूध के दांत पर लागू नहीं होता यह नियम

यह बात बहुत जरूरी है कि अगर चोट किसी छोटे बच्चे को लगी है और उसका दूध का दांत टूटा है, तो उसे वापस लगाने की कोशिश बिल्कुल न करें। दूध के दांत को वापस लगाने से अंदर आ रहे नए पक्के दांत को नुकसान पहुंच सकता है। यह तरीका सिर्फ बड़ों के पक्के दांतों के लिए ही है।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।