
Orthostatic Tremor In Hindi: कभी बैंक की लाइन में, रसोई में खाना बनाते हुए या शादी में खडे होकर बात करते हुए अचानक पैर कांपने जैसा महसूस होता है। लगता है जैसे जमीन ही हिल रही हो। बैठते या चलने लगते हैं तो सब ठीक हो जाता है। ज्यादातर लोग इसे थकान, कमजोरी या उम्र का असर मानकर टाल देते हैं। मगर कुछ मामलों में यह एक दुर्लभ तंत्रिका संबंधी समस्या Orthostatic Tremor (ऑर्थोस्टैटिक ट्रेमर) का संकेत हो सकता है। आइए जानते हैं कि ऐसा किस कारण से होता है और इसको हम कम कैसे कर सकते हैं?
क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार यह एक दुर्लभ मूवमेंट डिसऑर्डर है, जिसमें खडे होने पर पैरों की मांसपेशियां तेजी से सिकुडती और ढीली होती हैं। बैठने, चलने, दीवार से टिकने या लेटने पर यह कंपन रुक जाता है या काफी कम हो जाता है। इसे पहली बार 1984 में बयान किया गया था, यानी चिकित्सा जगत के लिए यह अपेक्षाकृत नई पहचान है। इसके लक्षण ऐसे पहचानें;
ज्यादातर लोगों में यह करीब 60 साल की उम्र के आसपास शुरू होता है। हालांकि अध्ययनों में शुरुआत की उम्र 13 से 85 साल के बीच दर्ज हुई है। NORD के अनुसार महिलाओं में यह थोडा ज्यादा देखा जाता है।
यह समस्या इतनी कम देखने को मिलती है कि कई डॉक्टर भी इसे पहली नजर में नहीं पहचान पाते। American Brain Foundation ने एक महिला मरीज की कहानी साझा की है, जिन्हें सही निदान तक पहुंचने में चार साल लग गए। वे कई विशेषज्ञों से मिलीं और आखिर में न्यूरोलॉजिस्ट ने उन्हें मूवमेंट डिसऑर्डर विशेषज्ञ के पास भेजा। इसे अक्सर कार्यात्मक (psychogenic) कंपन समझ लिया जाता है। जांच में डॉक्टर लक्षणों का इतिहास पूछते हैं, शारीरिक और न्यूरोलॉजिकल परीक्षण करते हैं और कई बार सरफेस EMG जैसा विशेष टेस्ट कराते हैं। दूसरी बीमारियों को हटाने के लिए खून की जांच या इमेजिंग भी हो सकती है।
इसका कोई पक्का इलाज अभी नहीं है, पर दवाएं लक्षणों में राहत दे सकती हैं। आमतौर पर पहली पसंद क्लोनाजेपाम मानी जाती है, लेकिन हर किसी पर यह असर नहीं करती। कुछ और दवाएं भी इस्तेमाल होती हैं। डीप ब्रेन स्टिमुलेशन जैसे विकल्प केवल उन गंभीर मामलों में सोचे जाते हैं जहां दवाओं से फायदा न हो। ये सब फैसले न्यूरोलॉजिस्ट ही कर सकते हैं, इसलिए कोई भी दवा खुद से शुरू या बंद न करें। रोजमर्रा के कामों में भी बदलाव मदद करते हैं। जैसे नहाने के लिए शॉवर सीट, लाइन में इंतजार के दौरान बैठने की व्यवस्था और ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट की सलाह। मरीज की मानसिक सेहत पर भी असर पडता है। अकेलापन या चिंता महसूस हो तो परिवार से बात करें और जरूरत पडे तो मनोवैज्ञानिक की मदद लें।
अगर खडे होने पर बार-बार पैर कांपते हैं या असंतुलन महसूस होता है और बैठने पर राहत मिलती है, तो न्यूरोलॉजिस्ट से मिलें। अपने लक्षण साफ बताएं, जैसे कितनी देर खडे रहने पर शुरू होता है और किस हालत में रुकता है। यदि अचानक कमजोरी, बोलने में दिक्कत या चेहरे का एक तरफ झुक जाना जैसे लक्षण दिखें, तो इंतजार न करें और तुरंत अस्पताल जाएं।