
मुझे हाल ही खांसी के साथ मुंह से खून आया है। ऐसा क्यों हुआ और मुझे क्या करना चाहिए?- कुलदीप
मुंह से खून आना गंभीर समस्या की ओर इशारा करता है। टीबी एक वजह हो सकती है। मुंह या गले में दिक्कत से भी ऐसा होता है। फिजिशियन, ईएनटी या डेंटिस्ट को दिखाकर संबंधित जांच करवाएं और पूरा इलाज लें।
यदि किडनी में पथरी हो जाए तो क्या करना चाहिए? - अनेक दर्शक
सात एमएम के करीब यदि पथरी है तो खूब पानी पीकर और नेफ्रोलॉजिस्ट के बताए अनुसार दवाएं लेकर इसे बाहर निकाल सकते हैं। लक्षणों में कमी न आए तो लापरवाही बरते बिना विशेषज्ञ से संपर्क करें।
प्रेग्नेंसी के समय थायरॉयड था। गोली ले रही हूं। मई के चुकअप में टी-4 ज्यादा थी। जुलाई बाद दवा नहीं ली। - मनीषा शर्मा
दवा लेने के तुरंत बाद ब्लड सैंपल देने से थायरॉइड बढ़ी होती है। अगली बार खाली पेट सैंपल दें। ग्रंथि की दिक्कतों से भी टी-4 बढ़ जाती है। प्रेग्नेंसी में थायरॉक्सिन की जरूरत बढ़ जाती है।
मुझे सांस लेने में तकलीफ है? कोई उपाय बताएं? दिव्या बुधोलिया, 22 वर्ष, दतिया
सांस लेने में तकलीफ के कई कारण हैं। जैसे अधिक वजन या खून की कमी होने पर सांस लेने में परेशानी होती है। इस मौसम में एलर्जिक ब्रॉन्काइटिस मुख्य वजह है। इसमें सांस की नली सिकुड़ जाती है। विशेषज्ञ प्रमुख जांचों के आधार पर इलाज तय करते हैं।
मुझे विटामिन-बी12 की कमी है। जांच रिपोर्ट में 187 आई है। शरीर में यह बढ़ सके, सलाह दें। मैं नॉनवेज नहीं खाता हूं? - एक दर्शक
फिलहाल की परिस्थिति के अनुसार आपको जरूरत से ज्यादा विटामिन-डी की आवश्यकता है। इसके लिए गोली खाएं या इंजेक्शन लें। शरीर में इसका स्तर सामान्य होने के बाद डाइट में दूध, दही, हरी पत्तेदार सब्जियों आदि से मेंटेन कर सकते हैं।
मुझे पेट साफ करने की घरेलू आयुर्वेदिक दवा या नुस्खे बताएं? - अनेक दर्शक
सबसे जरूरी रेशेदार हरी पत्तेदार सब्जियां और फल खाना है। मौसम के अनुसार आंवला, त्रिफला, हरड़ जैसी जड़ीबूटी और गुड़, पपीता खाएं। शरीर में पानी की कमी न होने दें। गुनगुना पानी पीएं।
दांत साफ करने के लिए घरेलू उपाय बताएं? मेरे दांतों में बहुत दर्द भी रहता है। अजीत सिंह, 15 वर्ष
मसूड़ों की अंगूली से मसाज करें। हफ्ते में दो बार नमक मिले गुनगुने पानी से गरारे करें। 2-3 अमरूद के पत्ते पानी में उबालकर इस पानी से गरारे करें। नमक-सरसों के तेल के मिश्रण से दांत साफ करें।
मुझे धरण (नाभि खिसकना) की समस्या रहती है। मैं योग , कसरत और आयुर्वेदिक दवाइयों के बारे में जानना चाहता हूं? धर्मवीर, 30 वर्ष, हनुमानगढ़
धरण की समस्या पेट की मांसपेशी में खिंचाव होने से हो सकती है। पेट साफ न होना या दस्त की समस्या में आप हल्की भुनी सौंफ, अजवाइन या चुटकीभर हींग ले सकते हैं। नौकासन, पवनमुक्तासन आदि से पेट की मांसपेशियों में खिंचाव होने से राहत मिलेगी।
मुझे खांसते समय यूरिन हो जाता है। मैं बहुत परेशान हूं। कोई उचित सलाह दीजिए? - राजेश, तिजारा
सबसे पहले यह जानना जरूरी है कि खांसी किस कारण से हो रही है। कई बार शरीर दुबला-पुतला होने से भी खांसते समय एक-दो बूंद यूरिन पास हो जाता है। इसलिए विशेषज्ञ से संपर्क कर खांसी का इलाज लें जिससे कि यूरिनरी ब्लैडर पर नियंत्रण बन सके। पेट की मांसपेशियों को अंदर-बाहर खींचने की एक्सरसाइज से भी लाभ होगा।
कौनसा खजूर दूध में डालकर पीना चाहिए। सूखा या जो खूजर सर्दियों में बाजार में मिलता है। - एक दर्शक
सेहत के अनुसार दोनों ही खजूर फायदेमंद होते हैं। लेकिन सूखे खजूर को दूध में पकाकर लेना बेहतर होता है। क्योंकि मार्केट में मिलने वाले पिंडखजूर पहले से ही इतने गीले होते हैं कि उन्हें दूध में उबालने की जरूरत नहीं होती। इन्हें वैसे ही खाया जा सकता है।
डॉ. हरीश भाकुनी,
आयुर्वेद विशेषज्ञ, राजकीय आयुर्वेद संस्थान, जयपुर
डॉ. आराधना सिंह
फिजिशियन, एसएमएस अस्पताल, जयपुर
सवालों के जवाब यहां देख सकते हैं:
https://www.youtube.com/watch?v=lXwR4gSh7RM
https://www.youtube.com/watch?v=y5At3PVGnRQ
https://www.youtube.com/watch?v=f666eckbhlA&t=25s
https://www.youtube.com/watch?v=XYIhMRHX-7k
https://www.youtube.com/watch?v=6BjoJq2jhWs
https://www.youtube.com/watch?v=_kTeFwtCTa8