स्वास्थ्य

Ingrown Toenail: पैर के अंगूठे का नाखून अंदर की ओर बढ़ने लगे तो न करें इग्नोर, जानें Ingrown Toenail के लक्षण

Ingrown Toenail Cause: पैर के अंगूठे का नाखून मांस में धंसने लगा है? यूनाइटेड किंगडम की नेशनल हेल्थ सर्विस (NHS) और क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार Ingrown Toenail के कारण, शुरुआती लक्षण और दर्द से राहत पाने के उपाय।
3 min read
Aug 14, 2026
ingrown toenail causes and symptoms ,pain in big toe nail embedding skin,how to treat ingrown toenail at home ,
पैर के अंगूठे का नाखून मांस अंदर की ओर बढ़ने लगे तो क्या करें- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

Ingrown Toenail Symptoms: क्या कभी आपके साथ ऐसा हुआ है कि पैर के अंगूठे में अचानक तेज दर्द होने लगे और देखने पर पता चले कि नाखून सीधी दिशा में बढ़ने की बजाय अगल-बगल की मांस (त्वचा) में घुस रहा है? अगर हां, तो इसे बिल्कुल भी आम बात मानकर इग्नोर न करें। इसे मेडिकल भाषा में इंग्रोन टोनेल (Ingrown Toenail) कहा जाता है। यूनाइटेड किंगडम की नेशनल हेल्थ सर्विस (NHS) के अनुसार, यह पैर के अंगूठे में होने वाली एक आम लेकिन बेहद तकलीफदेह समस्या है। अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए, तो इसमें इन्फेक्शन (संक्रमण), मवाद (Pus) और असहनीय दर्द हो सकता है। आइए जानते हैं कि पैर का नाखून अंदर क्यों गड़ने लगता है, इसके शुरुआती लक्षण क्या हैं और इससे राहत पाने के लिए घर पर क्या किया जा सकता है।

इंग्रोन टोनेल (Ingrown Toenail) आखिर क्या है?

क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, जब पैर के अंगूठे का नाखून किनारे की नरम त्वचा के अंदर की तरफ उगने या धंसने लगता है, तो उसे इंग्रोन टोनेल कहते हैं। जैसे-जैसे नाखून त्वचा के अंदर गहराई तक बढ़ता है, वह वहां की स्किन को काटने लगता है। इससे अंगूठा लाल हो जाता है, उसमें सूजन आ जाती है और छूने पर भी बहुत तेज दर्द होता है। ज्यादातर मामलों में यह समस्या पैर के बड़े अंगूठे में ही देखने को मिलती है।

नाखून अंदर की तरफ क्यों गड़ने लगता है?

क्लीवलैंड क्लिनिक और NHS के मुताबिक, इस समस्या के पीछे ये सबसे आम वजहें होती हैं;

  • नाखून गलत तरीके से काटना।
  • तंग और टाइट जूते पहनना।
  • पैर में चोट लगना।
  • पैरों में बहुत पसीना आना
  • अनुवांशिक वजह (Genetics)।

इसके शुरुआती लक्षण कैसे पहचानें?

शुरुआत में यह मामूली दर्द जैसा लगता है, लेकिन धीरे-धीरे इसके लक्षण बढ़ने लगते हैं;

  • अंगूठे के किनारे छूने पर दर्द या चुभन होना।
  • नाखून के आसपास की त्वचा का लाल होना और हल्की सूजन आना।
  • जूता या चप्पल पहनते समय अंगूठे पर दबाव महसूस होना।
  • अंगूठे में बहुत तेज टीस मारने वाला दर्द होना।
  • सूजन का बढ़ जाना और त्वचा का लाल या गरम महसूस होना।
  • नाखून के किनारे से खून आना या पीला/सफेद मवाद (Pus) निकलना।

घर पर राहत पाने के उपाय

अगर इन्फेक्शन बहुत नहीं बढ़ा है, तो NHS और क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार आप घर पर ही इन तरीकों से राहत पा सकते हैं;

1.गुनकगुने पानी में पैर रखें- दिन में 2 से 3 बार अपने पैर को 15-20 मिनट के लिए गुनगुने पानी (चाहे तो थोड़ा सा सेंधा नमक मिला लें) में डुबोकर रखें। इससे सूजन कम होगी और त्वचा नरम पड़ेगी।

2. नाखून को सही से काटें- नाखून को हमेशा सीधा (Straight across) काटें, किनारों से गोल न मोड़ें और न ही बहुत छोटा काटें।

3. आरामदायक जूते पहनें- जब तक अंगूठा ठीक न हो जाए, खुले जूते, चप्पल या सैंडल पहनें ताकि उंगलियों पर कोई दबाव न पड़े।

4. सूती और साफ मोजें पहनें- मोजें रोज बदलें और ऐसे पहनें जो पसीना सोख सकें ताकि नमी की वजह से इन्फेक्शन न फैले।

5. पेनकिलर क्रीम या दवा- दर्द होने पर डॉक्टर की सलाह से कोई एंटीसेप्टिक क्रीम या हल्की पेनकिलर ली जा सकती है।

कभी भी खुद से कैंची या सुई से गड़े हुए नाखून को जबरदस्ती उखाड़ने या काटने की कोशिश न करें, इससे इन्फेक्शन फैल सकता है।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Updated on:
14 Aug 2026 10:38 am
Published on:
14 Aug 2026 10:38 am