स्वास्थ्य

पेट में बार-बार दर्द और उल्टी, अमेरिकन जर्नल ऑफ रोंटजेनोलॉजी से समझिए Intestinal Malrotation in Adults को

Intestinal Malrotation in Adults Hindi: बार-बार पेट दर्द और उल्टी हमेशा गैस नहीं होती। अमेरिकन जर्नल ऑफ रोंटजेनोलॉजी और नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन से जानिए वयस्कों में इंटेस्टाइनल मैलरोटेशन के लक्षण, जांच, इलाज और कब तुरंत अस्पताल जाना जरूरी है।
3 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 8:06 AM IST
Adult woman holding his abdomen in pain, representing recurrent stomach pain and vomiting
पेट में बार-बार दर्द और उल्टी हो तो इसे हर बार गैस न समझें। वयस्कों में आंत की जन्मजात गड़बड़ी (इंटेस्टाइनल मैलरोटेशन) भी वजह हो सकती है। सही जांच से समय पर पहचान संभव है। (सांकेतिक फोटो) (source- freepik)

Intestinal Malrotation in Adults Cause: रात के खाने के बाद पेट में मरोड़ उठी, फिर उल्टी हुई। दुकान से गैस की गोली ली और आराम भी मिल गया। कुछ हफ्ते बाद वही तकलीफ फिर लौट आई। ऐसा बहुत से लोगों के साथ होता है और ज्यादातर मामलों में वजह सचमुच एसिडिटी, गैस या खानपान की गड़बड़ी ही निकलती है। लेकिन कभी-कभी इस बार-बार लौटती तकलीफ के पीछे आंत की बनावट से जुड़ी एक जन्मजात गड़बड़ी छिपी होती है। चिकित्सा भाषा में इसे इंटेस्टाइनल मैलरोटेशन कहते हैं। आइए जानते हैं इसके लक्षण और कारण के बारे में।

क्या होता है मैलरोटेशन?

अमेरिकन जर्नल ऑफ रोंटजेनोलॉजी के अनुसार, गर्भ में शिशु का विकास होते समय आंत एक तय क्रम में घूमकर अपनी सही जगह पर बैठती है। कई बार यह घुमाव अधूरा रह जाता है या सही दिशा में नहीं हो पाता। तब आंत पेट में गलत स्थिति में टिकी रहती है और उसे थामने वाली झिल्ली (मेसेंट्री) का आधार भी संकरा रह जाता है। कई मामलों में पेट के पीछे पतली रेशेदार पट्टियां बन जाती हैं, जिन्हें लैड्स बैंड कहा जाता है। ये बैंड आंत के हिस्से को दबा सकती हैं। ज्यादातर मामले शिशुओं या बच्चों में पकड़ में आते हैं। वयस्कों में इसकी पहचान बहुत कम होती है। शोध अध्ययनों में बताया गया है कि मैलरोटेशन के कुल मामलों में वयस्क रूप में पहचान का अनुमान करीब 0.2 से 0.5 प्रतिशत है।

वयस्कों में देर से क्यों पकड़ में आती है?

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के मुताबिक, इसकी वजह इसके लक्षणों की प्रकृति है। वयस्कों में तकलीफ अक्सर हल्की होती है और आती-जाती रहती है। कभी खाने के बाद पेट में दर्द, कभी उल्टी, कभी पेट फूलना या कब्ज। मरीज इसे गैस मान लेता है और डॉक्टर के पास तभी पहुंचता है जब परेशानी बढ़ जाए। कई बार मरीज कई बार अस्पताल या क्लिनिक के चक्कर लगाते हैं, फिर भी वजह साफ नहीं हो पाती। प्रकाशित केस रिपोर्टों में कहा गया है कि ऐसे लक्षण महीनों से लेकर सालों तक चल सकते हैं।

इन लक्षणों पर रखें नजर

  • बार-बार होने वाला पेट दर्द, खासकर खाने के बाद।
  • बार-बार उल्टी या मितली।
  • पेट फूलना और जल्दी पेट भरा महसूस होना।
  • लंबे समय तक कब्ज।
  • खाने के बाद बेचैनी और कमजोरी।

इनमें से कोई एक लक्षण होने का मतलब यह नहीं कि आपको यही बीमारी है। ये लक्षण कई सामान्य बीमारियों में भी मिलते हैं। चिंता की बात तब है जब तकलीफ बार-बार लौटे और सामान्य इलाज से स्थायी राहत न मिले।

कब बिना देर किए अस्पताल पहुंचें?

मैलरोटेशन में सबसे बड़ा खतरा तब बनता है जब आंत अपनी ही धुरी पर घूम जाती है। इसे वॉल्वुलस कहते हैं। इससे आंत का रास्ता बंद हो सकता है और रक्त की आपूर्ति रुक सकती है। समय पर इलाज न मिले तो आंत का वह हिस्सा खराब हो सकता है। इसलिए ये स्थितियां आपातकालीन हैं:

  • अचानक तेज और लगातार पेट दर्द।
  • बार-बार उल्टी, खासकर हरे या पीले रंग की।
  • पेट में तेज सूजन।
  • मल और गैस दोनों का रुक जाना।
  • मल में रक्त, तेज बुखार या बेहोशी जैसी स्थिति।

मैलरोटेशन का इलाज क्या है?

लक्षण वाले मरीजों में इलाज सर्जरी ही है, जिसे लैड्स प्रोसीजर कहा जाता है। इसमें सर्जन रेशेदार पट्टियां काटते हैं, घूमी हुई आंत को खोलते हैं, आंत को सही स्थिति में रखते हैं और आमतौर पर अपेंडिक्स भी निकाल देते हैं। इसका कारण यह है कि आंत की स्थिति बदली होने से भविष्य में अपेंडिक्स की समस्या की पहचान उलझ सकती है। यह तकनीक करीब नौ दशक पुरानी है और वयस्कों में भी इसे मानक इलाज माना जाता है। मरीज की हालत स्थिर हो तो कई मामलों में यह लैप्रोस्कोपी से भी हो सकती है, जिसमें अस्पताल में रुकने का समय कम रहता है। गंभीर या जटिल स्थिति में खुली सर्जरी करनी पड़ सकती है। कौन सी विधि ठीक रहेगी, यह सर्जन मरीज की हालत देखकर तय करता है।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
Updated on:
28 Nov 2026, 8:06 AM IST
Published on: