
National Newborn Week: रात के दो बजे हैं। नवजात आईसीयू की हल्की रोशनी में एक पिता कुर्सी पर झुके बैठे हैं। उनकी शर्ट के भीतर, सीने से सटा, डेढ़ किलो के आसपास का एक नन्हा शिशु है। पास में नर्स बीच-बीच में आकर देख जाती है। मां चार घंटे पहले ही बारी बदलकर आराम करने गई है, और सुबह दादी की बारी है। परिवार को पहली बार लगा है कि इस बेबसी में भी उनके हाथ में कुछ है। यही है कंगारू मदर केयर, यानी KMC। 15 से 21 नवंबर तक चल रहे राष्ट्रीय नवजात सप्ताह का मकसद जन्म के पहले 28 दिनों में शिशु की सुरक्षित देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। लेकिन जरा सोचिए इस परिवार की क्या मजबूरी होगी की बच्चे का इतना खास ध्यान रखना पड़ रहा है? आइए इसके बारे में विस्तार से समझते हैं कि आखिर कंगारू मदर केयर क्या होती है, कब इसकी जरुरत पड़ती है और इससे क्या-क्या फायदा होता है?
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की परिभाषा में KMC समय से प्रीमैच्योर बेबी (समय से पहले जन्मा शिशु, वह बच्चा होता है जिसका जन्म गर्भावस्था के 37 सप्ताह पूरे होने से पहले हो जाता है।) या कम वजन वाले शिशु की वह देखभाल है, जिसमें जन्म के बाद जितनी जल्दी हो सके लंबे समय तक त्वचा से त्वचा का संपर्क रखा जाता है, और शिशु को केवल मां का दूध दिया जाता है। यानी यह सिर्फ गोद में लेना नहीं है। इसके तीन हिस्से हैं, त्वचा का संपर्क, मां का दूध और साफ-सफाई, खासकर हाथ धोना।
क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, शिशु को सीने से लगाने की परंपरा बहुत पुरानी है। पर इसे नाम और चिकित्सा पद्धति के रूप में 1970 के दशक के अंत में कोलंबिया के बोगोटा में अपनाया गया। उस समय वहां समय से पहले जन्मे शिशुओं की मृत्यु दर बहुत ऊंची थी। दो डॉक्टर, एडगर रे और हेक्टर मार्टिनेज, हल ढूंढ रहे थे। उन्हें रास्ता एक गांव की दाई से बातचीत में मिला, जो नवजातों को अपने सीने से बांधकर रखती थी। डॉक्टरों ने यही तरीका अपने अस्पताल में मांओं के साथ आजमाया। शिशु का सीने से चिपककर रहना कंगारू के बच्चे के थैली में रहने जैसा लगता था, इसलिए नाम पड़ा कंगारू मदर केयर। बताया जाता है कि उनके प्रयासों से पहले साल में समय से पहले जन्मे शिशुओं की मृत्यु में करीब 70 प्रतिशत की कमी आई। यानी जिस उपाय ने जान बचाई, वह किसी महंगी मशीन से नहीं, एक अनुभवी महिला की सीख से निकला था।
Cleveland Clinic और 2016 की एक व्यवस्थित समीक्षा के अनुसार KMC से शिशु को ये फायदे मिल सकते हैं;
इस मामले में ज्यादातर शोध मां पर केंद्रित हैं, और भारतीय संस्था पेडजेन (बाल स्वास्थ्य, नवजात शिशु देखभाल और पारिवारिक कल्याण)
भी कहती है कि सबसे अच्छा KMC प्रदाता मां है। पर Cleveland Clinic और Pedgen दोनों साफ कहते हैं कि पिता, दादा-दादी और चाची-मौसी जैसे परिवार के अन्य सदस्य भी यह देखभाल दे सकते हैं, बशर्ते वे स्वस्थ हों और तैयार हों। इसका मतलब यह है कि प्रसव के बाद थकी मां को अकेले यह बोझ उठाने की जरूरत नहीं। परिवार चाहे तो बारी-बारी का तालमेल बना सकता है, जैसा ऊपर की झलक में था। इसमें पिता की भूमिका सिर्फ बाहर खड़े होकर इंतजार करने की नहीं रहती। हर बारी लेने वाले को वही साफ-सफाई और तरीका अपनाना होता है।
अस्पताल की टीम आपको शुरुआत में सिखाएगी। घर पर इन बातों का ध्यान रखें;
समय से पहले जन्मे शिशु का परिवार अक्सर खुद को बेबस पाता है। KMC बताता है कि इलाज के साथ-साथ एक चीज और है जो परिवार के हाथ में है: धैर्य के साथ दी गई गोद। हर शिशु अलग है, इसलिए शुरू करने से पहले अपने बच्चों के डॉक्टर और नर्स से जरूर बात करें।