स्वास्थ्य

Late Night Dinner Side Effects: लेट नाइट खाना सिर्फ पेट की समस्या को नहीं, इन गंभीर बीमारी को देता है जन्म

Late Night Dinner Side Effects: लेट नाइट डिनर करना सिर्फ पाचन से जुड़ी दिक्कतें नहीं बढ़ाता, बल्कि इससे दिल की बीमारियों और स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ सकता है। हालिया स्टडी में सामने आया है कि देर रात खाना खाने की आदत सेहत के लिए बेहद नुकसानदायक हो सकती है।

2 min read
Jun 20, 2025
Late Night Dinner Side Effects प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो क्रेडिट- पत्रिका)

Late Night Dinner Side Effects: आज की तेज रफ्तार जिंदगी में लोग देर तक काम करते हैं और अक्सर रात का खाना भी काफी देर से खाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह आदत आपकी सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है? हाल ही में Nature Communications जर्नल में प्रकाशित एक नई स्टडी में यह खुलासा हुआ है कि देर रात खाना खाने की आदत दिल की बीमारियों और स्ट्रोक जैसे खतरों को बढ़ा सकती है।

नाश्ता देर से करना और रात का खाना देर से खाना पड़ सकता है भारी

फ्रांस की Nutrinet-santé स्टडी में 1 लाख से ज्यादा लोगों की खाने की आदतों का विश्लेषण किया गया है। इसमें पाया गया कि अगर कोई व्यक्ति सुबह 9 बजे के बाद नाश्ता करता है तो हर घंटे की देरी के साथ दिल की बीमारियों का खतरा करीब 6% तक बढ़ जाता है। इसी तरह जो लोग रात 9 बजे के बाद खाना खाते हैं, उनमें दिमाग से जुड़ी बीमारियों (जैसे स्ट्रोक) का खतरा करीब 28% तक ज्यादा होता है। यह प्रभाव खासतौर से महिलाओं में अधिक देखने को मिला।

रात फास्टिंग करना सेहत के लिए फायदेमंद

रिसर्च में यह भी पाया गया कि जिन लोगों का डिनर जल्दी हो जाता है और उसके बाद वे लंबे समय तक कुछ नहीं खाते, यानी उनका ''नाइट फास्टिंग ड्यूरेशन'' ज्यादा होता है तो उन्हें स्ट्रोक जैसी बीमारियों का खतरा कम रहता है। ज्यादा देर तक का उपवास यानी रात को जल्दी खाना और फिर सुबह तक बिना कुछ खाए रहना। शरीर की आंतरिक घड़ी के लिए बेहतर माना जाता है।

समय पर खाना क्यों है जरूरी?

हमारा शरीर दिन में खाने के लिए बेहतर ढंग से काम करता है। सुबह का खाना इंसुलिन और ब्लड शुगर को बेहतर तरीके से नियंत्रित करता है, जबकि रात में खाना शरीर को भ्रमित कर देता है। जिससे मेटाबॉलिज्म बिगड़ सकता है। इससे पहले की कई स्टडीज में भी यह देखा गया है कि जो लोग खाने का समय सीमित रखते हैं (जैसे 12 घंटे के अंदर पूरा भोजन करना), उनका वजन, ब्लड प्रेशर और सूजन कम होती है।

हेल्दी डाइट के साथ सही टाइमिंग भी है जरूरी

इस स्टडी से साफ पता चलता है कि अच्छी सेहत के लिए सिर्फ यह जरूरी नहीं है कि आप क्या खा रहे हैं, बल्कि यह भी उतना ही जरूरी है कि आप कब खा रहे हैं। अगर आप दिल और दिमाग को लंबे समय तक स्वस्थ रखना चाहते हैं तो खाने के समय का ध्यान रखें। सुबह 8 बजे से पहले नाश्ता करें और रात 9 बजे से पहले डिनर कर लें।

कोशिश करें कि रात और सुबह के बीच कम से कम 12 घंटे का उपवास (Fasting) रखें। साथ ही रात को भारी खाना खाने से बचें और हल्का भोजन करें। ये छोटे-छोटे बदलाव आपके शरीर को बड़ी बीमारियों से बचा सकते हैं और आपको बेहतर सेहत दे सकते हैं।

Also Read
View All

अगली खबर