
Mondor's Disease Hindi: नहाते समय या कपड़े बदलते हुए अचानक उंगलियों को स्तन की त्वचा के नीचे एक सख्त, धागे या रस्सी जैसी लकीर महसूस होती है। दबाने पर दर्द होता है और हाथ उठाने पर खिंचाव सा लगता है। ऐसे पल में लगभग हर महिला का पहला विचार एक ही होता है कि कहीं यह कैंसर तो नहीं। इस डर को समझा जा सकता है। लेकिन ऐसी शिकायत की एक जानी-पहचानी वजह भी है, जिसका नाम है मोंडोर रोग। अब बात ये आती है कि ये आखिर क्या होता है तो आइए जानते हैं इसके बारे में।
नेचर रिसर्च के मुताबिक, यह स्तन और छाती की दीवार की सतही नसों में सूजन और खून का थक्का जमने की स्थिति है, जिसे सुपरफिशियल थ्रोम्बोफ्लेबाइटिस कहते हैं। इसे 1939 में फ्रांसीसी सर्जन हेनरी मोंडोर ने बताया था, इसलिए नाम उन्हीं पर पड़ा। यह दुर्लभ और अपने आप ठीक हो जाने वाली समस्या है, जो मुख्य रूप से मध्यम आयु की महिलाओं में दिखती है। यह छाती, बगल और पेट के हिस्से में भी हो सकती है, और पुरुषों में भी इसके मामले दर्ज हैं।
अधिकतर मामलों में मोंडोर रोग का कैंसर से कोई संबंध नहीं होता। पर यह भी सच है कि इसके लक्षण कुछ गंभीर स्थितियों जैसे दिख सकते हैं, और दुर्लभ मामलों में इसके साथ छिपा हुआ स्तन कैंसर भी पाया गया है। इसलिए चिकित्सा मार्गदर्शन यही कहता है कि आयु के अनुसार स्तन की इमेजिंग, यानी अल्ट्रासाउंड और जरूरत होने पर मैमोग्राफी, करवाई जाए। अल्ट्रासाउंड में थक्के वाली नस मनके जैसी दिखती है और डॉपलर जांच से इसकी पुष्टि हो जाती है। इसलिए यही होगा मानकर बैठ जाना सही नहीं है। स्तन में कोई भी नई गांठ या लकीर महसूस हो, तो सर्जन या स्तन रोग विशेषज्ञ से दिखाना सबसे सुरक्षित रास्ता है।