
Monk Fruit In India: चाय में चीनी डालते हुए कई लोगों के मन में एक सवाल बार-बार आता है, क्या कोई ऐसा विकल्प भी है जो मीठा तो हो, पर शरीर पर बोझ न डाले? पिछले कुछ सालों में ऑनलाइन और किराने की दुकानों पर मोंक फ्रूट नाम का एक पाउडर दिखने लगा है। पैकेट पर लिखा होता है जीरो कैलोरी, 100% नेचुरल। डॉक्टर रिकमेंडेड का टैग भी कई जगह लग जाता है। ऐसे में आपके मन में भी सवाल तो उठता होगा कि ऐसा भी भला कोई फल होता है क्या? मोंक फ्रूट से जुड़े सभी जरुरी सवालों के जवाब डॉ विपुल अग्रवाल, सीनियर कंसल्टेंट, जनरल मेडिसिन एवं डायबिटोलॉजिस्ट और सीनियर डायटीशियन पूजा चुघ, साथ ही इससे जुड़ी CSIR-IHBT के वैज्ञानिकों के अध्ययन और अन्य रिसर्च से आइए जानते हैं कि यह फल है क्या, ये कहां से शुरू हुआ? भारत में इसका इतिहास क्या है और किन क्षेत्रों में उत्पादित होता है साथ की क्या ये डायबिटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद है और इसका हमारे स्वास्थ्य पर क्या असर रहता है।
मोंक फ्रूट का वैज्ञानिक नाम Siraitia grosvenorii है। यह लौकी-कद्दू परिवार की एक बहुवर्षीय बेल है। चीन में इसे लुओ हान गुओ कहते हैं। फल छोटा, गोल या अंडाकार होता है। पालमपुर स्थित CSIR-IHBT के वैज्ञानिकों ने पाया कि भारतीय परिस्थितियों में उगे फल ज्यादातर 5 से 7 सेंटीमीटर लंबे और 4 से 7 सेंटीमीटर व्यास के होते हैं। इसकी मिठास साधारण शक्कर से नहीं आती। मिठास का असली स्रोत मोग्रोसाइड नाम के यौगिक हैं, खासकर मोग्रोसाइड-V। ये यौगिक शरीर में शर्करा की तरह नहीं टूटते। इसलिए शुद्ध अर्क से लगभग शून्य कैलोरी मिलती है और रक्त शर्करा में सामान्य रूप से उछाल नहीं आता। (Scientific Reports, 2021) के अनुसार, इसकी मिठास चीनी से लगभग 100 से 300 गुना तक हो सकती है। कुछ शोधों में मोग्रोसाइड-V की मिठास 250-425 गुना तक भी बताई गई है।
यह पौधा मूल रूप से दक्षिणी चीन का है, खासकर गुआंग्शी प्रांत के पहाड़ी इलाकों का। चीन में इसकी खेती दो सौ साल से भी पुरानी है। पारंपरिक चीनी चिकित्सा में इसके गूदे का इस्तेमाल गले की खराश, जुकाम और सांस संबंधी समस्याओं में किया जाता रहा है। 1977 में इसे चीनी फार्माकोपिया में जगह मिली। लंबे समय तक यह फसल मुख्य रूप से चीन तक ही सीमित रही। अमेरिका में बीसवीं सदी में इसकी खेती की कोशिश की गई थी, लेकिन गर्मी के कारण फूल ही नहीं आए।
भारत में इसकी कहानी 2018 से शुरू होती है। पालमपुर स्थित CSIR-Institute of Himalayan Bioresource Technology (CSIR-IHBT) ने मार्च 2018 में चीन से बीज मंगवाए। ये बीज ICAR-NBPGR, नई दिल्ली के जरिए आयात परमिट के साथ आए। शुरुआती एक साल पौधे नियंत्रित परिस्थितियों में रखे गए। प्रधान वैज्ञानिक डॉ. प्रबीर कुमार पाल और उनकी टीम ने पौध तैयार करने, खेती की बुनियादी विधियां और फलने की तकनीक विकसित की। 12 जुलाई 2021 को कुल्लू के रायसन में एक प्रगतिशील किसान मनव खुल्लर के खेत में पहली बार 50 पौधे लगाए गए। यह भारत में मोंक फ्रूट की पहली फील्ड ट्रायल थी। CSIR-IHBT के वैज्ञानिकों Scientific Reportsमें अपना अध्ययन प्रकाशित किया, जिसमें बताया गया कि भारतीय परिस्थितियों में यह पौधा कैसे अनुकूलित हुआ।
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के मुताबिक, बीजों को 40 डिग्री सेल्सियस के गुनगुने पानी में 24 घंटे भिगोने से अंकुरण दर करीब 77 प्रतिशत तक पहुंच गई। फल की मिठास पूरी तरह विकसित होने में समय लगता है। परागण के 70 से 80 दिन के बीच मोग्रोसाइड-V की मात्रा तेजी से बढ़ती है। 80 दिन बाद सूखे वजन का लगभग 0.69 प्रतिशत मोग्रोसाइड-V मिला। यानी फल को जल्दी तोड़ने पर पूरी मिठास नहीं मिल पाती।
खेती के लिहाज से दो बातें सबसे काम की निकलीं। पहली, मादा फूल जब पूरी तरह खिला हो, तब परागण के लिए सबसे तैयार रहता है, इसलिए हाथ से परागण कराना हो तो यही समय सबसे सही है। दूसरी, फल की मिठास का मुख्य तत्व मोग्रोसाइड-V परागण के 50 से 70 दिन के बीच बहुत धीरे-धीरे बढ़ा, जबकि 70 से 80 दिन के बीच इसमें तेज उछाल आया। परागण के 80 दिन बाद इसकी मात्रा सूखे वजन का 0.69 प्रतिशत मिली। यानी फल को जल्दी तोड़ने पर उसमें पूरी मिठास नहीं बन पाती, और अच्छी गुणवत्ता के लिए कम से कम 80 दिन का इंतजार जरूरी है।
उत्तर: सामान्यत; हां। इसकी मिठास मोग्रोसाइड नामक यौगिकों से आती है, जो शरीर में शुगर की तरह नहीं टूटते। अब तक के अध्ययनों में कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं मिला है। लेकिन ज्यादातर अध्ययन छोटे और कम अवधि के हैं (7 दिन से 6 महीने)। इसलिए इसे सुरक्षित मानें, पर पूरी तरह सिद्ध नहीं।
उत्तर:शुद्ध मोंक फ्रूट एक्सट्रैक्ट से ब्लड शुगर और इंसुलिन नहीं बढ़ते। बाजार के कई पैकेट में डेक्सट्रोज या माल्टोडेक्सट्रिन मिला होता है, जो शुगर बढ़ा सकता है। इसलिए लेबल जरूर पढ़ें।
उत्तर: चाय-कॉफी में रोजाना थोड़ी मात्रा ठीक है। यह गर्म करने पर भी स्थिर रहता है, इसलिए पकाने में भी चलता है। पर मिठाई में चीनी हटाने से मैदा, घी और मावा नहीं हट जाते। शुगर-फ्री मिठाई में कैलोरी और कार्ब्स फिर भी रहते हैं। मिठाई कभी-कभार और सीमित मात्रा में ही रखें।
उत्तर: यह अपने आप वजन नहीं घटाता। यह सिर्फ चीनी की कैलोरी कम करता है, और तभी काम करता है जब बाकी खाना न बढ़े। वजन नियंत्रण के लिए असली लक्ष्य मीठे की आदत कम करना होना चाहिए।
उत्तर: नहीं। मोंक फ्रूट कोई दवा नहीं है। चीनी की जगह लेने से शुगर का बोझ कुछ घट सकता है, पर दवा कम करना सिर्फ HbA1c, शुगर रिपोर्ट और इलाज करने वाले डॉक्टर के आकलन पर तय होता है। अपने मन से दवा न घटाएं या बंद करें।
उत्तर: जरूरी नहीं। मोंक फ्रूट इस्तेमाल करने से मीठे की तलब अपने आप कम नहीं होती। इसकी वजह समझना जरूरी है;
मोंक फ्रूट मीठा स्वाद देता है, पर इसमें आम तौर पर कैलोरी और कार्बोहाइड्रेट बहुत कम होते हैं।
यह चीनी की जगह ले सकता है, लेकिन मीठा खाने की आदत को खत्म नहीं करता।
अगर आप रोज चाय, कॉफी और मिठाइयों में इसे डालते हैं, तो मीठा खाने की इच्छा बनी रह सकती है।
कुछ लोगों में मीठे का सेवन धीरे-धीरे घटाने से तलब भी घटने लगती है।
उत्तर: शुद्ध मोंक फ्रूट अर्क की कम मात्रा से अभी कोई खास नुकसान ज्ञात नहीं है, लेकिन बच्चों में इसके लंबे समय तक इस्तेमाल की सुरक्षा पर पर्याप्त शोध नहीं है।
बच्चों को बिना जरूरत कृत्रिम या बिना कैलोरी वाले मीठे देने से बचना बेहतर है।
बचपन से ही कम मीठा खाने की आदत डालनी चाहिए।
टाइप 1 या टाइप 2 डायबिटीज जैसी खास स्थितियों में बाल रोग आहार विशेषज्ञ की सलाह से इसका उपयोग किया जा सकता है।
उत्तर: शुद्ध मोंक फ्रूट आम तौर पर लोगों को सहन हो जाता है।
डायबिटीज वाले बुजुर्ग इसे चीनी की जगह इस्तेमाल कर सकते हैं।
किडनी की बीमारी या दूसरी पुरानी बीमारियों में बाजार के उत्पाद की सामग्री-सूची जरूर जांचें।
जिन उत्पादों में एरिथ्रिटोल जैसी मिलावटी सामग्री होती है, उनसे कुछ लोगों को गैस, पेट फूलना या पतले दस्त हो सकते हैं।
मोंक फ्रूट चीनी की जगह है, डायबिटीज का इलाज नहीं और मीठे की तलब का इलाज भी नहीं। इसका मकसद ऊपर से डाली जाने वाली चीनी और फालतू कैलोरी घटाना है, मीठे की आदत को बनाए रखना नहीं। इसलिए मोंक फ्रूट पर निर्भर होने के बजाय धीरे-धीरे कम मीठा खाने की आदत डालना ही सबसे समझदारी भरा रास्ता है।
मोंक फ्रूट की कहानी भारतीय विज्ञान के लिए सचमुच गर्व की बात है। हिमाचल की पहाड़ियों में इसका उगना बताता है कि हम अपने संसाधनों से नई फसलें विकसित कर सकते हैं। पर शीशी में बंद पाउडर के बारे में अलग से सोचना जरूरी है। शुद्ध अर्क चीनी का एक सीमित विकल्प हो सकता है, इलाज नहीं। संतुलित आहार, व्यायाम और नियमित दवा ही डायबिटीज की असली नींव हैं।