स्वास्थ्य

नाक के अंदर बार-बार फुंसियां और पपड़ी जमती है, हेल्थलाइन से समझिए Nasal Vestibulitis क्या होता है

Nasal Vestibulitis Cause: नाक के अंदर फुंसी और पपड़ी बार-बार हो रही है? क्लीवलैंड क्लिनिक, वेबएमडी और हेल्थलाइन से जानिए नेजल वेस्टिबुलाइटिस के कारण और वे लक्षण, जब डॉक्टर को तुरंत दिखाना जरूरी है।
3 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 9:30 AM IST
Doctor examining inside of nostril for pimple and crusting, illustration of nasal vestibulitis
नाक के अंदर फुंसी और पपड़ी की जाँच करते डॉक्टर, नेज़ल वेस्टिबुलाइटिस का प्रतीकात्मक चित्र (Source- Freepik)

Nasal Vestibulitis Hindi: सर्दी-जुकाम का मौसम आते ही बार-बार नाक साफ करना आम बात है। ऐसे में अगर नाक के अंदर फुंसी निकल आए, छूने पर दर्द हो और उसके ऊपर पीली पपड़ी जमने लगे, तो ज्यादातर लोग इसे मामूली परेशानी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। कोई उंगली से कुरेदता है, तो कोई फुंसी को फोड़ने की कोशिश करता है। डॉक्टर इसे नेजल वेस्टिबुलाइटिस कहते हैं। यह नाक के प्रवेश वाले हिस्से में होने वाला बैक्टीरियल संक्रमण है। ज्यादातर मामले आसानी से ठीक हो जाते हैं, लेकिन नाक और चेहरे का यह हिस्सा संवेदनशील होता है। इसलिए लापरवाही करने पर परेशानी बढ़ सकती है। आइए, क्लीवलैंड क्लिनिक, वेबएमडी और हेल्थलाइन के आधार पर समझते हैं कि यह संक्रमण क्यों होता है, इसके लक्षण क्या हैं और इससे बचने के लिए क्या करना चाहिए।

नेजल वेस्टिबुलाइटिस क्या है और नाक में पीली पपड़ी क्यों जमती है

क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, नाक के सबसे अगले हिस्से को नेजल वेस्टिब्यूल कहते हैं। यहां छोटे-छोटे बाल होते हैं, जो धूल-मिट्टी को सांस के साथ अंदर जाने से रोकने में मदद करते हैं। इस हिस्से की त्वचा या बालों की जड़ों में बैक्टीरिया का संक्रमण होने पर उसे नेजल वेस्टिबुलाइटिस कहा जाता है। इसके कुछ सामान्य लक्षण हैं;

  • नाक के अंदर या बाहर लालिमा, सूजन और दर्द।
  • मुंहासे जैसी फुंसी या बालों की जड़ों के पास छोटे दाने।
  • नाक के अंदर या आसपास पीली पपड़ी जमना।
  • खुजली होना या हल्का खून आना।
  • कुछ मामलों में फोड़ा बन जाना।

किन आदतों और वजहों से नाक में संक्रमण का खतरा बढ़ता है

ज्यादातर मामलों में इस संक्रमण के पीछे स्टैफिलोकोकस बैक्टीरिया होता है। वेबएमडी (WebMD) में एक ईएनटी विशेषज्ञ के हवाले से बताया गया है कि करीब 30 प्रतिशत लोगों की नाक में यह बैक्टीरिया पहले से मौजूद रहता है। आमतौर पर इससे कोई परेशानी नहीं होती, लेकिन नाक के अंदर की त्वचा पर हल्की चोट लगने से बैक्टीरिया को संक्रमण फैलाने का मौका मिल सकता है।

नाक के अंदर फुंसी या संक्रमण होने की कुछ प्रमुख वजहें हैं

  • नाक के बाल नोचना।
  • बार-बार जोर से नाक साफ करना या उंगली डालना।
  • नाक छिदवाना।
  • एलर्जी या जुकाम के कारण लंबे समय तक नाक बहना।
  • स्टेरॉयड नेजल स्प्रे या ऑक्सीजन ट्यूब का इस्तेमाल (WebMD)।

डायबिटीज के मरीज, खासकर जिनका ब्लड शुगर नियंत्रित नहीं रहता, उन्हें ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। इसके अलावा कैंसर का इलाज करा रहे मरीज, ऑटोइम्यून बीमारियों से जूझ रहे लोग और HIV संक्रमित व्यक्ति भी संक्रमण के प्रति अधिक संवेदनशील हो सकते हैं। एक बात ध्यान रखने वाली है कि यह बीमारी सीधे एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में नहीं फैलती, लेकिन संक्रमण पैदा करने वाले बैक्टीरिया हाथों, तौलिये और रुमाल के जरिए फैल सकते हैं।

किन लक्षणों में तुरंत अस्पताल जाना जरूरी है

हेल्थलाइन के अनुसार, ऐसी जटिलताएं दुर्लभ हैं, लेकिन संक्रमण के कुछ लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई दे तो तुरंत अस्पताल जाएं;

  • नाक की नोक पर दर्द के साथ सूजन या फोड़ा होना।
  • चेहरे या गाल तक लालिमा और सूजन फैलना।
  • तेज बुखार आना या ठंड लगना।
  • तेज सिरदर्द होना।
  • आंखों के आसपास तेज दर्द या सूजन होना।
  • आंखों का उभरना या दोहरा दिखाई देना।
  • उलझन महसूस होना या असामान्य रूप से नींद आना।

संक्रमण से बचने के लिए इन बातों का ध्यान रखें

  • नाक छूने से पहले हाथ अच्छी तरह धोएं।
  • नाक के बाल नोड़ने के बजाय सावधानी से ट्रिम करें।
  • नाक के अंदर की फुंसी या पपड़ी को न कुरेदें।
  • किसी दूसरे व्यक्ति के साथ तौलिया और रुमाल साझा न करें।
  • नाक साफ करते समय बहुत ज्यादा जोर न लगाएं।

नाक के अंदर निकली फुंसी ज्यादातर मामलों में छोटी परेशानी होती है, लेकिन इसे बार-बार छूना, पपड़ी कुरेदना या बाल नोचना संक्रमण को बढ़ा सकता है। इसलिए शुरुआत से ही सावधानी बरतें। अगर दर्द बढ़ रहा है, सूजन फैल रही है या बुखार आ रहा है, तो घरेलू उपायों के भरोसे न रहें और डॉक्टर से संपर्क करें।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
Published on: