स्वास्थ्य

Pig Liver In Human : सुअर का लिवर लगाकर 5 महीने तक जीने वाला पहला आदमी, लाखों लोगों के लिए जीवनदान, समझिए कैसे

Pig Liver In Human : चीन में 71 साल के व्यक्ति को जेनेटिकली मॉडिफाइड सुअर का लिवर लगाया गया। मरीज 171 दिन तक जिंदा रहा। यह मेडिकल साइंस में लिवर ट्रांसप्लांट की दिशा में नई उम्मीद बना।
2 min read
Oct 09, 2025
Pig Liver In Human
Pig Liver In Human (photo- freepik)

Pig Liver In Human : चीन के डॉक्टरों ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो अब तक साइंस के लिए असंभव माना जाता था। चीन के Anhui Medical University में 71 साल के एक बुजुर्ग को जेनेटिकली मॉडिफाइड सुअर का लिवर (Pig Liver Transplant) लगाया गया। यह सर्जरी मई 2024 में हुई थी और मरीज पूरे 171 दिन यानी करीब 5 महीने तक जीवित रहा।

यह पहली बार है जब किसी इंसान ने सुअर का लिवर लगने के बाद इतने लंबे समय तक जीवन जिया। डॉक्टरों का कहना है कि यह प्रयोग उन लाखों लोगों के लिए एक बड़ी उम्मीद लेकर आया है जो लिवर ट्रांसप्लांट के इंतजार में अपनी जान गंवा देते हैं।

सुअर का लिवर कैसे किया गया तैयार

इस सर्जरी के लिए डॉक्टरों ने एक क्लोन सुअर का इस्तेमाल किया था, जिसमें 10 जीन एडिट किए गए थे ताकि इंसान के शरीर में संक्रमण या रिजेक्शन की संभावना न रहे। जैसे ही लिवर ट्रांसप्लांट किया गया, वह तुरंत काम करने लगा। सुअर के लिवर ने खून को फिल्टर करना, बाइल बनाना और शरीर से टॉक्सिन्स निकालना शुरू कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि ऑपरेशन के बाद मरीज के शरीर में कोई शुरुआती जटिलता नहीं दिखी, और सभी महत्वपूर्ण फंक्शन सामान्य रहे।

कब और क्यों निकाला गया सुअर का लिवर

लगभग 38 दिन बाद मरीज का अपना लिवर फिर से काम करने लगा, जिसके बाद डॉक्टरों ने सुअर का लिवर निकाल दिया।
यह प्रयोग यह साबित करता है कि सुअर का लिवर इंसानों में अस्थायी रूप से तब तक इस्तेमाल किया जा सकता है, जब तक कोई मानव डोनर का लिवर उपलब्ध न हो जाए। मरीज को हेपेटाइटिस-बी से जुड़ा लिवर सिरोसिस और लिवर ट्यूमर था। इलाज के सभी विकल्प खत्म होने के बाद ही डॉक्टरों ने यह कदम उठाया।

भविष्य की दिशा

वैज्ञानिकों का मानना है कि यह सफलता xenotransplantation (जानवरों के अंग इंसानों में ट्रांसप्लांट करना) की दिशा में सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। आज दुनिया भर में 1 लाख से ज्यादा मरीज लिवर ट्रांसप्लांट के इंतजार में हैं। अगर सुअर के अंगों का सुरक्षित इस्तेमाल संभव हो जाता है, तो आने वाले समय में हजारों लोगों की जान बचाई जा सकेगी।

Published on:
09 Oct 2025 07:00 pm