स्वास्थ्य

Salivary Gland Stone: खाना खाते ही जबड़े के नीचे होने लगता है दर्द और सूजन, क्लीवलैंड क्लिनिक से समझें क्या है सलाइवरी स्टोन

Salivary Gland Stone: खाना खाते ही जबड़े के नीचे दर्द और सूजन हो रही है? जोहन्स हॉपकिंस मेडिसन और क्लीवलैंड क्लिनिक से जानिए सलाइवरी स्टोन के लक्षण, कारण और कब डॉक्टर को दिखाना जरूरी है।
3 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 11:00 AM IST
जबड़े के नीचे दर्द और सूजन से परेशान व्यक्ति, सलाइवरी स्टोन का प्रतीकात्मक चित्र
खाना खाते समय जबड़े के नीचे दर्द और सूजन लार ग्रंथि की नली बंद होने का संकेत हो सकती है, और बार-बार दोहराने पर ईएनटी डॉक्टर से जांच कराना सही रहता है। (प्रतीकात्मक चित्र) (Source- Freepik)

Salivary Gland Stone Cause: थाली सामने आती है, खाने की खुशबू नाक तक पहुंचती है और उसी समय कान के पास से ठोड़ी तक खिंचाव महसूस होने लगता है। निवाला चबाते समय जबड़े के नीचे दर्द बढ़ जाता है और वहां गांठ जैसी सूजन दिखाई देने लगती है। कुछ देर बाद दर्द और सूजन अपने आप कम हो जाते है, लेकिन अगले भोजन के समय फिर वही परेशानी शुरू हो जाती है। अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो इसकी वजह लार बनाने वाली ग्रंथि में जमा खनिज का एक छोटा सा कण हो सकता है। इसे सलाइवरी स्टोन या सियालोलिथियासिस कहते है। यह आमतौर पर गंभीर समस्या नहीं होती, लेकिन समय पर इलाज न मिलने पर संक्रमण हो सकता है। आइए समझते है कि यह समस्या क्यों होती है, इसके लक्षण क्या है और इससे बचने के लिए क्या करना चाहिए।

सलाइवरी स्टोन क्या है और कहां बनता है?

नाम में स्टोन यानी पत्थर जरूर है, लेकिन ये असली पत्थर नहीं होते। दरअसल, ये लार बनाने वाली ग्रंथियों या उनकी नलियों में जमा होने वाले सख्त खनिज के कण होते है। इनकी वजह से लार बाहर निकलने का रास्ता रुक जाता है। ऐसे में ग्रंथि के अंदर लार जमा होने लगती है, जिससे दर्द और सूजन की परेशानी होती है। इससे जुड़ी कुछ जरूरी बातें;

  • जोहन्स हॉपकिंस मेडिसन के अनुसार, करीब 80 प्रतिशत सलाइवरी स्टोन जबड़े के नीचे मौजूद सबमैंडिबुलर ग्रंथि में बनते है।
  • कान के पास मौजूद पैरोटिड ग्रंथि और जीभ के नीचे की ग्रंथि में ये कम बनते है।
  • यह समस्या 30 से 60 साल की उम्र के लोगों में ज्यादा देखी जाती है। पुरुषों में इसका खतरा थोड़ा अधिक होता है।
  • इनका आकार पेंसिल की नोक जितना छोटा या मटर के दाने जितना बड़ा हो सकता है।

खाना खाते ही दर्द क्यों बढ़ जाता है और कैसे पहचानें?

खाना खाने के दौरान लार बनाने वाली ग्रंथियां ज्यादा सक्रिय हो जाती है और अधिक लार बनाती है। लेकिन अगर ग्रंथि की नली में स्टोन फंसा हो, तो लार बाहर नहीं निकल पाती। इससे ग्रंथि में दबाव बढ़ता है और दर्द के साथ सूजन होने लगती है। इसी वजह से खाना खाते समय या खाने के बारे में सोचने पर भी दर्द शुरू हो सकता है। क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, आमतौर पर दर्द और सूजन एक-दो घंटे में कम हो जाते है और अगले भोजन तक राहत मिल सकती है।इसके कुछ सामान्य लक्षण है;

  • जबड़े के नीचे या कान के आसपास दर्द और सूजन होना।
  • जीभ के नीचे दर्द के साथ गांठ महसूस होना।
  • मुंह में कड़वा स्वाद आना।
  • मुंह खोलने या खाना निगलने में परेशानी होना।

किन कारणों और आदतों से बढ़ सकता है स्टोन का खतरा?

सलाइवरी स्टोन बनने की सटीक वजह हमेशा पता नहीं चलती। हालांकि, कुछ स्थितियां इसके खतरे को बढ़ा सकती है;

  • शरीर में पानी की कमी होना।
  • पानी बाहर निकालने वाली दवाएं (डाययूरेटिक्स) लेना।
  • मुंह सूखने की समस्या और एंटीहिस्टामिन जैसी कुछ दवाओं का इस्तेमाल।
  • धूम्रपान करना।
  • मसूड़ों की बीमारी या मुंह के अंदर चोट लगना।
  • ल्यूपस या स्जोग्रेन सिंड्रोम जैसी ऑटोइम्यून बीमारियां होना।
  • मुंह के आसपास रेडिएशन थेरेपी होना।

घर पर क्या करें, इलाज कैसे होता है और कब डॉक्टर को दिखाएं?

अगर स्टोन छोटा है, तो कई बार कुछ घरेलू उपायों से वह अपने आप बाहर निकल सकता है। डॉक्टर भी शुरुआत में कुछ सावधानियां बरतने की सलाह देते है;

  • दर्द और सूजन वाली जगह पर गुनगुने पानी से हल्की सेंक करें।
  • ग्रंथि के आसपास हल्के हाथों से मालिश करें। ज्यादा दबाव न डालें।
  • दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।

Johns Hopkins Medicine में दर्द और सूजन से राहत के लिए इबुप्रोफेन जैसी दवाओं का भी जिक्र है। हालांकि, इसे डॉक्टर या फार्मासिस्ट की सलाह के बाद ही लें। स्टोन को निकालने के लिए सुई, पिन या किसी नुकीली चीज का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। अगर स्टोन बहुत बड़ा है या बार-बार परेशानी हो रही है, तो सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। कुछ गंभीर मामलों में प्रभावित लार ग्रंथि को भी हटाना पड़ सकता है।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
Published on: