स्वास्थ्य

सिर में बार बार होती है खुजली और रूसी? हो सकता है Seborrheic Dermatitis, जानें लक्षण और बचाव

Seborrheic Dermatitis: सिर में बार बार डैंड्रफ, खुजली और पपड़ी बनने से परेशान हैं तो यह सेबोरिक डर्मेटाइटिस हो सकता है। आइए मेयो क्लिनिक और क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार इसके लक्षण और कारण जानते हैं।
2 min read
Sep 11, 2026
Seborrheic Dermatitis Causes, Seborrheic Dermatitis Treatment
Seborrheic Dermatitis क्यों होता है? (representative image) image credit Magnific

Seborrheic Dermatitis Symptoms: सिर में बार बार डैंड्रफ, खुजली या त्वचा पर पपड़ी जमने की समस्या को अक्सर लोग सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। हालांकि, इसके पीछे सेबोरिक डर्मेटाइटिस जैसी त्वचा संबंधी समस्या भी हो सकती है। यह समस्या खासतौर पर सिर की त्वचा और चेहरे के उन हिस्सों में दिखाई देती है, जहां तेल ग्रंथियां अधिक सक्रिय होती हैं। इसमें खुजली, पपड़ी और त्वचा पर परतें बनने जैसी समस्या हो सकती है। आइए जानते हैं सेबोरिक डर्मेटाइटिस क्या है और इसके कौन कौन से लक्षण दिखाई देते हैं।

सेबोरिक डर्मेटाइटिस क्या है?

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, सेबोरिक डर्मेटाइटिस एक त्वचा संबंधी समस्या है, जिसमें त्वचा पर खुजली, परतदारपन और पपड़ी दिखाई दे सकती है। यह समस्या खासतौर पर सिर की त्वचा और चेहरे के उन हिस्सों में होती है, जहां तेल ग्रंथियां अधिक सक्रिय होती हैं। सिर की त्वचा पर होने वाले इसके हल्के रूप को आमतौर पर डैंड्रफ के रूप में जाना जाता है। यह समस्या संक्रामक नहीं होती और इसके लक्षण समय समय पर बढ़ या कम हो सकते हैं।

सेबोरिक डर्मेटाइटिस के लक्षण

मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) और क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, इसके प्रमुख लक्षण इस प्रकार दिखाई दे सकते हैं।

  • सिर की त्वचा पर सफेद या पीली पपड़ी जमना।
  • सिर और प्रभावित हिस्सों में खुजली होना।
  • प्रभावित त्वचा तैलीय नजर आ सकती है।
  • भौंहों, नाक के आसपास, कान, चेहरे, छाती और पीठ के ऊपरी हिस्से पर भी इसके लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
  • प्रभावित हिस्से को बार बार खुजलाने से कुछ समय के लिए बाल झड़ सकते हैं।

सेबोरिक डर्मेटाइटिस क्यों होता है?

नेशनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी इंफॉर्मेशन (National Center for Biotechnology Information) के अनुसार, सेबोरिक डर्मेटाइटिस होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। त्वचा पर मौजूद मालासेजिया (Malassezia) नामक यीस्ट, त्वचा में बनने वाला तेल और व्यक्ति की त्वचा की संवेदनशीलता इसके विकास में भूमिका निभा सकती है।

किन कारणों से इसके लक्षण बढ़ सकते हैं?

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) और नेशनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी इंफॉर्मेशन (National Center for Biotechnology Information) के अनुसार, ठंड और शुष्क मौसम में सेबोरिक डर्मेटाइटिस के लक्षण बढ़ सकते हैं। इसके अलावा तनाव, कम नमी वाला वातावरण, कुछ संक्रमण, तेज धूप और अल्कोहल वाले स्किन केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल भी समस्या को बढ़ा सकता है।

क्या सेबोरिक डर्मेटाइटिस संक्रामक है?

क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, सेबोरिक डर्मेटाइटिस संक्रामक नहीं है। यानी यह किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से दूसरे व्यक्ति में नहीं फैलता।

सेबोरिक डर्मेटाइटिस होने पर क्या करें?

सेबोरिक डर्मेटाइटिस होने पर प्रभावित त्वचा को बार बार खुजलाने से बचना चाहिए। अगर डैंड्रफ, खुजली या पपड़ी की समस्या लगातार बनी रहती है, बार बार बढ़ती है या सामान्य देखभाल से राहत नहीं मिलती है, तो त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लेनी चाहिए। डॉक्टर की सलाह के बिना मेडिकेटेड क्रीम का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
Updated on:
11 Sept 2026 03:46 pm
Published on:
11 Sept 2026 03:23 pm