24 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Health / पैरों में जलन, सुई चुभने और बिजली के झटके जैसा दर्द, Small Fiber Neuropathy हो सकती है वजह, जॉन हॉपकिंस मेडिसिन से जानें लक्षण

पैरों में जलन, सुई चुभने और बिजली के झटके जैसा दर्द, Small Fiber Neuropathy हो सकती है वजह, जॉन हॉपकिंस मेडिसिन से जानें लक्षण

Small Fiber Neuropathy Cause: पैरों में जलन, सुई चुभने जैसा दर्द या बिजली के झटके? क्लीवलैंड क्लिनिक और जॉन्स हॉपकिंस मेडिसिन से स्मॉल फाइबर न्यूरोपैथी के लक्षण, कारण साथ ही डॉक्टर को कब दिखाएं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Nidhi Yadav

•

Updated: 24 Nov 2026, 7:50 PM IST

पैरों में जलन और झनझनाहट से परेशान व्यक्ति अपने पैर पकड़े बैठा है

रात में बढ़ने वाली पैरों की जलन के पीछे स्मॉल फाइबर न्यूरोपैथी भी वजह हो सकती है- प्रतीकात्मक तस्वीर

Small Fiber Neuropathy Hindi: रात को थका इंसान बिस्तर पर लेटता है तो उसे आराम चाहिए होता है। पर कुछ लोगों के लिए यही वक्त सबसे भारी पड़ता है। तलवों में जलन होती है, चादर छूते ही चुभन महसूस होती है और कभी-कभी बिजली के झटके जैसा दर्द कौंध जाता है। ज्यादातर लोग इसे थकान या गलत जूतों का असर मानकर टाल देते हैं। लेकिन यह नसों की एक खास बीमारी का संकेत भी हो सकता है, जिसे स्मॉल फाइबर न्यूरोपैथी कहा जाता है। आइए जानते हैं इसके बारे में।

क्या है यह बीमारी

हमारी त्वचा में बहुत बारीक नसों के रेशे फैले होते हैं। ये दर्द और गर्मी-ठंडक का एहसास दिमाग तक पहुंचाते हैं। साथ ही ये रक्तचाप, धड़कन और पसीने जैसे शरीर के अपने-आप होने वाले कामों में भी भूमिका निभाते हैं। जब ये रेशे खराब होने लगते हैं तो दिमाग को उलझे हुए संकेत मिलते हैं। इसी वजह से जलन, चुभन और झनझनाहट होती है। क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार एक अध्ययन में दुनिया भर में हर एक लाख में करीब 53 लोग इससे प्रभावित मिले। कई मरीजों की जांच ही नहीं होती, इसलिए असल आंकड़ा ज्यादा हो सकता है।

लक्षण कैसे पहचानें

  • जॉन्स हॉपकिंस मेडिसिन के अनुसार, ज्यादातर मामलों में शुरुआत पैरों से होती है और तकलीफ धीरे-धीरे ऊपर की ओर बढ़ती है। आगे चलकर हाथ भी चपेट में आ सकते हैं।
  • सुई चुभने जैसा एहसास, जलन, ठंडक या सुन्नपन महसूस होता है। कभी बिजली के झटके जैसा तेज दर्द भी उठता है।
  • हल्की हवा या कपड़े का स्पर्श भी कुछ लोगों को चुभने लगता है।
  • जब बारीक नसें शरीर के स्वचालित कामों पर असर डालती हैं, तब चक्कर आना, धड़कन तेज लगना, जरूरत से ज्यादा पसीना या पेट में ऐंठन भी हो सकती है।
  • कई बार शरीर के किसी हिस्से में दर्द और तापमान का एहसास कम हो जाता है। ऐसे में जलने या कटने का पता देर से चलता है।

किन वजहों से होती है ये समस्या

सबसे आम कारण डायबिटीज और प्री-डायबिटीज (शुगर बढ़ने की शुरुआती अवस्था) है। इनके अलावा थायरॉयड की समस्या, शराब का ज्यादा सेवन, विटामिन बी की कमी, कुछ ऑटोइम्यून बीमारियां, हेपेटाइटिस सी या एचआईवी जैसे संक्रमण और कुछ दवाएं (जैसे कुछ एंटीबायोटिक और कीमोथेरेपी की दवाएं) भी वजह बन सकती हैं। कुछ मामलों में आनुवंशिक कारण होते हैं। करीब आधे मामलों में कारण पता ही नहीं चलता।

डॉक्टर के पास कब जाएं

जलन या चुभन कई हफ्तों से बनी हो, पैरों से हाथों तक फैल रही हो, दर्द के दौरे बढ़ रहे हों या चक्कर, बेहोशी और चलने में दिक्कत जैसी नई परेशानी जुड़ जाए, तो देर न करें। शुरुआत फिजिशियन से की जा सकती है, जरूरत होने पर वे न्यूरोलॉजिस्ट के पास भेजेंगे।

स्मॉल फाइबर न्यूरोपैथी अपने आप में जानलेवा नहीं मानी जाती और इससे उम्र पर सीधा असर नहीं पड़ता। लेकिन इसके पीछे डायबिटीज जैसी कोई गंभीर वजह छिपी हो सकती है। इसलिए पैरों की जलन को मामूली मानकर टालने के बजाय समय पर जांच कराना ही समझदारी है।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।