स्वास्थ्य

Shoulder Cracking Sound: कंधा घुमाने पर हड्डी के पास कटकट की आवाज आती है, हेल्थलाइन से जानें इसके कारण

Snapping Scapula Syndrome: कंधा घुमाने पर कटकट की आवाज आती है? हेल्थलाइन और साइंसडायरेक्ट से जानें कंधे में आवाज के कारण, कब यह सामान्य है और किन लक्षणों में डॉक्टर से जांच जरूरी है।
3 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 8:32 AM IST
Man holding his shoulder while raising arm, cracking sound and pain in shoulder joint
कंधा घुमाने पर कभी-कभार आने वाली आवाज अक्सर सामान्य होती है, पर दर्द साथ हो तो जांच जरूरी है।- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

Shoulder Cracking Sound: सोचिए की आपने सुबह उठकर हाथ ऊपर किया और कंधे से कट की आवाज आ गई। कई लोग इसे सुनकर घबरा जाते हैं, तो कई पूरी तरह नजरअंदाज कर देते हैं। सच यह है कि कंधे की हर आवाज बीमारी नहीं होती, पर हर आवाज को अनदेखा करना भी ठीक नहीं। फर्क इस बात से पड़ता है कि आवाज के साथ और क्या महसूस हो रहा है। हर बार इसको सामान्य समझने की गलती से आपको भारी नुकसान भी हो सकता है। अब बात आती है कि आखिर ऐसा किस कारण से होता है और इसके लक्षण क्या हैं साथ ही इससे बचने के लिए हमें क्या करना चाहिए। तो आइए जानते हैं इसके बारे में।

कंधे में आवाज क्यों आती है?

हेल्थलाइन के अनुसार, चिकित्सा भाषा में इसे क्रेपिटस कहते हैं। कई बार इसका कारण बिल्कुल हानिरहित होता है। जोड़ों में बनने वाले गैस के बुलबुले अचानक फूटने से वैसी ही आवाज आ सकती है, जैसी उंगलियां चटकाने पर आती है। इसे कैविटेशन कहते हैं। इसमें न दर्द होता है, न सूजन। अगर आवाज कभी-कभार आती है और कंधा आराम से घूमता है, तो आमतौर पर चिंता की बात नहीं मानी जाती।

कंधे से आवाज आने के पीछे ये कारण कारण हो सकते हैं?

  • शोल्डर ब्लेड की रगड़ (स्नैपिंग स्कैपुला)-साइंसडायरेक्ट के मुताबिक, कंधे की पीछे वाली चपटी हड्डी (स्कैपुला) पसलियों के ऊपर फिसलती है। इन दोनों के बीच असली जोड़ नहीं होता, सिर्फ मांसपेशियां और द्रव से भरी थैलियां (बर्सा) गद्दी का काम करती हैं। बर्सा में सूजन आ जाए या मांसपेशियों का संतुलन बिगड़ जाए, तो हाथ उठाने पर चटकने या रगड़ने जैसी आवाज और दर्द हो सकता है।
  • पुरानी चोट- कंधे की हड्डी या पसली में कभी फ्रैक्चर हुआ हो और वह ठीक से न जुड़ा हो, तो वहां उभार बन सकता है। इस उभार के कारण कई साल बाद भी आवाज आ सकती है।
  • लैब्रम में चोट- कंधे के सॉकेट में उपास्थि (कार्टिलेज) की एक परत होती है, जिसे लैब्रम कहते हैं। इसमें चोट हो तो लगभग हर गतिविधि में दर्द के साथ आवाज महसूस हो सकती है।
  • गठिया (ऑस्टियोआर्थराइटिस)- उम्र के साथ जोड़ की कार्टिलेज घिसने लगती है। तब हड्डियां आपस में रगड़ खाती हैं और घिसने जैसी आवाज आ सकती है।
  • हड्डी की गांठ- कभी-कभी कंधे की हड्डी या पसली पर एक सौम्य उभार (ऑस्टियोकॉन्ड्रोमा) बन जाता है। यह कैंसर नहीं होता, पर हाथ उठाने पर आवाज का कारण बन सकता है। कई लोगों में यह बिना किसी लक्षण के भी होता है।

ये संकेत हों तो डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए?

  • आवाज के साथ हर बार दर्द हो।
  • चोट या गिरने के बाद आवाज शुरू हुई हो।
  • कंधे में सूजन, लालिमा या गर्माहट हो।
  • हाथ उठाने या पीछे ले जाने में दिक्कत बढ़ रही हो।
  • रात में दर्द से नींद टूट रही हो।
  • कंधे की हड्डी एक तरफ उठी हुई या असमान दिखे।

इसकी जांच और इलाज कैसे होता है?

ज्यादातर मामलों में डॉक्टर कंधे को अलग-अलग दिशाओं में घुमाकर जांच करते हैं। जरूरत लगे तो एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, सीटी या एमआरआई की सलाह दी जाती है। स्नैपिंग स्कैपुला जैसी स्थिति में इलाज की शुरुआत आमतौर पर बिना ऑपरेशन के होती है, दर्द-सूजन कम करने की दवाएं (डॉक्टर की सलाह से), फिजियोथेरेपी, कंधे की मांसपेशियों को मजबूत करने वाले व्यायाम और बैठने-उठने की मुद्रा में सुधार। एक मेडिकल समीक्षा के अनुसार ऑपरेशन के बारे में सोचने से पहले आमतौर पर 3 से 6 महीने बिना सर्जरी वाले उपाय आजमाने की सलाह दी जाती है। कुछ मामलों में स्टेरॉयड इंजेक्शन भी दिया जाता है। सर्जरी तभी देखी जाती है जब बाकी उपायों से राहत न मिले।

कंधे में होने वाली इस समस्या से ऐसे बच सकते हैं?

  • आवाज सुनने के लिए कंधे को जानबूझकर बार-बार न घुमाएं।
  • दर्द हो तो भारी सामान ऊपर उठाने से बचें।
  • लंबे समय तक झुककर बैठने की आदत सुधारें।
  • व्यायाम शुरू करने से पहले किसी फिजियोथेरेपिस्ट से सही तरीका सीख लें।
  • खुद से दर्द की दवा या इंजेक्शन न लें।
डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
Also Read
View All