स्वास्थ्य

Burning Feet: पैरों के तलवों में बार-बार जलन और झनझनाहट क्यों होती है? NHS से समझिए क्या है Tarsal Tunnel Syndrome

Burning Feet Symptoms:Tarsal Tunnel Syndrome में टखने के अंदर की नस दबने से तलवों में जलन, झनझनाहट और सुन्नपन हो सकता है। क्लीवलैंड क्लिनिक और NHS से जानिए लक्षण, कारण, जांच, इलाज के बारें में।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 11:35 AM IST
Tarsal Tunnel Syndrome में टखने और तलवे के दर्द व झनझनाहट से परेशान व्यक्ति
चलने या कसरत के बाद तलवों में बार-बार जलन और झनझनाहट हो, तो इसे सिर्फ थकान न समझें। टखने के अंदर दबी नस इसकी वजह हो सकती है, इसलिए जांच कराना जरूरी है। (प्रतीकात्मक फोटो) Source- freepik

Burning Feet Causes: तलवों में जलन हो तो ज्यादातर लोग सबसे पहले गर्मी, चप्पल या थकान को दोष देते हैं। कोई ठंडे पानी में पैर डुबोकर बैठ जाता है, तो कोई तेल मलकर सो जाता है। पर जब यही जलन और झनझनाहट हफ्तों तक बार-बार लौटे, खासकर चलने या कसरत के बाद, तो इसे हल्के में लेना ठीक नहीं। इसकी एक वजह Tarsal Tunnel Syndrome हो सकती है। इसमें टखने के अंदर की तरफ एक संकरे रास्ते से गुजरने वाली नस दब जाती है, और असर तलवे और उंगलियों तक पहुंचता है। अच्छी बात यह है कि समय पर पहचान हो जाए तो लोगों को सही देखभाल से राहत मिल जाती है।

Tarsal Tunnel Syndrome क्या होता है?

क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, टखने के अंदर की तरफ हड्डियों और लिगामेंट से बना एक तंग रास्ता होता है, जिसे टार्सल टनल कहते हैं। पिंडली से उतरकर तलवे तक जाने वाली टिबियल नस इसी रास्ते से गुजरती है। जब इस नस पर दबाव पड़ता है, तो समस्या शुरू होती है, ठीक वैसे ही जैसे कलाई में कार्पल टनल सिंड्रोम। यह अक्सर एक ही पैर में दिखता है। इसके कितने मरीज हैं, इसका सटीक आंकड़ा विशेषज्ञों के पास भी नहीं, क्योंकि कई लोगों की जांच ही नहीं हो पाती।

जलन के साथ कौन से लक्षण दिखें तो हों सतर्क

सबसे आम शिकायत टखने के अंदरूनी हिस्से या तलवे में दर्द और जलन है। तकलीफ अक्सर चलने या कसरत के दौरान या उसके बाद बढ़ती है। गंभीर या पुराने मामलों में लक्षण हर समय रह सकते हैं।

  • तलवे या टखने के अंदर जलन।
  • पिन-सुई चुभने जैसी झनझनाहट।
  • पैर या उंगलियों में सुन्नपन।
  • पैर की मांसपेशियों में कमजोरी।

Tarsal Tunnel Syndrome की क्या हैं मुख्य वजहें

एनएचएस (NHS) के अनुसार, पैर का बहुत चपटा होना या आर्च का बहुत ऊंचा होना नस पर दबाव बढ़ा सकता है। टखने की मोच या फ्रैक्चर, नस के पास गांठ, हड्डी का उभार और वैरिकोज वेन्स भी वजह बन सकते हैं। थायरॉइड की कमी, डायबिटीज और गठिया जैसी बीमारियां भी इससे जुड़ी मिलती हैं। 40 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को पहले टखने की मोच जैसी चोट लगी होती है। इसलिए पुरानी मोच को हल्के में न लें।

डॉक्टर इसकी जांच और इलाज कैसे करते हैं?

डॉक्टर पहले लक्षण पूछते हैं और टखने की जांच करते हैं। जरूरत पड़ने पर नस पर हल्के से थपथपाकर देखा जाता है कि झनझनाहट लौटती है या नहीं। इसके अलावा EMG, MRI या अल्ट्रासाउंड, और डायबिटीज जैसी वजहें टटोलने के लिए ब्लड टेस्ट भी हो सकते हैं। शुरुआत अक्सर आराम, बर्फ की सिकाई, पट्टी या ब्रेस और पैर ऊंचा रखने से होती है। बर्फ कपड़े में लपेटकर एक बार में 20 मिनट तक ही लगाएं। जरूरत हो तो डॉक्टर खास इनसोल, फिजियोथेरेपी या स्टेरॉयड इंजेक्शन सुझाते हैं। दर्द की दवा या इंजेक्शन खुद से न लें। सारे गैर-सर्जिकल इलाज के बाद भी तकलीफ गंभीर रहे, तो सर्जरी का विकल्प आता है। इसमें नस को दबाव से मुक्त किया जाता है या दबाव डाल रही गांठ हटाई जाती है। देरी हुई तो नस को स्थायी नुकसान हो सकता है। बचाव के लिए;

  • कसरत के बीच आराम दें और पहले वार्म-अप करें।
  • पैरों और टखनों की स्ट्रेचिंग करें।
  • सही फिटिंग वाले सपोर्टिव जूते पहनें।

तलवों की बार-बार होने वाली जलन को Tarsal Tunnel Syndrome की नजर से भी देखना चाहिए, खासकर जब पुरानी मोच या चपटे पैर का इतिहास हो। जल्दी इलाज शुरू हो तो कई लोगों को अच्छी राहत मिलती है। इसलिए जलन हफ्तों से बनी हो, तो घरेलू नुस्खों से आगे बढ़कर डॉक्टर या ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ से मिलें।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
Updated on:
16 Nov 2026, 11:35 AM IST
Published on: