15 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Living With One Kidney: क्या एक किडनी के साथ पूरी जिंदगी जी सकते हैं? नेशनल किडनी फाउंडेशन से जानिए सुरक्षित रखने के उपाय और जांच के बारे में

Can You Live With One Kidney: एक किडनी हो तो क्या होगा? नेशनल किडनी फाउंडेशन और क्लीवलैंड क्लिनिक से जानिए सेहत पर असर, जरूरी जांचें, खानपान और बची हुई किडनी को सुरक्षित रखने के उपाय।
4 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Nidhi Yadav

•

Updated: 15 Nov 2026, 3:32 PM IST

मानव शरीर में किडनी की स्थिति दर्शाने वाला चित्र

किडनी खून को छानकर गंदगी बाहर निकालती हैं। एक किडनी होने पर यह काम बची हुई किडनी को ही संभालना पड़ता है- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

Living With One Kidney: अस्पताल के बाहर बैठे एक मरीज के परिजन से मैंने कभी पूछा था कि सबसे ज्यादा डर किस बात का है। जवाब सीधा था, डॉक्टर साहब ने कहा है एक किडनी निकालनी पड़ेगी। अब आगे जिंदगी कैसी होगी? यह सवाल सिर्फ उसी परिवार का नहीं है। किसी को अल्ट्रासाउंड में अचानक पता चलता है कि जन्म से एक ही किडनी है। कोई अपने पिता को किडनी दान करने की सोच रहा होता है। किसी की किडनी कैंसर या चोट के कारण निकालनी पड़ती है। हर बार मन में वही डर उठता है कि अब क्या होगा। राहत की बात यह है कि ज्यादातर मामलों में जवाब उतना डरावना नहीं है जितना लगता है। पर सब ठीक है कहकर बैठ जाना भी समझदारी नहीं है। आइए समझते हैं कि आखिर एक किडनी के साथ जीवन कितना कठिन होता है क्या-क्या इसके साइड इफ़ेक्ट होते हैं और इससे जुड़ी तमाम जरुरी बातें।

किडनी का काम क्या है और एक किडनी कैसे रह जाती है?

किडनी, यानी गुर्दे, हमारे खून को छानने वाली प्राकृतिक मशीन हैं। ये खून से गंदगी और अतिरिक्त पानी अलग कर पेशाब के रास्ते बाहर निकालती हैं। आमतौर पर हर इंसान में दो किडनी होती हैं। एक किडनी के साथ जीने वाले लोग अलग-अलग वजहों से इस स्थिति में पहुंचते हैं;

  • जन्म से एक किडनी।
  • जन्म से दो, पर काम एक ही करती है।
  • चोट, कैंसर या किसी बीमारी की वजह से एक किडनी निकालनी पड़ सकती है।
  • किसी जरूरतमंद को ट्रांसप्लांट के लिए अपनी एक किडनी देना।
  • पेशाब की नली में रुकावट या किडनी की धमनी के सिकुड़ने जैसी वजहों से एक किडनी धीरे-धीरे काम करना बंद कर सकती है।

क्या एक किडनी के साथ पूरी जिंदगी जी जा सकती है?

हां, ज्यादातर लोग जी सकते हैं। नेशनल किडनी फाउंडेशन (अमेरिका) के अनुसार ज्यादातर लोग एक किडनी के साथ पूरा और स्वस्थ जीवन जीते हैं। क्लीवलैंड क्लिनिक के नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. जेम्स साइमन भी यही कहते हैं। उनके मुताबिक जो किडनी जितनी स्वस्थ और जितनी कम उम्र की होती है, वह उतना ज्यादा बोझ उठा लेती है। किडनी की क्षमता थोड़ी घटती जरूर है, पर अक्सर सामान्य दायरे में ही रहती है। यहां उम्र का फर्क समझना जरूरी है। उम्र बढ़ने के साथ किडनी की क्षमता वैसे भी कम होती जाती है। इसलिए अगर कोई 60-65 साल की उम्र में एक किडनी खोता है, तो बची हुई किडनी के पास भरपाई करने की गुंजाइश कम होती है। ऐसे में किडनी की कार्यक्षमता काफी घट सकती है, और डॉ. साइमन के अनुसार कभी-कभी आधी तक। 30 साल के इंसान में यही भरपाई कहीं बेहतर होती है।

किन परेशानियों पर नजर रखनी चाहिए?

एक स्वस्थ किडनी के साथ ज्यादातर लोगों को कम दिक्कतें होती हैं। फिर भी कुछ बातें समय के साथ सामने आ सकती हैं;

  • हाई ब्लड प्रेशर।
  • पेशाब में प्रोटीन।
  • क्रॉनिक किडनी डिजीज (CKD)।

कौन-सी जांचें और कितनी बार?

एक किडनी वाले हर व्यक्ति के लिए सालाना जांच की आदत सबसे काम की है। इसमें आम तौर पर ये शामिल हैं;

  • eGFR (खून की जांच)- बताती है कि किडनी खून को कितनी अच्छी तरह छान रही है।
  • uACR (पेशाब की जांच)- पेशाब में एल्ब्यूमिन (प्रोटीन) की मात्रा देखती है, जो किडनी को हुए नुकसान का संकेत हो सकती है।
  • ब्लड प्रेशर- कम से कम साल में एक बार, और घर पर भी समय-समय पर जांचना बेहतर है।
  • जरूरत पड़ने पर अल्ट्रासाउंड या सीटी स्कैन।

बची हुई एक किडनी को सुरक्षित रखने की आदतें

1.दर्द की दवाओं में सावधानी बरतें- हमारे यहां सिरदर्द, कमर दर्द या जोड़ों के दर्द में लोग बिना पूछे दवा की दुकान से गोली ले लेते हैं। आइबुप्रोफेन, नेप्रोक्सेन और डाइक्लोफेनेक जैसी दवाएं NSAIDs की श्रेणी में आती हैं। नेशनल किडनी फाउंडेशन इन्हें बिना पूछे लेने से बचने की सलाह देता है, और क्लीवलैंड क्लिनिक इन्हें सीमित मात्रा में ही लेने को कहता है। दर्द बार-बार हो रहा हो तो डॉक्टर को बताएं कि आपकी एक ही किडनी है।

2. देसी नुस्खे, पाउडर और सप्लीमेंट- किडनी साफ करने वाले काढ़े, पाउडर या बिना जांचे बाजारू उत्पाद लेने से पहले डॉक्टर से जरूर पूछें। किडनी को किसी खास सफाई की जरूरत नहीं होती। उसे हानिकारक चीजों से बचाना ही सबसे बड़ी देखभाल है।

3. पर्याप्त पानी पिएं, खासकर गर्मी में।

4. धूम्रपान छोड़ें और शराब सीमित रखें।

5. नेशनल किडनी फाउंडेशन, CDC की सलाह के हवाले से, हफ्ते में 150 मिनट शारीरिक गतिविधि का सुझाव देता है। इसके लिए जिम जरूरी नहीं है। पैदल चलना, बागवानी, नाचना और घर के काम भी गिने जाते हैं। इसे दिन भर में बांटकर भी किया जा सकता है।

6. डायबिटीज या ब्लड प्रेशर है तो नियमित दवा और जांच में लापरवाही न करें।

7. नेशनल किडनी फाउंडेशन सालाना फ्लू शॉट लगवाने की सलाह देता है।

किन हालात में तुरंत डॉक्टर के पास जाएं?

एक किडनी वाले इंसान के लिए छोटी दिक्कत भी जल्दी बड़ी बन सकती है। क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार किडनी की पथरी जैसी आम समस्या भी, अगर किडनी का काम कुछ समय के लिए रुक जाए, तो इमरजेंसी बन सकती है। इसलिए इन हालात में देर न करें;

  • पीठ या बगल में तेज दर्द।
  • बुखार के साथ पेशाब में जलन।
  • पेशाब का अचानक बहुत कम हो जाना।
  • पेशाब में खून दिखना।

1. क्या एक किडनी वाले की उम्र कम हो जाती है?

उत्तर- नेशनल किडनी फाउंडेशन के अनुसार जन्म से एक किडनी होने पर जो मामूली क्षमता-हानि हो सकती है, वह आम तौर पर हल्की रहती है और जीवन अवधि पर असर नहीं डालती।

क्या एक किडनी वाले को दवाएं लेनी पड़ती हैं?

उत्तर- अगर किडनी ठीक है और कोई दूसरी बीमारी नहीं है, तो आम तौर पर दवा की जरूरत नहीं होती। ट्रांसप्लांट कराने वाले या किडनी रोग वाले लोगों के लिए बात अलग है, उन्हें डॉक्टर की बताई दवाएं लेनी होती हैं।

क्या हर किसी को एक किडनी के साथ कोई पाबंदी माननी पड़ती है?

उत्तर- स्वस्थ किडनी हो तो खानपान और रहन-सहन पर कोई खास पाबंदी नहीं होती। मुख्य सावधानी चोट से बचाव और नियमित जांच की है।

एक किडनी का मतलब अधूरी जिंदगी नहीं है। मतलब बस इतना है कि जो अंग काम कर रहा है, उस पर थोड़ा ज्यादा ध्यान देना है। साल में एक बार जांच, संतुलित खानपान, दर्द की दवाओं में सावधानी और रोज थोड़ी चहल-कदमी, यही चार आदतें सबसे ज्यादा मायने रखती हैं। और जो इस स्थिति में नए-नए पहुंचे हैं, वे अकेले नहीं हैं। बहुत से लोग सालों से सामान्य जिंदगी जी रहे हैं।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।