
Tilak Varma Health: हाल ही में दोहा में एशिया कप राइजिंग स्टार्स के पहले सेमीफाइनल में India A के कप्तान तिलक वर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। उन्होंने 66 गेंदों पर 53 रन बनाए और टीम ने 317 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके बावजूद श्रीलंका A ने 8 विकेट से मुकाबला जीत लिया। मैच के बाद तिलक ने इसे एक खराब दिन कहा और गेंदबाजी योजना के नाकाम रहने की बात मानी। लेकिन क्या आपको याद है वो खबर जिसने पिछले साल लोगों को चौंकाया था। अक्टूबर 2025 में तिलक ने बताया कि 2022 में उन्हें Rhabdomyolysis हुआ था। यह मांसपेशियों से जुड़ी ऐसी बीमारी है जिसका नाम ज्यादातर लोगों ने तब पहली बार सुना। आइए जानते हैं कि ये बीमारी क्या होती है और इससे कैसे बचा जा सकता है।
क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार इसमें मांसपेशियां टूटकर बिखरने लगती हैं और उनके विषैले तत्व खून और किडनी तक पहुंच जाते हैं। इनमें पोटैशियम, फॉस्फेट, मायोग्लोबिन और क्रिएटिन काइनेज (CK) जैसे तत्व शामिल हैं। किडनी इन्हें छानकर बाहर निकालती है, लेकिन ज्यादा मात्रा में ये किडनी को नुकसान पहुंचा देते हैं, और नौबत किडनी फेल होने तक आ सकती है। यह दुर्लभ है। क्लीवलैंड क्लिनिक के आंकड़े के हिसाब से अमेरिका में हर साल करीब 26,000 लोग इससे प्रभावित होते हैं। अमेरिकी संस्था CDC (NIOSH) इसे गंभीर बीमारी कहती है, जो स्थायी विकलांगता या मौत तक ले जा सकती है।
CDC के मुताबिक वह दर्द या ऐंठन जो उम्मीद से कहीं ज्यादा हो, थकान और कमजोरी जो पहले की आसान कसरत को भी पूरा न होने दे, ये भी संकेत हैं। क्लीवलैंड क्लिनिक कहता है कि लक्षण अक्सर मांसपेशी की चोट के एक से तीन दिन बाद दिखते हैं। कुछ लोगों को तो मांसपेशियों में दर्द महसूस भी नहीं होता। सिर्फ लक्षणों से पता नहीं चलता कि रैब्डो है। इसके लक्षण हीट स्ट्रोक या डिहाइड्रेशन जैसे लग सकते हैं। पक्का पता सिर्फ जांच से चलता है।
डॉक्टर आपकी गतिविधि, दवाओं और इतिहास के बारे में पूछते हैं। फिर खून में CK का स्तर और पेशाब में मायोग्लोबिन की जांच होती है। CDC बताती है कि CK बढ़ रहा है या घट रहा है, यह देखने के लिए जांच बार-बार करनी पड़ती है। इलाज का आधार है IV रूप से तरल और इलेक्ट्रोलाइट्स देना, जिससे विषैले तत्व धुल जाएं। इसके लिए कुछ दिन अस्पताल में रहना पड़ सकता है। किडनी को ज्यादा नुकसान हुआ हो, तो डायलिसिस की जरूरत पड़ सकती है।क्लीवलैंड क्लिनिक के मुताबिक जटिलताएं न हों तो कुछ हफ्तों में बेहतर महसूस होने लगता है, पर ज्यादातर लोगों में कुछ हफ्ते मांसपेशियों की कमजोरी रहती है। करीब 50% मामलों तक में किडनी को तीव्र क्षति हो सकती है। कसरत दोबारा शुरू करने का फैसला डॉक्टर के ओके के बाद ही करें, और इसमें हफ्तों से महीनों लग सकते हैं।
मैदान पर तिलक को देखकर कोई नहीं सोचेगा कि वे कभी इतनी गंभीर स्थिति में रहे होंगे। इसी में सबसे बड़ी सीख है। लगातार मेहनत और आराम का संतुलन सिर्फ खिलाड़ियों के लिए नहीं, जिम जाने वाले, फौज की तैयारी करने वाले या गर्मी में मजदूरी करने वाले हर इंसान के लिए जरूरी है।