26 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Health / National Milk Day: दूध और दूध से बनी चीजें में कितना अंतर है? हेल्थलाइन और सीनियर डाइटिशियन से जानिए A1 और A2 दूध का फर्क

National Milk Day: दूध और दूध से बनी चीजें में कितना अंतर है? हेल्थलाइन और सीनियर डाइटिशियन से जानिए A1 और A2 दूध का फर्क

National Milk Day पर हेल्थलाइन से जानिए A1 और A2 दूध का फर्क, दूध, दही, पनीर और घी में लैक्टोज कितना होता है और किसे कौन सी चीज सूट करेगी साथ ही सीनियर डाइटिशियन पूजा चुघ से समझिए दूध और दूध से बनी चीजें में कितना अंतर है।
4 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Nidhi Yadav

•

Updated: 26 Nov 2026, 7:44 AM IST

मेज पर रखे दूध के गिलास, कटोरी में दही, पनीर के टुकड़े और घी, National Milk Day पर डेयरी प्रोडक्ट का फर्क

दूध, दही, पनीर और घी में लैक्टोज की मात्रा अलग-अलग होती है। (फोटो- प्रतीकात्मक) (source- Chatgpt)

National Milk Day: हर साल 26 नवंबर को नेशनल मिल्क डे मनाया जाता है। यह दिन डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती पर आता है, जिन्हें भारत में श्वेत क्रांति का जनक माना जाता है। भारत का दूध उत्पादन 2014-15 के 146.31 मिलियन टन से बढ़कर 2024-25 में 247.87 मिलियन टन हो गया, जो दुनिया के कुल उत्पादन का करीब एक-चौथाई है। इतना दूध होने के बावजूद आज सबसे ज्यादा सवाल दूध की किस्म को लेकर हैं। बाजार में A2 दूध अलग दाम पर बिक रहा है, कई घरों में दूध पीने पर पेट फूलने की शिकायत है, और लोग पूछ रहे हैं कि दही या पनीर चल जाएगा या नहीं। आइए आपके इन्हीं सवालों के जवाब के साथ इस नेशनल मिल्क डे पर जानते हैं दूध और दूध से बनी चीजें अपनी थाली में शामिल में करने के क्या फायदे और नुकसान हो सकते हैं।

A1 और A2 दूध में फर्क क्या है?

वेबएमडी और हेल्थलाइन के अनुसार, दूध में कैसीन नाम का प्रोटीन होता है और उसका एक हिस्सा बीटा-कैसीन कहलाता है। इसके दो रूप हैं, A1 और A2, और दोनों में एक अमीनो एसिड का अंतर होता है। आम दूध में A1 और A2 दोनों बीटा-कैसीन हो सकते हैं, जबकि A2 दूध में सिर्फ A2 बीटा-कैसीन होता है। यह अंतर गाय की नस्ल पर निर्भर करता है। आम गाय के दूध में A1 और A2 का अनुपात नस्ल के हिसाब से लगभग आधा-आधा रहता है। किसी दूध में सिर्फ A2 है या नहीं, इसका पक्का पता सिर्फ जेनेटिक जांच से चलता है। नस्ल से अंदाजा लगाया जा सकता है, पर पुष्टि जांच से ही होती है। इसलिए देसी गाय का दूध है, तो A2 ही होगा जैसे दावे को आंख मूंदकर न मानें।

क्या A2 दूध सच में ज्यादा फायदेमंद है?

इस पर बहस अभी जारी है। A1 बीटा-कैसीन के पाचन के दौरान BCM-7 नाम का पेप्टाइड बनता है, और इसी को लेकर चिंता जताई जाती है। पर रिसर्च की तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है। चीन के 45 वयस्कों पर हुई एक छोटी स्टडी में, जिन्हें दूध पचाने में दिक्कत थी, A2 दूध से पेट दर्द और पेट फूलने के लक्षण A1 दूध के मुकाबले हल्के रहे। ऑटिज्म के लक्षणों पर A1 और A2 दूध के असर को परखने वाला कोई मानव ट्रायल अब तक नहीं हुआ है। यानी कुछ लोगों को A2 दूध से पेट में राहत मिल सकती है, पर इसे इलाज या बीमारियों से बचाव की गारंटी मानना जल्दबाजी होगी। स्वाद और पोषण दोनों किस्मों में लगभग एक जैसे हैं।

लैक्टोज इनटॉलरेंस और दूध की एलर्जी एक चीज नहीं

हेल्थलाइन के अनुसार, यहीं सबसे ज्यादा गलतफहमी होती है। A1 और A2 दोनों दूध में लैक्टोज की मात्रा बराबर होती है। इसलिए अगर दिक्कत लैक्टोज की है, तो सिर्फ A2 दूध पर स्विच करने से हल नहीं निकलेगा। ऐसे में लैक्टोज-फ्री दूध लिया जा सकता है, या लैक्टेज सप्लीमेंट का सहारा लिया जा सकता है। दूध से एलर्जी अलग मामला है। यह दूध के प्रोटीन से होती है और इसमें पनीर-दही समेत हर डेयरी चीज से परहेज करना पड़ सकता है। पनीर में दूध का प्रोटीन होता है, इसलिए दूध से एलर्जी वाले के लिए वह सुरक्षित नहीं है।

दूध, दही, पनीर, घी; किसमें कितना लैक्टोज

Journal of Translational Medicine में प्रकाशित लैक्टोज इनटॉलरेंस की पोषण संबंधी समीक्षा की तालिका के अनुसार, दूध से बनी हर चीज में लैक्टोज एक जैसा नहीं होता। एक प्रकाशित शोध-तालिका के अनुसार प्रति 100 ग्राम लैक्टोज की मात्रा कुछ इस तरह है;

खरीदते और खाते समय ध्यान रखें

  • लेबल पढ़ें। A2 लिखा होने पर निर्माता से पूछें कि दावा किस जांच पर टिका है।
  • एक बार में एक बदलाव करें। दूध की जगह दही लेकर देखें, फिर लैक्टोज-फ्री दूध, ताकि पता चले कि असल दिक्कत कहां है।
  • मात्रा छोटी रखें। लैक्टोज इनटॉलरेंस में अक्सर थोड़ी मात्रा चल जाती है।
  • लक्षण दोहराएं तो जांच कराएं। बार-बार पेट दर्द, दस्त, गैस या त्वचा पर चकत्ते जैसे लक्षण हों तो खुद से डाइट तय करने के बजाय डॉक्टर या रजिस्टर्ड डायटीशियन से मिलें।

दूध और दूध से बनी चीजें में कितना अंतर है

सीनियर डाइटिशियन पूजा चुघ के अनुसार, दूध और उससे बनी चीजों में सबसे बड़ा फर्क लैक्टोज की मात्रा और उनके बनने की प्रक्रिया का है। दूध में लैक्टोज सबसे ज्यादा होता है, इसलिए जिन्हें इसे पचाने में दिक्कत है, उन्हें पेट फूलने या दर्द जैसी शिकायत हो सकती है। दही में मौजूद बैक्टीरिया लैक्टोज को तोड़ते हैं, इसलिए वह कई लोगों को दूध से आसानी से पच जाता है। पनीर में फर्मेंटेशन नहीं होता, इसलिए उसे भी मात्रा देखकर ही खाना चाहिए, जबकि घी में लैक्टोज बहुत कम होता है। एक जरूरी बात यह है कि A2 दूध पर स्विच करने से लैक्टोज की समस्या खत्म नहीं होती, क्योंकि उसमें भी लैक्टोज उतना ही रहता है। लैक्टोज इनटॉलरेंस और दूध की एलर्जी अलग चीजें हैं, और एलर्जी में दूध से बनी हर चीज से परहेज करना पड़ सकता है। इसलिए बार-बार लक्षण दिखें तो खुद से डाइट बदलने के बजाय जांच कराएं और विशेषज्ञ की सलाह से ही दूध या डेयरी प्रोडक्ट चुनें।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।