25 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Health / Morning Eye Pain And Watering: सुबह आंख खोलते ही तेज दर्द और पानी किस कारण से आता है, AAO से जानें इस समस्या के बारे में

Morning Eye Pain And Watering: सुबह आंख खोलते ही तेज दर्द और पानी किस कारण से आता है, AAO से जानें इस समस्या के बारे में

Morning Eye Pain And Watering: सुबह आंख खुलते ही तेज दर्द और पानी आना रीकरेंट कॉर्नियल इरोजन का संकेत हो सकता है। क्लीवलैंड क्लिनिक, अमेरिकन एकेडमी ऑफ ऑप्थैल्मोलॉजी और नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसन से जानें इसके कारण, लक्षण, इलाज और डॉक्टर को कब दिखाएं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Nidhi Yadav

•

Updated: 25 Nov 2026, 10:04 AM IST

सुबह उठते ही आंख में दर्द और पानी आने से परेशान व्यक्ति अपनी आंख को छूता हुआ

रीकरेंट कॉर्नियल इरोजन में सुबह पलकें खुलते ही कॉर्निया की बाहरी परत उखड़ सकती है, जिससे तेज दर्द होता है- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

Morning Eye Pain And Watering: रात को आराम से सोए और सुबह जैसे ही पलकें खोलीं, लगा आंख में किसी ने कांटा चुभो दिया। आंख से पानी बहने लगा, रोशनी चुभने लगी और लाली भी दिखी। एक-दो घंटे में कुछ राहत मिली तो आपने सोचा कि नींद पूरी नहीं हुई होगी या धूल चली गई होगी। फिर कुछ दिन या हफ्तों बाद वही सब दोबारा हुआ। अगर यह पैटर्न आपको जाना-पहचाना लग रहा है, तो इसे हल्के में न लें। यह रीकरेंट कॉर्नियल इरोजन हो सकता है। आइए जानते हैं कि ऐसा किस कारण से होता है और कैसे बचा जा सकता है।

यह आखिर होती क्या है?

क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, कॉर्निया आंख के सामने की पारदर्शी परत है, जो खिड़की के शीशे की तरह काम करती है। इसकी सबसे बाहरी परत को एपिथीलियम कहते हैं और उसके नीचे बोमैन मेंब्रेन होती है। सामान्य स्थिति में ये दोनों परतें मजबूती से जुड़ी रहती हैं। इस समस्या में यह जुड़ाव कमजोर पड़ जाता है। रात भर आंख बंद रहती है और सुबह पलक खुलते समय बाहरी परत खिंचकर उखड़ सकती है। एपिथीलियम में नसों के सिरे बहुत ज्यादा होते हैं, इसीलिए दर्द इतना तेज होता है।

कारण क्या हो सकते हैं?

अमेरिकन एकेडमी ऑफ ऑप्थैल्मोलॉजी के अनुसार, सबसे आम कारण आंख की कोई पुरानी चोट है। यह चोट नाखून, कागज के किनारे या किसी पेड़-पौधे की टहनी से लग सकती है। चोट कई साल पुरानी भी हो सकती है, और ऐसे मामलों में आमतौर पर एक ही आंख प्रभावित होती है। इनके अलावा ये स्थितियां भी जिम्मेदार हो सकती हैं;

  • कॉर्निया की कुछ बीमारियां, जैसे एपिथीलियल बेसमेंट मेंब्रेन डिस्ट्रॉफी (इसे मैप-डॉट-फिंगरप्रिंट डिस्ट्रॉफी भी कहते हैं)।
  • ड्राई आई।
  • टाइप 2 डायबिटीज।
  • पलकों की सूजन (ब्लेफेराइटिस)।
  • आंखों से जुड़ा रोसेशिया।

लक्षण कैसे पहचानें?

  • सुबह उठते ही आंख में तेज दर्द।
  • आंख से लगातार पानी बहना।
  • रोशनी में चुभन।
  • आंख लाल होना।
  • ऐसा लगना जैसे कुछ फंसा हो, भले कुछ दिखे नहीं।

घर पर क्या ध्यान रखें?

  • आंख को मलें नहीं, खासकर सुबह उठते ही।
  • डॉक्टर ने जो ड्रॉप या मलहम बताया है, उसे ठीक उसी तरह इस्तेमाल करें।
  • कॉन्टैक्ट लेंस लगाते हैं, तो तकलीफ होने पर उन्हें निकाल दें और डॉक्टर से पूछे बिना दोबारा न पहनें।
  • पुरानी बची दवा, बिना पर्चे की बूंदें या घरेलू नुस्खे आंख में न डालें। स्टेरॉयड वाली ड्रॉप बिना जांच के बिल्कुल न लें, क्योंकि गलत इस्तेमाल से संक्रमण बिगड़ सकता है।

तुरंत डॉक्टर के पास कब जाएं?

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसन के अनुसार, यह स्थिति अक्सर आपातकाल नहीं होती, पर कुछ संकेत गंभीर हो सकते हैं। दर्द के साथ इनमें से कुछ हो तो बिना देर किए नेत्र विशेषज्ञ या अस्पताल जाएं;

  • आंख में कटने, खरोंच या चुभने जैसी ताजा चोट।
  • अचानक नजर कम होना, भले थोड़ी देर के लिए।
  • बिना वजह की लाली या जलन।
  • मतली या उल्टी।
  • सिरदर्द या बुखार।

बचाव कैसे करें?

पक्की रोकथाम तो नहीं हो सकती, पर जोखिम घटाया जा सकता है। औजारों के साथ काम करते हुए, बाइक चलाते समय या धूल-मिट्टी वाली जगह पर सुरक्षात्मक चश्मा पहनें। छोटे बच्चों के नाखून कटे रखें। अगर आपको ड्राई आई, ब्लेफेराइटिस या डायबिटीज है, तो उसका इलाज नियमित रखें। रात को लुब्रिकेशन के बारे में अपने डॉक्टर से पूछ लें।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।