
Visual Snow Syndrome Hindi: रात को कमरे की लाइट बंद करके लेटते हैं तो सामने अंधेरा दिखता है, पर कुछ लोगों को अंधेरे में भी बारीक चमकते कण तैरते दिखते हैं, जैसे पुराने टीवी पर सिग्नल न आने पर आने वाली स्क्रीन। दिन में दीवार या आसमान की तरफ देखें तो भी यही कण साथ रहते हैं। अगर यह आपके साथ कई महीनों से हो रहा है, तो इसे थकान या नज़र का वहम समझकर टालना ठीक नहीं। यह विजुअल स्नो सिंड्रोम (VSS) हो सकता है। यह कम चर्चित, लेकिन न्यूरोलॉजिकल स्थिति है। आइए समझते हैं कि आखिर ये क्या है? इसके कारण और लक्षण क्या-क्या होते हैं?
यह आंखों की बीमारी से ज़्यादा दिमाग की विजुअल प्रोसेसिंग से जुड़ी समस्या मानी जाती है। इसमें पूरे नजारे पर छोटे-छोटे बिंदु दिखते रहते हैं। ये बिंदु काले-सफेद, रंगीन या पारदर्शी हो सकते हैं और कभी-कभी झपकते भी हैं। मरीज़ अक्सर इसे "हिलते हुए स्नो-ग्लोब के अंदर से देखने" जैसा बताते हैं। एक खास पहचान यह है कि ये बिंदु आंखें बंद करने पर भी दिख सकते हैं। आम फ्लोटर्स (आंख में तैरते धब्बे या धागे) ऐसे नहीं होते। उनमें आमतौर पर कुछ अलग आकार दिखते हैं और वे पूरे दृश्य पर एक जैसे नहीं छाए रहते। क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार दुनिया की लगभग 2 से 3 प्रतिशत आबादी में यह स्थिति पाई जा सकती है। यानी यह बहुत आम नहीं है, पर इतनी दुर्लभ भी नहीं कि इसे नजरअंदाज किया जाए।
नेचर रिसर्च के मुताबिक, सटीक कारण अभी पता नहीं है, वैज्ञानिकों का एक मत है कि दिमाग का वह हिस्सा जो देखी हुई चीज़ों को समझता है (ऑक्सीपिटल लोब) ज्यादा सक्रिय हो सकता है। इसी वजह से दिमाग ऐसी विजुअल आवाज बना देता है जो असल में बाहर है ही नहीं। इतना देखा गया है कि माइग्रेन और एंग्जायटी वाले लोगों में यह स्थिति ज्यादा मिलती है। कुछ लोगों में यह बचपन से रहती है और कुछ में किशोरावस्था या बीस की उम्र के आसपास शुरू होती है।