13 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Food Coma: खाना खाते ही क्यों आने लगती है नींद? हेल्थलाइन से जानें क्या है फूड कोमा

Food Coma Cause: खाना खाने के बाद तेज नींद क्यों आने लगती है? क्लीवलैंड क्लिनिक और हेल्थलाइन से जानिए फूड कोमा (Postprandial Somnolence) के कारण और इससे बचने के उपाय।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Nidhi Yadav

•

Updated: 13 Nov 2026, 11:30 AM IST

Person feeling tired and sleepy at the office desk after a heavy lunch, representing a food coma

भरपेट खाना खाने के बाद अक्सर सुस्ती या तेज नींद क्यों आने लगती है- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

Food Coma: खाना खाने के तुरंत बाद क्या आपकी भी आंखें बंद होने लगती हैं और किसी शांत जगह पर थोड़ी देर लेटने का मन करने लगता है? अगर हां, तो आप अकेले नहीं हैं। दोपहर या रात के भारी खाने के बाद यह सुस्ती हम में से ज्यादातर लोगों का अनुभव है। इसको फूड कोमा या पोस्टप्रांडियल सोम्नोलेंस (Postprandial Somnolence) कहा जाता है। लेकिन क्या कभी आपने सोचा है कि आखिर भरपेट खाना खाते ही शरीर में ऐसा क्या बदल जाता है कि आलस हावी हो जाता है? आइए समझते हैं कि इसके पीछे का वैज्ञानिक सच क्या है और कैसे आप इससे बच सकते हैं।

क्या वाकई कोई कोमा होता है?

हेल्थलाइन के अनुसार, सबसे पहले यह जान लेना जरूरी है कि यह कोई मेडिकल इमरजेंसी या असली कोमा नहीं है। यह सिर्फ एक अस्थायी अवस्था है, जिसमें खाना खाने के बाद शरीर सुस्त हो जाता है, ध्यान केंद्रित करने में परेशानी होती है और बहुत तेज नींद आने लगती है। यह स्थिति इस बात पर निर्भर करती है कि आपने क्या और कितना खाया है।

खाना खाते ही नींद क्यों आने लगती है ?

क्लीवलैंड क्लिनिक का कहना है कि जब हम जरूरत से ज्यादा या भारी खाना खा लेते हैं, तो हमारे शरीर के भीतर कई प्रक्रियाएं एक साथ शुरू हो जाती हैं। जब हम भोजन करते हैं, तो शरीर का पूरा ध्यान उसे पचाने पर लग जाता है। इस प्रक्रिया में पेट और आंतों (Digestive System) को ज्यादा खून की जरूरत होती है। इसलिए शरीर दिमाग और मांसपेशियों से खून का बहाव थोड़ा कम करके पेट की तरफ डायवर्ट कर देता है। दिमाग तक ऑक्सीजन और एनर्जी का फ्लो थोड़ा धीमा होने से सुस्ती महसूस होने लगती है।

जब कार्बोहाइड्रेट या शुगर से भरपूर खाना खाते हैं, तो शरीर में तेजी से इंसुलिन बनता है। यह इंसुलिन अमीनो एसिड ट्रिप्टोफैन (Tryptophan) को हमारे दिमाग तक पहुंचाने में मदद करता है। दिमाग में पहुंचकर ट्रिप्टोफैन सेरोटोनिन और मेलाटोनिन में बदल जाता है। यही वजह है कि भारी मील के बाद हमें सुकून भरी नींद घेर लेती है। पेट पूरी तरह भर जाने पर हमारा रेस्ट एंड डाइजेस्ट सिस्टम एक्टिव हो जाता है। यह तंत्र शरीर को आराम करने और ऊर्जा बचाने का संकेत देता है, जिससे सुस्ती छाने लगती है।

किन चीजों को खाने से सबसे ज्यादा आती है सुस्ती?

अगर आपकी थाली में तली-भुनी चीजें, मैदा, फास्ट फूड, जंक फूड या बहुत ज्यादा मीठा है, तो फूड कोमा की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। इसके अलावा, जिन खानों में ट्रिप्टोफैन की मात्रा अधिक होती है (जैसे दूध, पनीर, केला, चिकन आदि), वे भी नींद को जल्दी बढ़ावा देते हैं।

इस सुस्ती से कैसे पाएं छुटकारा?

दोपहर के वक्त काम के दौरान यह सुस्ती परेशानी का सबब बन सकती है। इससे बचने के लिए कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं;

  • एक बार में बहुत सारा खाने के बजाय दिनभर में थोड़े-थोड़े अंतराल पर हल्का भोजन (Small and frequent meals) लें।
  • खाने में रिफाइंड कार्ब्स और चीनी की मात्रा कम करें और फाइबर, प्रोटीन तथा हेल्दी फैट्स को शामिल करें।
  • भोजन के तुरंत बाद लेटने के बजाय 10-15 मिनट धीमी गति से टहलें। इससे पाचन बेहतर होता है और ब्लड सर्कुलेशन सुचारू रहता है।
  • दिनभर भरपूर पानी पिएं।

फूड कोमा (यानी खाना खाने के बाद आने वाली सुस्ती) कोई गंभीर बीमारी नहीं है, बल्कि यह शरीर का एक स्वाभाविक और प्राकृतिक संकेत है कि उसे खाए गए भोजन को पचाने के लिए मेहनत करनी पड़ रही है। यदि आप अपनी डाइट में थोड़ा संतुलन ले आएं (जैसे एक बार में बहुत ज्यादा खाने से बचें, रिफाइंड कार्ब्स कम लें और फाइबर-प्रोटीन को प्राथमिकता दें) और खाने के बाद थोड़ी देर टहलने की आदत डाल लें, तो इस भारीपन और नींद से आसानी से बचा जा सकता है।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।