
Actress Daveigh Chase Death Reason: डिज्नी की सुपरहिट एनिमेटेड फिल्म 'लीलो एंड स्टिच' में अपनी आवाज से दुनिया भर के बच्चों का दिल जीतने वाली अभिनेत्री डेवी चेज, अब इस दुनिया में नहीं रहीं। महज 35 साल की उम्र में 16 जून को एक्ट्रेस का निधन हो गया। कभी हॉलीवुड की सबसे चर्चित बाल कलाकारों में गिनी जाने वाली डेवी चेज का जीवन जितनी तेजी से सफलता की ऊंचाइयों पर पहुंचा, उतनी ही तेजी से निजी परेशानियों, कानूनी विवादों और अकेलेपन में भी उलझता चला गया।
लॉस एंजिलिस में 16 जून को डेवी चेज का निधन हुआ। आधिकारिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, उनकी मौत का मुख्य कारण एक्वायर्ड इम्यूनोडेफिशिएंसी सिंड्रोम (AIDS) बताया गया है। रिपोर्ट में लंबे समय तक कई प्रकार के नशीले पदार्थों के सेवन को भी उनकी बिगड़ती सेहत का एक अहम कारण माना गया। ये खबर सामने आने के बाद हॉलीवुड और उनके प्रशंसकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई।
डेवी चेज ने बहुत छोटी उम्र में अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। साल 2002 में रिलीज हुई डिज्नी की एनिमेटेड फिल्म 'लीलो एंड स्टिच' में उन्होंने मुख्य किरदार लीलो को आवाज दी थी। उनकी मासूम आवाज ने इस किरदार को यादगार बना दिया। फिल्म की जबरदस्त सफलता के बाद उन्होंने इसके सीक्वल और टीवी सीरीज में भी यही किरदार निभाया। इस एक भूमिका ने उन्हें दुनिया भर में पहचान दिला दी।
सिर्फ वॉयस आर्टिस्ट ही नहीं, डेवी ने लाइव-एक्शन फिल्मों में भी अपनी अलग पहचान बनाई। हॉलीवुड की चर्चित हॉरर फिल्म 'द रिंग' में उन्होंने समारा मॉर्गन का किरदार निभाया। लंबे काले बालों और डरावनी मौजूदगी वाला यह किरदार आज भी हॉरर फिल्मों के सबसे यादगार चेहरों में गिना जाता है। इसके अलावा उन्होंने डोनी डार्को, एस डार्को और कई कई फिल्मों में भी काम किया।
फिल्मों के साथ-साथ डेवी ने टीवी इंडस्ट्री में भी शानदार काम किया। HBO की लोकप्रिय सीरीज Big Love में उनका अभिनय काफी सराहा गया। कम उम्र में ही उन्होंने ऐसे गंभीर किरदार निभाए, जिनसे यह साबित हुआ कि वह सिर्फ बाल कलाकार नहीं बल्कि एक बेहतरीन अभिनेत्री भी थीं।
करीब 2016 के बाद डेवी ने अभिनय की दुनिया से लगभग दूरी बना ली। इसके बाद उनका नाम फिल्मों से ज्यादा निजी विवादों और कानूनी मामलों में सामने आने लगा। चोरी की गाड़ी में बैन लगे हुए पदार्थ रखने जैसे मामलों में उनका नाम जुड़ा। उनके पिता ने एक इंटरव्यू में बताया कि किशोरावस्था से ही वो नशे की लत से जूझ रही थीं और लंबे समय से परिवार से उनका संपर्क भी नहीं था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपने आखिरी वर्षों में डेवी आर्थिक और मानसिक परेशानियों से गुजर रही थीं। उनके करीबी लोगों का कहना है कि उन्होंने लंबे समय तक बेघर होकर भी जीवन बिताया। उनके बॉयफ्रेंड ने भी बताया कि कठिन बचपन, पारिवारिक दूरी और लगातार संघर्षों ने उनकी जिंदगी को गहरे प्रभावित किया था। दोनों ने साथ मिलकर सामान्य जीवन जीने की कोशिश की, लेकिन हालात पूरी तरह नहीं बदल सके।