
Ketan Agarwal Murder Case (सोर्स- )
Ketan Agarwal Murder Case: सोशल मीडिया पर बढ़ती नफरत और ट्रोलिंग अब सिर्फ बहस तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि कई मामलों में यह व्यक्तिगत हमलों और जान से मारने की धमकियों तक पहुंच रही है। ऐसा ही एक मामला अब निर्देशक और अभिनेता राहुल रविंद्रन के साथ सामने आया है।
पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड पर अपनी राय रखने के बाद राहुल को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर भारी विरोध का सामना करना पड़ा। हालात इतने बिगड़ गए कि उनके बच्चों तक को जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं। इसके बाद राहुल ने X छोड़ने का फैसला कर लिया।
राहुल रविंद्रन ने अपने पोस्ट में बताया कि वो काफी समय से एक्स छोड़ने के बारे में सोच रहे थे, लेकिन खेल, खासकर क्रिकेट के अलावा दूसरे भारतीय खेलों की खबरों के लिए वो इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते रहे। हालांकि हालिया घटनाओं ने उन्हें ये कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।
उन्होंने लिखा कि एक फुटबॉल मैच के दौरान वह सिर्फ एक स्पोर्ट्स अकाउंट देखने के लिए ऐप पर गए थे, लेकिन नोटिफिकेशन खोलने के बाद उन्हें ऐसी टिप्पणियां दिखीं, जिन्हें देखकर वह भीतर तक हिल गए। राहुल के मुताबिक, उनके बच्चों को लेकर भी आपत्तिजनक और जान से मारने वाली धमकियां दी गईं, जिसके बाद उन्होंने महसूस किया कि अब इस प्लेटफॉर्म से दूर हो जाना ही बेहतर है।
पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब एक सोशल मीडिया यूजर ने राहुल रविंद्रन से सवाल किया कि उन्होंने महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर रश्मिका मंदाना से जुड़ी फिल्म बनाई है, तो क्या वो पुरुषों पर होने वाले अत्याचारों पर भी फिल्म बनाएंगे। ये सवाल पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत से जुड़े मामले के संदर्भ में पूछा गया था।
राहुल ने जवाब देते हुए समाज में पुरुष प्रधान सोच और लैंगिक असमानता पर अपनी राय रखी। इसके बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई। देखते ही देखते ये चर्चा व्यक्तिगत हमलों में बदल गई और कई यूजर्स ने राहुल और उनके परिवार को निशाना बनाना शुरू कर दिया।
राहुल ने अपने पोस्ट में स्वीकार किया कि लगातार नफरत भरे मैसेज पढ़ने के बाद उनके अंदर भी गुस्सा भर गया था। उन्होंने कहा कि उन्हें खुद का वो रूप बिल्कुल पसंद नहीं आया, जो इन प्रतिक्रियाओं को पढ़ने के बाद सामने आया। उनका मानना है कि कोई भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म किसी इंसान की मानसिक शांति पर इतना असर नहीं डालना चाहिए।
उन्होंने भावुक अंदाज में लिखा कि शायद लोग उन्हें जरूरत से ज्यादा प्रतिक्रिया देने वाला मानें, लेकिन वह अपने परिवार और बच्चों के खिलाफ इस तरह की नफरत को स्वीकार नहीं कर सकते। इसलिए उन्होंने X ऐप अपने फोन से हटाने का फैसला किया।
राहुल रविंद्रन की पत्नी और मशहूर सिंगर चिन्मयी श्रीपदा भी इस पूरे विवाद में अपने पति के समर्थन में सामने आईं। उन्होंने राहुल की पुरानी पोस्ट साझा करते हुए उनके विचारों की सराहना की और महिलाओं से कहा कि यदि उन्हें राहुल जैसा जीवनसाथी नहीं मिलता, तो शादी करने की जल्दबाजी भी नहीं करनी चाहिए।
हालांकि चिन्मयी की इस प्रतिक्रिया के बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई। कई यूजर्स ने दोनों को निशाने पर लिया, जिससे विवाद और गहरा गया।
Published on:
30 Jun 2026 10:49 am
बड़ी खबरें
View Allमनोरंजन
ट्रेंडिंग
