
Tom Holland Spider-Man: मार्वल फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट इंडिया ने कन्फर्म किया है कि टॉम हॉलैंड की फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' भारत में 30 जुलाई 2026 को रिलीज होगी, जो पहले बताई गई तारीख से एक दिन पहले है। बता दें, IMAX, 4DX और MX4D जैसे प्रीमियम फॉर्मेट के लिए एडवांस बुकिंग 17 जून से शुरू होगी।
फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' की रिलीज डेट की घोषणा ऐसे समय में हुई है जब फिल्म का ट्रेलर सभी प्लेटफॉर्म पर 1 बिलियन व्यूज पार करने वाला पहला मूवी ट्रेलर बन गया है। दरअसल, ट्रेलर में दिखाए गए सीन्स की बात करें, तो 'स्पाइडर-मैन: नो वे होम' की घटनाओं के बाद एक अकेले, इमोशनल, कमजोर और टूटे हुए पीटर पार्कर की झलक मिलती है, जो काफी दिलचस्प कहानी की ओर इशारा कर रहा है।
इस पर मार्वल स्टूडियोज के प्रेसिडेंट केविन फीगे ने कहा कि ये MCU की पहली स्पाइडर-मैन फिल्म है जो कॉमिक्स के क्लासिक अंदाज पर बेस्ड है। हालांकि, इस बार पीटर के पास न स्टार्क टेक्नोलॉजी है न कोई बड़ा नेटवर्क बस एक छोटा-सा अपार्टमेंट, पुलिस स्कैनर है फिर भी उसे इंटरेस्टींग तरह से पेश किया गया है। बता दें, इस पर डायरेक्टर डेस्टिन डेनियल क्रेटन ने कहा कि फिल्म की मेन थीम नुकसान और दुख से निपटने की है, जिसमें एक ऐसी मुश्किल घड़ी को दिखाया जाता है, जो हर इंसान के जीवन में कभी न कभी आता है।
फिल्म में टॉम हॉलैंड पीटर पार्कर के रूप में नजर आने वाले हैं। जेंडाया MJ और जैकब बैटलन नेड के रूप में लौट रहे हैं, तो वहीं, जॉन बर्नथल 'द पनिशर' के रूप में MCU में एंट्री कर रहे हैं। 'स्ट्रेंजर थिंग्स' की सैडी सिंक भी एक रहस्यमयी रोल में हैं। इसमें सबसे खास बात ये है की फिल्म को 6 भाषाओ में रिलीज किया जाएगा, जिसमें इंग्लिश, हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में शामिल है।