
नई दिल्ली। खूबसूरती की मल्लिका लेडी डायना किसी पहचान की मोहताज नहीं है। ब्रिटेन के शाही परिवार की हिस्सा रहीं राजकुमारी डायना को इस दुनिया से गए हुए 21 साल हो चुके हैं, लेकिन आज भी वह लोगों के दिलों में बसी हुई हैं। समय-समय पर यह बात प्रमाणित हो चुकी है कि लोग अभी भी उन्हें याद करते हैं। इस बात को फिर से प्रमाणित किया कोनोर कोलिन्स नामक एक व्यक्ति ने।अब हम आपको बताते हैं कि उन्हें किस तरह से और किस वजह के चलते याद किया गया?
जैसा कि हम जानते हैं कि एचआइवी पॉजिटिव के बारे में आज भी लोगों की सोच पहले जैसी ही बनी हुई है। इस रोग से पीड़ित व्यक्ति को लोग अनदेखा करते हैं। उसके साथ भेदभाव का व्यवहार किया जाता है। ऐसा सिर्फ विकासशील समाज में ही नहीं बल्कि विकसित देशों के लोग भी करते हैं।लेडी डायना हमेशा से ही इसके खिलाफ थीं। वह एड्स के प्रति लोगों द्वारा अपनाई गई रूढ़िवादी सोच को तोड़ना चाहती थीं। इस बीमारी के बारे में वह समाज में जागरूकता फैलाना चाहती थीं।
साल 1987 में राजकुमारी डायना ने एक HIV पॉजिटिव व्यक्ति से हाथ मिलाया था। इतना ही नहीं बाद में उन्होंने उस पीड़ित व्यक्ति को एक स्पेशल मैसेज भी भेजा था।
हाल ही में इंटरनेट पर इस वजह से सनसनी फैली क्योंकि कोनोर कोलिन्स नामक एक आर्टिस्ट ने डायना के इस सोच को आगे बढ़ाने के लिए और लोगों तक उसे पहुंचाने के लिए उन्होंने एक तस्वीर बनाई।
इस तस्वीर की खासियत यह है कि, इस पोट्रैट को HIV पॉजिटिव ब्लड से बनाया गया है। साथ ही इसमें डाइमंड डस्ट का भी इस्तेमाल किया गया है। इस पोट्रैट को उन्होंने ट्वीटर पर शेयर किया जिसके बाद देखते ही देखते यह इंटरनेट पर वायरल हो गई।