
नई दिल्ली: एक लड़का, जो आठ महीने से उस दिन का ख्वाब देख रहा था जब वह शादी जैसे अटूट बंधन में बंध जाए। उस लड़के के सपने तब चकनाचूर हो गए जब उसकी नई नवेली दुल्हन ये कहकर चली गई कि उसे मॉर्डन पति चाहिए, दाढ़ी मूंछ और कुर्ता-पजामा पहनने वाला नहीं। और ये सब हुआ सुहागरात से ठीक पहले।
अब जानिए क्या है पूरा मामला ?
हरियाणा छछरौली में रहने वाले गुलफाम की शादी बीते 9 सितंबर को हुई थी। शादी के अगले दिन यानि सुहागरात को ही उसकी पत्नी उसे छोड़कर मायके अपने भाईयों के पास चली गई। उसने कहा, ''मुझे दाढ़ी मूंछ और कुर्ते पजामा पहनने वाला पसंद नहीं है। मुझे जिंस पहनने वाला मॉडर्न पति चाहिए''।
आठ महीने पहले दोनों की रजामंदी से तय हुई थी शादी
बता दें, गुलफाम की शादी आठ महीने पहले दोनों परिवारों की रजामंदी के साथ तय हुई थी। नौ सितंबर को रीति—रिवाजों के साथ निकाह हुआ। तब तक सब सही था। दुल्हन ने किसी भी तरह की आपत्ति नहीं जताई थी। सुहागरात को दुल्हन ने दूल्हे को देखा तो उसने उसके साथ रहने से साफ मना कर दिया था। उसने कहा कि पता नहीं था, ससुराल वाले पुराने ख्याल के हैं।
पति ने की समझाने की कोशिश, लेकिन वह नहीं मानी
इस मामले में गुलफाम ने कहा कि पत्नी को मॉर्डन लड़के पसंद हैं, लेकिन वह हमेशा साधारण रहता है। मैंने उसे समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह समझने के लिए तैयार नहीं थी। वहीं, दुल्हन का कहना है कि वह ऐसे माहौल में नहीं रह सकती जहां लोग पुराने ख्याल के हैं। वह पढ़ी—लिखी है और मॉडर्न लाइफस्टाइल जीती है। ऐसे में यहां रहना संभव नहीं है। दुल्हन का कहना है कि अगर उसे पहले पता होता कि वे लोग ऐसे हैं तो वह शादी ही नहीं करती।