
नई दिल्ली। एम्स भारत का एक जाना-माना अस्पताल है जहां लोग दूर-दूर से इलाज के लिए आते हैं। हाल ही में दिल्ली के एम्स अस्पताल में कुछ ऐसा हुआ जिसे सुनने के बाद आपके लिए अपने गुस्से को काबू में रखना मुश्किल होगा।
दरअसल हुआ कुछ यू कि दिल की बीमारी से पीड़ित एक बच्ची को जल्द से जल्द आॅपरेशन की जरूरत है लेकिन, एम्स अस्पताल में बच्ची के ऑपरेशन के लिए साल 2021 का समय दिया गया है। बता दें, वैष्णवी नाम की यह बच्ची महज 4 महीने की है। इसी साल 2018 के फरवरी माह में पैदा हुई वैष्णवी जन्म से ही दिल की एक गंभीर बीमारी से पीड़ित है और उसे जल्द-से-जल्द ऑपरेशन की ज़रूरत है लेकिन, एम्स ने ऑपरेशन के लिए 10 मई 2021 का समय दिया है।
जैसा कि हम जानते हैं कि, हमारे दिल में दो धमनियां यानि आर्टरीज होती हैं। ये दो धमनियां दिल के दाएं और बाएं हिस्से में पाई जाती हैं, लेकिन वैष्णवी के दिल में ये दोनों धमनियां एक ही तरफ हैं। इस वजह से दिल सही से काम नहीं कर पा रहा है। जिससे ब्लड सरक्यूलेशन में कभी भी दिक्कत आ सकती है और दिल का दौरा भी पड़ सकता है। खुद एम्स के चिकित्सकों का मानना है कि वैष्णवी का ऑपरेशन चार महीने के भीतर हो जाना चाहिए।
आपको बता दें कि वैष्णवी के पिता का नाम सनत कुमार सिंह है। सनत उत्तर प्रदेश के इलाहबाद जिले में पुलिस विभाग में काम करते हैं। इस विभाग में वह सोशल मीडिया टीम का हिस्सा हैं।
पिछले दो महीनों से सनत सोशल मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री और केंद्रीय स्वास्थ मंत्री को अपनी मजबूरी बताने का भरसक प्रयास करते आ रहे हैं, लेकिन उन्हें इसका कोई फल नहीं मिल रहा है।
कोई उनकी बातों का जवाब नहीं दे रहा है। एक लाचार पिता की तरह सनत भी अपनी मासूम बच्ची को बचाने के लिए हर संबंधित मंत्री को अपने पोस्ट में टैग कर रहे हैं, लेकिन बात नहीं बन रही है।
अन्तत: मौत की दहलीज पर खड़ी वैष्णवी को बचाने के लिए उसके पिता ने उसे अब एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने का निर्णय लिया है।