
भले ही यह आपको आम सी बात लगे लेकिन किसी भी सफल एंटरप्रेन्योर की जिंदगी में अनुशासन का बहुत महत्व होता है। आजकल हर कोई एंटरप्रेन्योर बनने का ख्वाब बुनता है लेकिन हर कोई एंटरप्रेन्योर बन नहीं पाता। एक सफल एंटरप्रन्योर बनने के लिए आपको एक एंटरप्रेन्योर की तरह व्यवहार करना भी सीखना होता है। आपको एक सफल एंटरप्रेन्योर बनने के सभी गुण खुद में लाने होते हैं। यह गुण आपका व्यवहार कुशल बनाते हैं जिनसे आप अपने कस्टमर्स, क्लाइंट्स और एम्प्लॉइज के बीच सकारात्मक छवि बना पाते हैं। यह सकारात्मक छवि आपको पहचान दिलाती है और आपके क्लाइंट्स व कस्टमर्स की संख्या भी बढ़ाती है। आपके व्यवहार से क्लाइंट्स व कस्टमर्स खुश और संतुष्ट होते हैं तो आपका बिजनेस भी आगे बढ़ता है और आप भी सफल होते जाते हैं। आइए जानते हैं कि आपको सफल एंटरप्रेन्योर बनने के लिए कैसा व्यवहार करना चाहिए -
अनुशासन है जरूरी
अगर आप खुद को एक सफल एंटरप्रेन्योर बनते हुए देखना चाहते हैं तो आपको सबसे पहले खुद के व्यवहार में अनुशासन लाना होगा। आपको जिंदगी में अनुशासन का महत्व सीखना होगा। जब तक आप अपने जीवन और काम में अनुशासन नहीं लाएंगे, तब तक आप सफल भी नहीं हो पाएंगे। अनुशासन से आप यह सुनिश्चित कर पाएंगे कि आपको महत्वपूर्ण चीजों को पहले करना है और पहली ही बार में उन्हें सही तरीके से पूरा करना है। अनुशासन आने से आपका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा और आप सफलता की ओर बढ़ेंगे। इसके साथ ही, जब स्थिति आपके हक में नहीं होगी और आप मुसीबत में होंगे, तब यही अनुशासन आपको खुद को और चीजों को कंट्रोल में रखेगा। अनुशासन आने के बाद आपका ध्यान नहीं भटकेगा और आप लक्ष्य पा सकेंगे।
अच्छे लीडर बनकर रहें
अगर आप सफल होना चाहते हैं तो आपको एक अच्छा लीडर भी बनना होगा। आपको अपने व्यवहार में एक बेहतरीन लीडर के सभी गुण लाने होंगे। आपको दूसरों की मदद करना, उनका साथ देना, उन्हें आगे बढ़ाना, जिम्मेदारी लेना आदि सीखना होगा। जब तक आप अच्छे लीडर नहीं बनेंगे, तब तक आप सफल एंटरप्रेन्योर भी नहीं बन पाएंगे। आपको खुद को ऐसा बनाना होगा कि आपके एम्प्लॉइज आपसे प्रेरणा लें और आपको अपने साथ-साथ उन्हें भी आगे बढ़ाना होगा। आपके ऐसा करने पर आपकी टीम भी हर स्थिति में आपका साथ देगी।
फीडबैक जरूर लें
एक कामयाब एंटरप्रेन्योर बनने के लिए आपको खुद की कमियों या ताकत के बारे में पता होना चाहिए। ऐसे में आपको दूसरों से फीडबैक जरूर लेना चाहिए। आपका व्यवहार ऐसा होना चाहिए कि दूसरे आपको ईमानदारी के साथ फीडबैक दे सकें। ऐसा न हो कि डर की वजह से लोग हमेशा आपकी तारीफ ही करें।
मेहनत से पीछे न हटें
जब आप मेहनती बनेंगे तो आपको सफलता प्राप्त करने से कोई नहीं रोक सकता। आपको सफल एंटरप्रेन्योर बनने के लिए मेहनत करनी ही होगी। जब आप मेहनत करेंगे तो आपकी टीम को भी प्रेरणा मिलेगी और वह भी पूरी मेहनत और लगन के साथ अपना काम करेंगे। आपकी मेहनत से ही बिजनेस बढ़ेगा।
वादों को जरूर निभाएं
ऐसा कहा जाता है कि वादे अक्सर तोडऩे के लिए ही किए जाते हैं। हालांकि, सफल एंटरप्रेन्योर ऐसा कभी नहीं करते। आप भी जब किसी से कोई वादा करें तो उसे जरूर निभाएं। जब आप अपने वादे निभाएंगे तो दूसरों को अपने इस व्यवहार से प्रभावित कर सकेंगे और कामयाबी की ओर बढ़ सकेंगे। वहीं, वादा न निभाने पर लोग आपके साथ काम करने में हिचकेंगे।