एक अधेड़ महिला ने कुछ लड़कियों पर की आपत्तिजनक टिप्पणी लड़कियों ने सबक सिखाने के लिए बनाया महिला का वीडियो वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
नई दिल्ली। दिल्ली के एक रेस्टोरेंट में एक औरत ने कुछ लड़कियों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की जिसके बाद उन लड़कियों ने महिला का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। लड़कियों ने बताया कि उस अधेड़ उम्र की महिला ने आपत्तिजनक टिप्पणी की 'ये लड़कियां छोटे-छोटे कपड़े पहन कर लोगों को अपनी ओर आकर्षित करना चाह रही हैं। ये सभी लड़कियां शॉर्ट ड्रेसेस पहनकर और नेकेड होकर अपना रेप करवाने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करती हैं।' महिला वीडियो में दिख रही इन लड़कियों पर यही कमेंट करते हुए रेस्टोरेंट से निकल आई। जिसके बाद उन्होंने महिला का पीछा किया और उससे उसके इस व्यवहार के लिए माफ़ी मांगने के लिए कहा।
लड़कियों ने उस महिला से पूछा कि एक महिला होकर दूसरी लड़कियों के ऊपर इस तरह की टिप्पणी वह कैसे कर सकती हैं। महिला के मुताबिक, ऐसे कपड़े पहन कर लड़कियां देशभर में रेप कल्चर को बढ़ावा दे रही हैं। दिल्ली की इन लड़कियों ने महिला का यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इस वीडियो को अबतक 9 हज़ार से भी ज्यादा लोग देख चुके हैं और लगभग 5 हज़ार लोगों ने उसपर कमेंट भी किया है।
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को पोस्ट करने वाली एक लड़की का कहना है कि 'मैं और मेरे दोस्त एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे वहां यह महिला भी मौजूद थी, महिला ने हमें देखकर आपत्तिनजक टिप्पणियां की और कहा कि हम शॉर्ट ड्रेस पहनती हैं तो हमारा रेप कर दिया जाना चाहिए।" इसके बाद पीड़ित लड़कियों ने उस महिला को सबक सिखाने का मन बनाया और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पोस्ट कर दिया।