सर्दियों में मुंह से निकलती है भाप खासकर बच्चे इस क्रिया से हैरान रहते हैं
नई दिल्ली: हमारा शरीर पंच तत्वों से मिलकर बना है। मौसम ( weather ) के हिसाब से हमारा शरीर भी बदलता है। जैसे गर्मी में हमारे शरीर को गर्मी, तो सर्दियों में काफी ठंड लगती है। वहीं बात अगर सर्दी की करें तो आपने कभी ये ध्यान दिया होगा कि आपके मुंह से भाप निकलती है। लेकिन क्या आपने कभी ये सोचा है कि ये भाप ( steam ) हमारे मुंह से क्यों निकलती है। चलिए हम आपको इसके पीछे का कारण बताते हैं।
सर्दी के मौसम में चाहे वो बच्चा हो या बड़ा व्यक्ति हर किसी के मुंह से भाप निकलती है। ये घटना बच्चों को काफी रोमांचित करती है। अक्सर लोगों के मन में ये सवाल भी घूमता रहता है कि आखिर सर्दी के मौसम में ही ऐसा क्यों होता है? जबकि, गर्मियों या अन्य किसी मौसम में ऐसा क्यों नहीं होता? दरअसल, सांस लेने की जब क्रिया होती है तो इस दौरान हमारे शरीर में कार्बन डाईऑक्साइड और पानी बनते हैं। वहीं हमारे फेफड़ों द्वारा इस पानी का वाष्पीकरण करके जलवाष्प के रूप में मुंह या नाक से बाहर निकल जाता है।
सर्दी के मौसम में शरीर से बाहर मतलब वायुमंडल का तापमान काफी कम होता है, जिसके चलते जब ये जलवाष्प सांस के साथ बाहर आती है तो तुरंत संघनित होकर पानी की छोटी बूंदों के बादल बन जाते हैं और धुआं सा दिखाई देने लगता है जिसे हम मुंह से भाप निकलना कहते हैं। दूसरी तरफ गर्मियों में शरीर से बाहर यानि वायुमंडल का तापमान बहुत ज्यादा होता है। इसलिए ये जलवाष्प बाहर आने पर संघनित नहीं हो पाती और वाष्पीकरण की क्रिया तेजी से होती है। इसी वजह से गर्मियों में मुंह से भाप निकलती हुई नहीं दिखाई देती।