
नई दिल्ली। आजकल चारों ओर दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की शादी की चर्चा जोरों पर है। जब से शादी की डेट का खुलासा हुआ है तब से लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं और उधर दीपिका और रणवीर शादी से संबंधित हर चीज को खास बनाने में जुटे हुए हैं।
ड्रेस से लेकर वेन्यु तक हर एक चीज को एक्सक्लूसिव बनाने की कोशिश की जा रही है। अब आप सोच रहे होंगे कि इसमें कौन सी नई बात है क्योंकि हर कोई ऐसा ही करता है और बात जहां तक सेलेब्स की होती है तो वे इसे स्पेशल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं। ऐसे में अब सवाल यह आता है कि इसमें ऐसी भी क्या बात है?
बता दें कि रणवीर और दीपिका की शादी को देखकर आपको शाहजहां और मुमताज की याद आ सकती है। जी हां, जैसे शाहजहां ने ताजमहल के निर्माण के बाद मजदूरों के हाथ काट दिए थे ताकि आने वाले समय में वे दूसरे ताजमहल का निर्माण ना कर सकें। रणवीर और दीपिका ने भी कुछ ऐसा ही किया है।
सूत्रों के मुताबिक, इस सेलेब जोड़े ने अपने केटर्स और शेफ के सामने एक खास शर्त रखी है जिसमें उनका कहना है कि इस शादी में शेफ जिस भी रेसिपी का इस्तेमाल करेंगे वे उसे जिंदगी में फिर कभी रिपीट नहीं करेंगे और तो और इसके लिए एक खास बॉन्ड साइन करवाया गया है।
केटर्स की टीम इस शर्त के चलते सोच में पड़ गए है। वे इस काम में जुट गए है कि कैसे हर एक पकवान को खास तरीके से बनाया जाए? इस अजीबोगरीब शर्त को जानकर अब आप भी हैरान होंगे।
हो सकता है कि उनकी सोच पर उनकी ही फिल्मों का असर हो क्योंकि इससे पहले रणवीर दो बार बड़े पर्दे पर राजाओं का किरदार निभा चुके हैं।
बता दें कि रणवीर और दीपिका की शादी 14-15 नवंबर को इटली में होगी और रिसेप्शन बेंगलुरु और मुंबई में होगा।सोशल मीडिया पर हर कोई उन्हें बधाई दे रहा है और हर किसी को इस शुभ मुहूर्त का इंतजार भी है।