
नई दिल्ली। कुत्ते जब घर में पले होते हैं तब तो वे बेहद प्यारे लगते हैं, लेकिन जब यही कुत्ते आदमखोर (street dogs) बन जाते हैं तो लोगों के लिए ये खतरनाक बन जाते हैं। ऐसा ही एक मामला झारखंड के रामगढ़ (Ramgarh) में देखने को मिला। यहां कुछ कुत्ते ही एक शख्स के लिए काल बन गए। उन्होंने जिंदा इंसान पर धावा बोल दिया और नोंच-नोंच कर उसके मांस को खा गए।
घटना रामगढ़ में पुलिस लाइन से महज 50 मीटर की दूरी की है। यहां आदमखोर कुत्ते ने पुलिस मेस में काम करने वाले रसोइए (cook) को अपना निशाना बनाया। रसोइए को कुत्ते ने काटकर मार डाला, इसके बाद उसके शव को खाने लगा। रसोइए का क्षत-विछत शव कई घंटों तक उसी जगह पड़ा रहा। रसोइए की मौत को लेकर एक जवान ने बताया कि रात को खाना खाने के बाद वो सो गया था लेकिन जब सुबह 4 बजे उठा और चाय पीने के लिए बाहर निकला तो लोगों ने बताया कि किसी शख्स को कुत्ते ने काट लिया है। घटना स्थल पर जाकर देखने पर पता चला कि वह पुलिस मेस में खाना बनाने वाला रसोइया है।
कुत्ते के हमले से रसोइये की मौत हो चुकी थी। हादसा इतना दर्दनाक था कि इसे देख लोगों की रूह कांप उठी। मृतक का नाम संतोष उमरांव है। उसके शरीर पर कई जगह कुत्ते के काटने से गहरे जख्म हो गए थे। इतना ही नहीं कुत्ते ने शव के मांस को भी नोंचकर खाया। सेना के एक अधिकारी ने रसोइये के बारे में बताया कि शख्स सुबह दामोदर नदी के किनारे शौच के लिए गया था। तभी ठंड लगने की वजह से वह वहीं गिर गया। चूंकि वो नशे में भी धुत रहता था इसलिए कुत्ते के पास आने पर वो कुछ समझ नहीं पाया। ऐसे में आदमखोर कुत्तों ने उसे अपना शिकार बना लिया।