हुबली

योग, ध्यान और वैदिक मंत्रों से गूंजा निशुल्क शिविर, लोगों ने उत्साह से लिया भाग

राजस्थान पत्रिका हुब्बल्ली एवं पतंजलि योग समिति कर्नाटक के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार सुबह केशवापुर स्थित आजाद कॉलोनी में जैन मंदिर के सामने बाफना भवन स्थित पतंजलि राज्य कार्यालय में आयोजित निशुल्क योग-ध्यान शिविर उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। शिविर में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने भाग लेकर योग, ध्यान और प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। अतिथियों का स्वागत शाल ओढ़ाकर एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी नरेश शाह ने हनुमान चालीसा का पाठ किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया। शिविर के दौरान ओम की ध्वनि के साथ ओमकार ध्यान कराया गया। साथ ही गायत्री मंत्र एवं शांति पाठ भी करवाया गया तथा उनके अर्थ सहित विस्तृत व्याख्या प्रतिभागियों को समझाई गई।

2 min read
योग-ध्यान शिविर में शामिल लोग।

प्राणायाम के साथ सूक्ष्म व्यायाम भी करवाए
पूरे योग सत्र का संचालन पतंजलि योग समिति के कर्नाटक राज्याध्यक्ष एवं शिविर प्रभारी भंवरलाल आर्य के निर्देशन में हुआ। उन्होंने प्रतिभागियों को प्राणायाम के साथ सूक्ष्म व्यायाम भी करवाए तथा योग की विभिन्न विधियों का प्रैक्टिकल रूप में अभ्यास कराया। आर्य ने बताया कि नियमित योग और ध्यान से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन अनुशासित बनता है। उन्होंने विभिन्न योगासन और प्राणायाम के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी दी। राजस्थान पत्रिका हुब्बल्ली के संपादकीय प्रभारी अशोक सिंह राजपुरोहित ने राजस्थान पत्रिका के सामाजिक सरोकारों और जनजागरण अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजस्थान पत्रिका समाज में सकारात्मक बदलाव और जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार कार्य करता रहा है। इस अवसर पर राजस्थान पत्रिका के प्रधान संपादक गुलाब कोठारी द्वारा लिखित मानस पुस्तकों की प्रतियां भंवरलाल आर्य एवं नरेश शाह को भेंट की गईं।

नियमित योग अपनाने का आह्वान
इस मौके पर योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर पाठ्यक्रम पुस्तक के हिंदी से कन्नड़ अनुवादित संस्करण का विमोचन नरेश शाह ने किया। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे अधिक लोगों तक योग की जानकारी स्थानीय लोगों तक पहुंच सकेगी। कार्यक्रम में नरेश शाह, महेन्द्र सिंघी, गौतम भूरट, बाबूलाल सीरवी, अनील चौधरी, पुखराज दर्जी एवं नरेश परिहार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने योग को स्वस्थ जीवन की आवश्यकता बताते हुए लोगों से नियमित योग अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पतंजलि महिला योग समिति हुब्बल्ली की जिला प्रभारी पूर्णिमा हरवी, पतंजलि योग समिति हुब्बल्ली के जिला प्रभारी वामन शान बाग, युवा भारत के राज्य प्रभारी किरण कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता सुनील चौधरी, केवलराम पटेल, मगराज भलगट, भूपेन्द्र सिंघवी, सुभाष डंक, रावतसिंह राजपुरोहित समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

महिलाओं के लिए योग सत्र
भंवरलाल आर्य ने बताया कि लोगों में योग को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। बड़ी संख्या में लोगों ने पंजीकरण करवाने के साथ योग सत्रों और स्वास्थ्य लाभ से जुड़ी जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने यह भी घोषणा की कि महिलाओं के लिए प्रतिदिन शाम 5 से 6 बजे तक इसी जगह पर विशेष योग कक्षाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि महिलाएं भी नियमित रूप से योग अभ्यास से जुड़ सकें।

Updated on:
14 May 2026 02:57 pm
Published on:
14 May 2026 02:56 pm
Also Read
View All