हुबली

गुरु पूर्णिमा पर खिल उठीं मासूम मुस्कानें, मूक-बधिर बच्चों के बीच पहुंची खुशियों की सौगात

गुरु पूर्णिमा केवल गुरु के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का पर्व नहीं, बल्कि समाज के उन लोगों तक सम्मान, स्नेह और अपनत्व पहुंचाने का भी अवसर है, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता होती है। इसी भावना को साकार करते हुए राजस्थान पत्रिका, हुब्बल्ली संस्करण की ओर से श्री विवेकानन्द मूक-बधिर एवं दिव्यांग एसोसिएशन हुब्बल्ली में गुरु पूर्णिमा का पर्व आत्मीय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों के साथ उत्सव की खुशियां साझा की गईं तथा उन्हें शिक्षा, संस्कार और आत्मविश्वास का संदेश दिया गया। इस अवसर पर संस्थान में रह रहे सभी मूक-बधिर एवं दिव्यांग विद्यार्थियों को दूदाराम चौधरी थोब परिवार की ओर से स्टेशनरी सामग्री, मिष्ठान और दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं वितरित की गईं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान ने पूरे वातावरण को भावुक और आनंदमय बना दिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को गुरु पूर्णिमा का महत्व बताते हुए गुरु-शिष्य परंपरा के आदर्शों से परिचित कराया गया।
2 min read
तस्वीर सिर्फ एक समारोह की नहीं, बल्कि उन मुस्कानों की है जिन्हें गुरु पूर्णिमा पर मिला सम्मान, स्नेह और अपनापन।
तस्वीर सिर्फ एक समारोह की नहीं, बल्कि उन मुस्कानों की है जिन्हें गुरु पूर्णिमा पर मिला सम्मान, स्नेह और अपनापन।

बच्चों को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और निरंतर सीखते रहने की प्रेरणा
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आंजणा पटेल समाज सेवा संघ, हुब्बल्ली-धारवाड़ के पूर्व अध्यक्ष एवं समाजसेवी दूदाराम चौधरी थोब ने कहा कि जीवन में गुरु का स्थान सर्वोच्च होता है। गुरु केवल ज्ञान नहीं देते, बल्कि व्यक्ति के व्यक्तित्व का निर्माण भी करते हैं। उन्होंने बच्चों को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और निरंतर सीखते रहने की प्रेरणा देते हुए कहा कि दिव्यांगता कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती, यदि मन में दृढ़ इच्छाशक्ति हो। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना से हुई।

उत्कृष्ट प्रस्तुति वाले विद्यार्थियों को विशेष उपहार
कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरणादायी क्षण तब आया, जब मूक-बधिर विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। छात्र प्रवीण, एल्लप्पा, राजू और समर्थ ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं, वहीं राजप्पा, बसप्पा, मनोज, सरनप्पा, बसवराज और मणिकंठन ने सामाजिक संदेश पर आधारित स्कीट प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले सभी विद्यार्थियों को विशेष उपहार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में विकास चौधरी, रोहित चौधरी, ममता चौधरी, कविता चौधरी, भूमिका चौधरी, रूशिका चौधरी सहित अन्य उपस्थित रहे।

चौधरी परिवार ने बच्चों को वितरित की स्टेशनरी सामग्री एवं मिष्ठान
संस्थान के संस्थापक एवं प्रबंध न्यासी रोबर्ट राफेल ने सांकेतिक भाषा (साइन लैंग्वेज) की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मूक-बधिर बच्चे अपनी सीमाओं को पीछे छोड़ते हुए शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि संस्थान के कई विद्यार्थी आईटीआई में फीटर ट्रेड का प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ा चुके हैं। उन्होंने समाज से ऐसे बच्चों को मुख्यधारा से जोडऩे में सहयोग देने की अपील भी की। इस अवसर पर रोबर्ट राफेल तथा संस्थान की वार्डन मंजूला का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।

राजस्थान पत्रिका के सामाजिक सरोकारों की जानकारी
प्रारम्भ में राजस्थान पत्रिका, हुब्बल्ली के संपादकीय प्रभारी अशोक सिंह राजपुरोहित ने राजस्थान पत्रिका के सामाजिक सरोकारों की जानकारी देते हुए कहा कि पत्रिका समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य केवल सामग्री वितरित करना नहीं, बल्कि बच्चों को यह विश्वास दिलाना है कि समाज उनके साथ खड़ा है और उनकी प्रतिभा का सम्मान करता है।

Updated on:
29 Jul 2026 09:01 pm
Published on:
29 Jul 2026 09:01 pm
Also Read
View All
रेलवे स्टेशन पर खोई मुस्कान फिर लौटी: बिछड़े बचपन को मिला अपनों का आंगन, ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते ने चार वर्षों में 331 बच्चों को दी नई जिंदगी

एक भारत श्रेष्ठ भारत की झलक बनीं विद्यार्थियों की आकर्षक प्रस्तुतियां, प्राचार्य बोले- केंद्रीय विद्यालय में बसता है लघु भारत

भाजपा ने वार्ड-67 के पार्षद को सौंपी जिम्मेदारी, शिवानंद मेनसिंकाई बने हुब्बल्ली-धारवाड़ नगर निगम में सदन के नेता

आत्म जागरण से राष्ट्र जागरण का संदेश लेकर कन्याकुमारी से कश्मीर स्वर्वेद संदेश यात्रा का प्रथम चरण शुरू, 24 जुलाई को धारवाड़ पहुंचेगी यात्रा

सोमनाथ से मां कामाख्या तक निकलेगी गौ राष्ट्र यात्रा, 20 हजार किमी में गूंजेगा गौ सेवा और ग्राम विकास का संदेश