हुबली

उम्र बढ़ना अनिवार्य, बूढ़ा महसूस करना आपकी इच्छा पर निर्भर

जीवन की लंबी यात्रा में वृद्धावस्था कोई अंतिम अध्याय नहीं, बल्कि अनुभवों की समृद्धि को महसूस करने और जीवन के हर पल का आनंद लेने का स्वर्णिम चरण है। उम्र बढ़ना प्रकृति का स्वाभाविक नियम है, लेकिन मन से युवा रहना, उत्साह बनाए रखना और जीवन को सकारात्मक दृष्टि से जीना काफी हद तक हमारे हाथ में है। इसलिए बुढ़ापे को कमजोरी या सीमाओं के दौर के रूप में देखने के बजाय इसे जीवन के नए अवसरों के रूप में स्वीकार करना चाहिए। वरिष्ठ अवस्था में सक्रिय, आनंदमय और स्वस्थ जीवन के लिए कुछ बातों को अपनी दिनचर्या और सोच का हिस्सा बनाया जा सकता है।
2 min read
गेस्ट राइटर | डॉ. जितेंद्र मजेठिया, सामाजिक कार्यकर्ता
गेस्ट राइटर | डॉ. जितेंद्र मजेठिया, सामाजिक कार्यकर्ता

परिवार के साथ रिश्तों में मिठास

उम्र बढ़ने के साथ परिवार का साथ हमारी सबसे बड़ी ताकत बन जाता है। परिवार के युवा सदस्यों के विचारों का सम्मान करें और उन पर अपनी राय थोपने से बचें। अपने जीवन के अनुभवों को उपदेश के रूप में नहीं, बल्कि प्रेम और सहजता के साथ साझा करें। पोते-पोतियों के साथ खेलते समय स्वयं भी बच्चा बन जाना मन को नई ऊर्जा और खुशी देता है। परिवार के साथ बिताया गया समय भावनात्मक स्वास्थ्य के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है।

समाज से जुड़े रहना

वृद्धावस्था का अर्थ स्वयं को चारदीवारी में सीमित कर लेना नहीं है। स्थानीय संगठनों, वरिष्ठ नागरिक मंचों तथा सामाजिक या धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी जीवन में नई ऊर्जा भर सकती है। अपने अनुभव और ज्ञान का उपयोग समाज के हित में किया जा सकता है। वंचित बच्चों को पढ़ाना, युवाओं का मार्गदर्शन करना या किसी सामाजिक कार्य में सहयोग देना आत्मसंतोष का माध्यम बन सकता है।पड़ोसियों के साथ मधुर संबंध बनाए रखना और उनके सुख-दुख में सहभागी बनना भी जीवन को सार्थक बनाता है।

प्रकृति के करीब रहना

मानसिक तनाव और एकाकीपन से दूर रहने में प्रकृति की महत्वपूर्ण भूमिका है। सुबह या शाम पार्क में टहलना, खुली हवा में कुछ समय बिताना और प्रकृति को करीब से महसूस करना मन को सुकून दे सकता है। घर या बालकनी में छोटा-सा बगीचा बनाया जा सकता है। पौधों को पानी देना, नए पत्तों को निकलते देखना और फूलों को खिलते हुए निहारना मन में सकारात्मकता पैदा करता है। पक्षियों की चहचहाहट सुनना तथा सूर्योदय और सूर्यास्त का आनंद लेना भी जीवन में शांति और संतोष भर सकता है।

स्वास्थ्य को दें प्राथमिकता

वरिष्ठ अवस्था में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। चिकित्सकीय सलाह के अनुसार हल्का व्यायाम, योग और प्राणायाम दिनचर्या का हिस्सा बनाया जा सकता है। उम्र और स्वास्थ्य की स्थिति के अनुरूप पौष्टिक एवं सुपाच्य भोजन लेना चाहिए तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवानी चाहिए। मानसिक सक्रियता भी उतनी ही जरूरी है। पुस्तकें पढ़ना, संगीत सुनना, पहेलियां हल करना या सुडोकू जैसी गतिविधियों में समय देना मस्तिष्क को सक्रिय रखने में सहायक हो सकता है। इसके साथ ही अपनी रुचि के नए शौक विकसित करना जीवन में उत्साह बनाए रखता है।

हर दिन को नए उत्साह से जिएं

वृद्धावस्था केवल आराम करने का समय नहीं, बल्कि जीवन के अनुभवों को नए उत्साह के साथ जीने का अवसर है। जब हम ‘मैं बूढ़ा हो गया हूं’ जैसे हतोत्साहित करने वाले विचारों को पीछे छोड़कर हर दिन को सकारात्मकता के साथ स्वीकार करते हैं, तब उम्र केवल एक संख्या रह जाती है। जीवन के इस पड़ाव को भी मुस्कान, सक्रियता, रिश्तों और नए अनुभवों से भरकर एक सुंदर कविता की तरह जिया जा सकता है।

Updated on:
30 Sept 2026 10:05 pm
Published on:
30 Sept 2026 08:42 pm