हुबली

हिंदू महिलाओं की आत्मरक्षा के लिए हुब्बल्ली में त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम 14 जून को

श्री राम सेना-कर्नाटक एवं दुर्गा सेना की ओर से हिंदू महिलाओं की आत्मरक्षा, महिला सुरक्षा, हिंदू संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण तथा हिंदू राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से 14 जून को त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पांच महिलाओं, हाईस्कूल एवं कॉलेज छात्राओं तथा विभिन्न महिला संगठनों की प्रतिनिधियों को त्रिशूल दीक्षा प्रदान की जाएगी।

less than 1 minute read
त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम की जानकारी देते हुए श्री राम सेना, दुर्गा सेना एवं महिला संगठन की पदाधिकारी।
त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम की जानकारी देते हुए श्री राम सेना, दुर्गा सेना एवं महिला संगठन की पदाधिकारी।

सामाजिक जागरूकता का संदेश
यह कार्यक्रम इस दिन सुबह 10.30 बजे आर.एन. शेट्टी कल्याण मंडप, ग्लास हाउस के निकट, हुब्बल्ली में आयोजित होगा। आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम के दौरान महिला समूहों को त्रिशूल वितरित किए जाएंगे तथा महिलाओं में आत्मरक्षा और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। आयोजन के अवसर पर संचालित किए जा रहे लव जिहाद हेल्पलाइन के द्वितीय वर्ष के उपलक्ष्य में भी विशेष कार्यक्रम रखे गए हैं।

संत-महात्माओं का मार्गदर्शन
इस संबंध में बुधवार को हुब्बल्ली प्रेस क्लब में श्री राम सेना और दुर्गा सेना की ओर से पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में श्री राम सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद मुतालिक, हिमाचल प्रदेश की सनातन धर्म प्रवक्ता मीनाक्षी सेहरावत तथा हिंदू जनजागृति समिति की रणरागिणी महिला विंग की राज्य सह-संयोजक भावना गौड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम संत-महात्माओं एवं विभिन्न गणमान्य नागरिकों के मार्गदर्शन में आयोजित किया जाएगा।

स्वयंसेवकों की भागीदारी
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में हुब्बल्ली-धारवाड़ सहित उत्तर कर्नाटक के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रहेगी। महिलाओं को सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरूक करने, संगठनात्मक एकता को मजबूत करने तथा आत्मविश्वास के साथ समाज में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न महिला संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों की भी भागीदारी रहेगी।

महिलाओं और छात्राओं से भाग लेने की अपील
पत्रकार वार्ता में एसएसके समाज महिला इकाई की प्रदेश अध्यक्ष एवं दुर्गा सेना जिला अध्यक्ष पूर्णिमा काडम्मनवर, हिंदू महिला नेत्री यशोदा तांबे, दुर्गा सेना की प्रमुख रोहिणी बन्नूर, एसएसके समाज की महिला नेत्री नीता मेत्रानी, बसवराज दुर्गद तथा मंजू काटकर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अधिकाधिक महिलाओं और छात्राओं से भाग लेने की अपील की।

Published on:
10 Jun 2026 03:57 pm
Also Read
View All
अंतरिक्ष सुरक्षा के क्षेत्र में चमकी नंदिनी राजपुरोहित, ऑस्ट्रेलिया में संभाली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

परदेश में परचम: कर्नाटक की धरती पर पांच दशक से अधिक समय से समाजसेवा और नि:शुल्क आयुर्वेद सेवा का अलख जगा रहे हैं 82 वर्षीय घीसूलाल कटारिया

प्रेम ही जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है, परिवार में प्रेम और समर्पण रहेगा तो अशांति दूर रहेगी

कर्नाटक के इंजीनियरिंग कॉलेजों में इस वर्ष 1.59 लाख सीटें उपलब्ध, प्रवेश के अवसर बढ़े, कंप्यूटर साइंस और उभरती तकनीकी शाखाओं में सर्वाधिक सीटें

रामलिंगा रेड्डी ने मंत्री पद से दिया इस्तीफा, DK शिवकुमार को लगा झटका