हैदराबाद

‘Rent a Boyfriend’ के नाम पर साइबर ठगी का जाल, हैदराबाद पुलिस ने युवतियों को ब्लैकमेल और उगाही से किया सावधान

Hyderabad Rent A Boyfriend Scam: हैदराबाद पुलिस ने 'रेंट ए बॉयफ्रेंड' विज्ञापनों को लेकर जारी किया अलर्ट। साइबर ठगों द्वारा युवतियों को धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का शिकार बनाने की साजिश का खुलासा।
2 min read
Aug 08, 2026
Hyderabad Rent A Boyfriend Scam
हैदराबाद पुलिस ने युवतियों को ब्लैकमेल और उगाही से किया सावधान, फोटो सोर्स- AI

Cyber Fraud Rent Boyfriend Offers: सोशल मीडिया पर 'रेंट ए बॉयफ्रेंड' (बॉयफ्रेंड किराए पर लें) के नाम से चल रहे विज्ञापनों को लेकर हैदराबाद पुलिस ने देश भर की युवा महिलाओं को सतर्क किया है। शनिवार को हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर वी. सी. सज्जनार ने एक्स (X) पर एक आधिकारिक चेतावनी जारी करते हुए बताया कि ये आकर्षक ऑफर्स वास्तव में साइबर अपराधियों द्वारा बुना गया एक खतरनाक जाल हैं, जिसका मकसद महिलाओं को ठगना और ब्लैकमेल करना है।

गोपनीयता के नाम पर निजी तस्वीरों से ब्लैकमेलिंग

पुलिस कमिश्नर के अनुसार, ये गिरोह 'गोपनीय और पेशेवर साथी' देने का दावा करके युवतियों को आकर्षित करते हैं। एक बार जब कोई महिला इनके संपर्क में आती है, तो ये ठग उनकी निजी जानकारी और निजी तस्वीरें हासिल कर लेते हैं। इसके बाद इन तस्वीरों और जानकारियों का इस्तेमाल पीड़ितों से पैसे ऐंठने और उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए किया जाता है।

सोशल मीडिया पर बढ़ते साइबर फ्रॉड

मेट्रो शहरों में ऑनलाइन डेटिंग कल्चर और सोशल मीडिया की गुमनामी का फायदा उठाकर साइबर अपराध के मामलों में तेजी से उछाल आया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधी शिकार को फंसाने के लिए फर्जी प्रोफाइल, एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप्स और नकली समीक्षाओं (Reviews) का सहारा लेते हैं।

साइबर ठगी से बचने के लिए पुलिस की सलाह

पुलिस ने युवतियों को सलाह दी है कि वे किसी अनजान व्यक्ति, संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट या वेबसाइट के साथ अपनी निजी जानकारी साझा न करें। अपनी निजी तस्वीरें, पहचान से जुड़े दस्तावेज, बैंक डिटेल, OTP या अन्य वित्तीय जानकारी किसी के साथ भी शेयर करने से बचें। पुलिस ने यह भी कहा है कि सोशल मीडिया या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर मिलने वाली 'पे-फॉर-कंपैनियनशिप' जैसी सेवाओं पर बिना जांच-पड़ताल के भरोसा न करें और ऐसे लोगों को पैसे भेजने से बचें। अगर कोई व्यक्ति ऑनलाइन दोस्ती या मुलाकात के नाम पर पैसे मांगता है, धमकी देता है या निजी तस्वीरों का इस्तेमाल कर ब्लैकमेल करता है, तो डरने के बजाय तुरंत इसकी शिकायत करें। साइबर फ्रॉड होने पर पीड़ित साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सकते हैं या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल के जरिए ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

Updated on:
08 Aug 2026 05:51 pm
Published on:
08 Aug 2026 05:51 pm