
Telangana Congress job promises: भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामा राव (KTR) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और तेलंगाना की मौजूदा कांग्रेस सरकार पर चौतरफा हमला बोला है। हैदराबाद के सरूरनगर स्टेडियम में आयोजित एक विशाल 'युवा जनसंग्राम सदस्यु' को संबोधित करते हुए केटीआर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चुनावी वादे पूरे न करके राज्य के युवाओं की आकांक्षाओं के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात किया है।
इसके साथ ही भाषण के दौरान केटीआर ने सीधे राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया और उनके चर्चित नारे पर पलटवार किया।
मंच से बोलते हुए केटीआर ने राहुल गांधी पर तंज कसा और कहा कि चूंकि राहुल गांधी को स्थानीय भाषा समझ नहीं आती, इसलिए वह उन्हें उस भाषा में जवाब दे रहे हैं जिसे वह समझते हैं। केटीआर ने कहा कि 'चूंकि आप तेलुगु नहीं जानते, इसलिए आप तेलंगाना के युवाओं के दर्द और उनकी पीड़ा को नहीं समझ पा रहे हैं। इसलिए आज मैं आपसे उस भाषा (हिंदी) में बात कर रहा हूं जिसे आप अच्छी तरह समझते हैं।'
राहुल गांधी के चुनावी नारे 'मोहब्बत की दुकान' पर तीखा हमला बोलते हुए बीआरएस नेता ने कहा, 'राहुल जी, आपने चुनाव के समय 'मोहब्बत की दुकान' खोलने की बात कही थी, लेकिन आज तेलंगाना के बेरोजगार युवाओं के लिए आपकी यह सरकार 'गद्दारी का घर' बन चुकी है।' केटीआर ने राहुल गांधी को विधानसभा चुनाव से पहले अशोक नगर के एक टी-स्टॉल पर युवाओं से किए वादों की याद दिलाई।
KTR ने कांग्रेस सरकार से सवाल किया कि चुनाव के दौरान किए गए बड़े वादों का क्या हुआ। उन्होंने पूछा कि 2 लाख सरकारी नौकरियां, समयबद्ध जॉब कैलेंडर, बेरोजगार युवाओं को हर महीने 4,000 बेरोजगारी भत्ता, कॉलेज जाने वाली छात्राओं और महिलाओं को स्कूटर, तथा युवाओं को बिजनेस शुरू करने के लिए 10 लाख का ब्याज मुक्त ऋण देने जैसे वादे अब तक क्यों पूरे नहीं किए गए।