
Telangana fee reimbursement: तेलंगाना BJP अध्यक्ष रामचंदर राव ने शनिवार को राज्य सरकार से छात्रों की लंबित फीस प्रतिपूर्ति राशि का तत्काल भुगतान करने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि छात्रों को दी जाने वाली फीस प्रतिपूर्ति का कुल बकाया अब करीब 15 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। राव ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द बकाया राशि का भुगतान नहीं किया तो BJP अपना आंदोलन और तेज करेगी।
रामचंदर राव ने कहा कि फीस प्रतिपूर्ति के मुद्दे पर BJP के चल रहे आंदोलन को लेकर तेलंगाना सरकार ने प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने सवाल उठाया था कि BJP अब इस मुद्दे को क्यों उठा रही है और पिछली BRS सरकार के दौरान इस पर आंदोलन क्यों नहीं किया गया। इस पर जवाब देते हुए राव ने कहा कि BJP ने BRS सरकार के कार्यकाल में भी फीस प्रतिपूर्ति के बकाये का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल के अंतिम दो वर्षों में ही 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक की फीस प्रतिपूर्ति राशि बकाया हो गई थी और BJP लगातार इसके भुगतान की मांग कर रही थी।
तेलंगाना BJP प्रमुख ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद फीस प्रतिपूर्ति का बकाया और बढ़ गया। उनके मुताबिक, कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में करीब 10 हजार करोड़ रुपये और बकाया हो गए हैं। इस तरह छात्रों की फीस प्रतिपूर्ति का कुल लंबित भुगतान करीब 15 हजार करोड़ रुपये हो गया है।
रामचंदर राव ने कहा कि हम कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को याद दिला रहे हैं कि BRS सरकार के समय भी BJP ने फीस प्रतिपूर्ति की मांग की थी। उनके शासन के आखिरी दो वर्षों में 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक बकाया था। अब इस सरकार के आने के बाद 10 हजार करोड़ रुपये और बकाया हैं। कुल मिलाकर छात्रों को 15 हजार करोड़ रुपये दिए जाने हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार BJP के आंदोलन का जवाब देने के बजाय पार्टी पर ही सवाल उठा रही है। राव ने कहा कि सरकार को BJP को दोष देने के बजाय छात्रों की बकाया फीस प्रतिपूर्ति का भुगतान सुनिश्चित करने का भरोसा देना चाहिए।
BJP प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस सरकार से छात्रों के बकाये का तत्काल भुगतान करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर सरकार ने इस मामले में जल्द कदम नहीं उठाया तो BJP अपने आंदोलन को और तेज करेगी। राव ने कहा कि 'हम मांग कर रहे हैं कि यह सरकार छात्रों का बकाया तुरंत चुकाए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो BJP आंदोलन तेज करेगी।'
इससे पहले गुरुवार को रामचंदर राव ने तेलंगाना विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर भी कांग्रेस और BRS पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि सत्तारूढ़ कांग्रेस और मुख्य विपक्षी BRS एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप में उलझे हुए हैं और महत्वपूर्ण सार्वजनिक मुद्दों पर सदन में चर्चा नहीं होने दे रहे हैं।
राव ने कहा था कि विधानसभा का मानसून सत्र बिना महत्वपूर्ण कामकाज के चल रहा है, क्योंकि कांग्रेस और BRS सदन के अंदर और बाहर एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि फीस प्रतिपूर्ति समेत महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा नहीं हो पा रही है। BJP नेता ने आरोप लगाया कि दोनों दल जानबूझकर फीस प्रतिपूर्ति के मुद्दे पर चर्चा से बच रहे हैं, जिससे जनता का पैसा और विधानसभा का समय बर्बाद हो रहा है। उन्होंने कहा कि BRS को डर है कि विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने से उसके 10 साल के शासन की स्थिति सामने आ जाएगी, जबकि कांग्रेस को डर है कि उसके कथित भ्रष्टाचार की जांच और चर्चा हो सकती है।