हैदराबाद तेलंगाना

तेलंगाना: जहर खाने के बाद युवक की मौत, वीडियो में पुलिस पर टॉर्चर का आरोप

Veeresh Viral Video: तेलंगाना के जोगुलंबा गडवाल में जहर खाने के बाद वीरश की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत से पहले बनाए गए वीडियो में उसने पुलिस पर टॉर्चर का आरोप लगाया था। पुलिस ने मारपीट से इनकार करते हुए मामले की जांच की बात कही है।
2 min read
Telangana Police Torture Allegations
जहर खाने के बाद युवक की मौत, फोटो सोर्स-ANI

Police Custody Torture: तेलंगाना के जोगुलम्बा गडवाल जिले में कथित तौर पर जहर खाने के बाद इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान वीरश के रूप में हुई है। मौत से पहले बनाए गए एक वीडियो में उसने पुलिसकर्मियों पर थाने में प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया। वहीं, पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि मामले की जांच की जाएगी।

पड़ोसी की गाड़ी में तोड़फोड़ का था आरोप

वहीं, इस मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि वीरश पर शराब के नशे में अपने पड़ोसी की गाड़ी को नुकसान पहुंचाने का आरोप था। वाहन मालिक की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज किया और पूछताछ के लिए थाने बुलाया था।

वीडियो में SI और कांस्टेबल पर लगाए आरोप

बता दें कि मौत से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में वीरश ने आरोप लगाया कि थाने में एक सब-इंस्पेक्टर (SI) और एक कांस्टेबल ने उसके साथ मारपीट की। वीडियो में उसने कहा कि उसने अपनी गलती के लिए माफी मांगी थी और गाड़ी की मरम्मत कराने का आश्वासन भी दिया था।

वीरश के मुताबिक, उसकी मां ने भी वाहन की मरम्मत के लिए पैसे देने की बात कही थी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने उसकी बात नहीं सुनी। उसने दावा किया कि उसे एक दिन तक थाने में रखा गया और उसके साथ मारपीट की गई। वीडियो में उसने कहा कि इस घटना से दुखी होकर उसने यह कदम उठाया।

पुलिस ने आरोपों से किया इनकार

पुलिस ने वीरश के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसने उसके साथ मारपीट नहीं की। पुलिस के अनुसार, थाने में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और घटना से जुड़े फुटेज उपलब्ध हैं। पुलिस ने यह भी कहा कि वीरश ने उसके खिलाफ दर्ज FIR रद्द करने की मांग की थी। पुलिस के मुताबिक, वीरश ने 10 अक्टूबर को कथित तौर पर जहर खा लिया था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत अब मिली है और मामले की जांच की जाएगी। फिलहाल, पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Updated on:
16 Oct 2026 03:07 pm
Published on:
16 Oct 2026 03:07 pm