दलिया वैसे ही बहुत पौष्टिक और लाइट व्यंजन है। रात के समय यह न केवल खाने में हल्का रहता है, बल्कि यह पाचन भी दुरुस्त रखता है।
दलिया वैसे ही बहुत पौष्टिक और लाइट व्यंजन है। रात के समय यह न केवल खाने में हल्का रहता है, बल्कि यह पाचन भी दुरुस्त रखता है। अगर आप प्लेन दलिया खाना पसंद नहीं करते तो इसमें कुछ सब्जियां डाल कर दलिया पुलाव बना सकते हैं। सब्जियां डालने से इसका स्वाद और न्यूट्रीशन दोनों ही बढ़ जाता है। यहां पढ़ें दलिया पुलाव की रेसिपी -
सामग्री -
दलिया - 1 कप
फूल गोभी - 1/2 कप (बारीक कटी हुई)
गाजर - 1 (पतली-पतली कटी हुई)
शिमला मिर्च - 1 (छोटी छोटी कटी)
टमाटर - 2
हरी मटर के दाने- 1/2 कप
घी/ तेल - 2 टेबल स्पून
नमक- 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
जीरा - 1/2 छोटी चम्मच
हींग - 1 पिंच
हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)
अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ा (छोटा-छोटा काटा हुआ)
हरा धनिया - 1 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
विधि -
दलिया भूनिए
पैन में आधा-पौना छोटी चम्मच घी डालकर गरम कीजिए। घी के पिघलते ही, इसमें दलिया डाल दीजिए और दलिया को लगातार चलाते हुए हल्का ब्राउन होने तक मध्यम आंच पर भून लीजिए।
सादा दलिया बनाइए
कुकर में दलिया और 3 कप पानी डाल दीजिए और दलिया को 1 सीटी आने तक पकने दीजिए। इसी बीच, टमाटर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिए।
1 सीटी आने के बाद, गैस बंद कर दीजिए और कुकर का प्रैशर अपने आप खत्म होने दीजिए। प्रैशर खत्म होने के बाद, कुकर खोलकर दलिया को एक बड़े प्याले में निकाल लीजिए और दलिया को ठंडा होने दीजिए।
मसाले और सब्जियां भूनिए
कड़ाही गैस पर रखकर गरम कीजिए और इसमें बचा हुआ घी डाल दीजिए। घी गरम होने पर जीरा और हींग डाल दीजिए। जीरा के चटखने के बाद मटर, हरी मिर्च और अदरक डालकर 1 मिनिट तक भून लीजिए। फिर, गाजर डालकर 1 मिनिट भून लीजिए और इसके बाद, फूलगोभी डालकर भी 1 मिनिट और शिमला मिर्च डालकर भी 1 मिनिट और भून लीजिए। बाद में, टमाटर, हरा धनिया और नमक डाल दीजिए। सारी सामग्रियों को मिक्स करके 2 मिनिट पका लीजिए।
दलिया मिक्स कीजिए
सब्जियों के क्रन्ची होने के बाद, कड़ाही में दलिया डाल दीजिए और दलिया को अच्छे से चलाते हुए सब्जियों में मिक्स कीजिए। दलिया पुलाव तैयार है, इसे एक प्याले में निकाल लीजिए। स्वादिष्ट और पौष्टिक दलिया पुलाव को चटनी या दही के साथ सर्व कीजिए और सेहत बढ़ाइए।
अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।